विज्ञापन
This Article is From Aug 16, 2011

आंतरिक स्थिति से निपटने में भारत सक्षम : यूएस

वाशिंगटन: शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को लेकर पिछले दिनों अमेरिकी विदेश विभाग की टिप्पणी पर भारत की ओर से सख्त ऐतराज जताने के बाद अमेरिका ने कहा है कि भारत लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखते हुए आंतरिक स्थिति से निपटने में पूरी तरह सक्षम है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता विक्टोरिया नूलैंड ने संवाददाताओं से कहा, भारत एक मजबूत और विविधतापूर्ण लोकतंत्र है और हमें लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखते हुए आंतरिक स्थिति से निपटने की भारत सरकार की क्षमता पर भरोसा है। विक्टोरिया से भ्रष्टाचार के खिलाफ सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के शांतिपूर्ण आंदोलन के बारे में उनकी पिछले सप्ताह की गई टिप्पणी के बारे में पूछा गया था। पिछले सप्ताह एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा था, जैसा कि आप जानते हैं हम पूरी दुनिया में शांतिपूर्ण और अहिसंक विरोध प्रदर्शन का समर्थन करते हैं। भारत एक लोकतांत्रिक देश है, और हम समझते हैं कि भारत शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन से निपटने में उपयुक्त लोकतांत्रिक संयम का परिचय देगा। उनकी इस टिप्पणी पर भारतीय विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा था, भारत में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को लेकर अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता की ओर से अनावश्यक टिप्पणी की गई है। अभिव्यक्ति की आजादी और शांतिपूर्ण सभा की बात भारतीय संविधान की ओर से स्थापित की गई है। इस अधिकार का इस्तेमाल हमारे यहां 1.2 अरब लोग करते हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
अमेरिका, आंतरिक स्थिति, भारत, सक्षम
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com