रेलवे ट्रैक पर बांधकर पालतू कुत्ते की हत्या के मामले में जमशेदपुर में एक आरोपी गिरफ्तार गया. दरअसल, रेलवे ट्रैक पर लोहे के तार से पालतू कुत्ता बांध दिया गया. इस दौरान सामने से ट्रेन आई और उसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र की गरीब नवाज कॉलोनी में एक पालतू कुत्ते की बर्बर हत्या का यह मामला सामने आने के बाद पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
टॉमी की मालकिन फरजाना परवीन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. तीन अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है. इस घटना से कुत्ते की मालकिन फरजाना परवीन और उसके परिवार के लोग सदमे में हैं.
पीड़ित ने जुगसलाई थाने में दर्ज कराई कराई शिकायत में अपने पड़ोस में रहने वाले दुलारे, मोहम्मद फजल, मोहम्मद अफसर और दुलारे के भतीजे पर कुत्ते की हत्या का आरोप लगाया है. फरजाना के मुताबिक, 13 नवंबर को चारों आरोपी उनके घर पहुंचे और टॉमी को उठाकर अपने साथ ले गए. उनका आरोप है कि आरोपी टॉमी को घर के पास स्थित रेलवे ट्रैक पर ले गए. वहां उसे लोहे के तार से बांध दिया गया. कुछ ही देर बाद रेलवे लाइन से ट्रेन गुजरी और टॉमी उसकी चपेट में आ गया. इस घटना में उसकी मौत हो गई.
इसकी खबर मिलने के बाद फरजाना ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान नामजद आरोपी मोहम्मद अफसर को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस अब दुलारे, मोहम्मद फजल और दुलारे के भतीजे की तलाश में छापेमारी कर रही है. पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है. फिलहाल आरोपों की जांच की जा रही है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं