विज्ञापन

फॉर्च्यूनर की छुट्टी करने आ रही है JSW Combat SUV, दमदार रेंज और फीचर्स, लॉन्च से पहले जान लें ये बातें

JSW मोटर्स भारत में अपनी पहली प्लग-इन हाइब्रिड SUV JSW Combat को 4 दिसंबर 2026 को लॉन्च करने जा रही है. लॉन्च से पहले आपको इसके बारे में सारी डिटेल्स बता रहे हैं.

फॉर्च्यूनर की छुट्टी करने आ रही है JSW Combat SUV, दमदार रेंज और फीचर्स, लॉन्च से पहले जान लें ये बातें
JETOUR T2 की फोटो
Jetour Global

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एक और बड़ा धमाका होने जा रहा है. JSW Motors अगले हफ्ते देश के पैसेंजर व्हीकल मार्केट में अपनी धमाकेदार एंट्री करने के लिए पूरी तरह तैयार है. कंपनी अपनी पहली और बेहद पावरफुल SUV JSW Combat को 4 दिसंबर 2026 को आधिकारिक तौर पर लॉन्च करने जा रही है. ये दमदार SUV विदेशों में बिकने वाली मशहूर कार Chery Jetour T2 पर आधारित होगी. भारत में इस गाड़ी की असेंबलिंग महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में स्थित JSW के प्लांट में की जाएगी. आइए, आपको JSW Combat के बारे में पूरी डिटेल्स बताते हैं. 

JSW Combat: मस्कुलर और रफ-एंड-टफ लुक

भले ही JSW Motors ने अभी तक इसके फाइनल लुक का ऑफिशियली खुलासा नहीं किया है, लेकिन टीवी विज्ञापन की शूटिंग के दौरान लीक हुए वीडियो और स्पाई शॉट्स से इसके लुक्स की डिटेल्स सामने आई हैं. दिखने के मामले में ये गाड़ी काफी हद तक Jetour T2 जैसी ही होगी, लेकिन भारतीय बाजार के हिसाब से इसमें कुछ जरूरी कॉस्मेटिक बदलाव किए जा रहे हैं. इसमें आपको नई डिजाइन की हेडलाइट्स, स्पोर्टी बंपर्स और नए अलॉय व्हील्स देखने को मिलेंगे. साथ ही, फ्रंट ग्रिल पर लिखे 'Jetour' नाम को हटाकर अब वहां बड़े और बोल्ड अक्षरों में 'COMBAT' की ब्रांडिंग दी जाएगी.

लुक के बाकी एलिमेंट्स की बात करें तो इसमें पहले की तरह ही वर्टिकल शेप वाली LED टेललाइट्स, मस्कुलर ब्लैक क्लैडिंग, नियोन-ग्रीन एक्सेंट्स के साथ रूफ रेल्स और पीछे की तरफ दरवाजे पर लगा स्टाइलिश लगेज बॉक्स देखने को मिलेगा. ये गाड़ी मोनोकॉक चेसिस पर बनी है और खराब रास्तों पर आसानी से निकलने के लिए इसमें 205mm का ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है.

JSW Combat: लग्जरी फीचर्स से लोड होगा केबिन

कार के अंदर का इंटीरियर काफी हद तक इसके ग्लोबल मॉडल जैसा ही होगा, लेकिन भारतीय ग्राहकों की पसंद के हिसाब से इसमें एक बिल्कुल नया और प्रीमियम कलर थीम देखने को मिल सकता है. ये एक 5-सीटर SUV होगी जिसके केबिन में भरपूर फीचर्स मिलने वाले हैं. इसके केबिन में आपको वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay को सपोर्ट करने वाला 15.6-इंच का बड़ा टच इंफोटेनमेंट सिस्टम, दमदार आवाज के लिए 12 स्पीकर्स वाला प्रीमियम Sony साउंड सिस्टम, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, 50W का सुपरफास्ट वायरलेस फोन चार्जर, सुरक्षित ड्राइविंग के लिए Level 2 ADAS सेफ्टी सुइट, 360-डिग्री कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), पहाड़ी रास्तों के लिए हिल-स्टार्ट व हिल-डिसेंट कंट्रोल और ड्राइवर के लिए 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे कई कमाल के फीचर्स मिलेंगे जो आपके सफर को बेहद आसान बना देंगे.

यह भी पढ़ें | माइलेज 27 किमी और कीमत 5.80 लाख से शुरू, सनरूफ, 6 एयरबैग्स जैसे फीचर्स, मिडिल क्लास के लिए बेस्ट SUV

JSW Combat: पावर और जबरदस्त रेंज

इसमें प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) पावरट्रेन है, जो इसे अपने सेगमेंट की सबसे एडवांस और पावरफुल गाड़ी बनाता है. इसमें 1.5-लीटर का डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है जो दो इलेक्ट्रिक मोटर्स और 18.4kWh के बड़े बैटरी पैक के साथ मिलकर काम करता है. ये हाइब्रिड सिस्टम मिलकर पूरे 360hp की बेमिसाल पावर और 610Nm का टॉर्क जनरेट करता है, जिसे 3-स्पीड डेडिकेटेड हाइब्रिड ट्रांसमिशन (DHT) गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है. भारत में ये गाड़ी फ्रंट-व्हील-ड्राइव (FWD) लेआउट के साथ आएगी.

इस गाड़ी में लगी 18.4kWh की बैटरी केवल इलेक्ट्रिक मोड पर ही लगभग 90 किमी की रेंज दे देती है. वहीं, इसके 70 लीटर के पेट्रोल टैंक को फुल कराने के बाद ये कार पेट्रोल और बैटरी दोनों को मिलाकर पूरे 1100 किमी से भी ज्यादा की कंबाइंड रेंज देने में कैपेबल है. इस बैटरी को 50kW के DC फास्ट चार्जर से मात्र 27 मिनट में 30% से 80% तक चार्ज किया जा सकता है, जबकि घर के नॉर्मल AC चार्जर से इसे फुल चार्ज होने में करीब 3 घंटे का समय लगता है.

JSW Combat की संभावित कीमत

आपको बता दें कि JSW Motors इस कार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर प्लांट में असेंबल करेगी और धीरे-धीरे इसके पार्ट्स की मैन्युफैक्चरिंग भारत में ही शुरू करेगी जिससे इसकी लागत कम की जा सके. कंपनी की अपनी वेबसाइट के अनुसार, इस धांसू SUV की संभावित एक्स-शोरूम कीमत 30 लाख रुपये से 50 लाख रुपये के बीच रहने की उम्मीद है. इस बड़ी कीमत के साथ ये गाड़ी सीधे तौर पर बाजार में मौजूद Toyota Fortuner, MG Majestor और Skoda Kodiaq जैसी गाड़ियों को टक्कर देगी, जहां इसका प्लग-इन हाइब्रिड इंजन इसे परफॉर्मेंस के मामले में सबसे आगे खड़ा कर देगा.

लांचिंग में अब कुछ ही दिन बचे हैं, इसलिए JSW Motors लगातार अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर इसके नए टीजर्स रिलीज कर ग्राहकों की उत्सुकता बढ़ा रही है. कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर ग्राहकों से 'रजिस्ट्रेशन ऑफ इंटरेस्ट' लेना भी शुरू कर दिया गया है. इसके साथ ही कंपनी देश भर में अपना डीलरशिप और टचपॉइंट नेटवर्क भी मजबूत कर रही है ताकि ग्राहकों को बेहतर सर्विस दी जा सके.

यह भी पढ़ें | Ertiga से सस्ती Maruti Suzuki की 6.5 लाख वाली फैमिली कार, जल्द हो सकती है भारत में लॉन्च

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
JSW Combat, JSW Combat EV, SUV, Car
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com