अच्छा मान लीजिए कि आप एक साधारण सी दुकान में खरीदारी करने जाएं और वहां आपको नीचे सैकड़ों फीट लंबी एक गुप्त सुरंग छिपी मिली. वो भी ऐसी जो आपको सीधे दूसरे देश में ले जाती हो. अमेरिका में ठीक ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. अमेरिका के अधिकारियों ने एक बेहद आधुनिक सुरंग का पता लगाया है, जो मेक्सिको से सीधे अमेरिका तक जाती थी. इस सुरंग का इस्तेमाल करोड़ों डॉलर के ड्रग्स तस्करी के लिए किया जा रहा था. यह सुरंग इतनी एडवांस थी कि इसमें बिजली, रेल लाइन, हवा आने-जाने की व्यवस्था और यहां तक कि हाइड्रोलिक लिफ्ट भी लगी हुई थी.
क्या है पूरा मामला
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका-मेक्सिको सीमा के नीचे सैकड़ों फीट तक फैली एक बेहद आधुनिक सुरंग का इस्तेमाल 4.5 करोड़ डॉलर (45 मिलियन डॉलर) से अधिक कीमत की कोकीन की तस्करी के लिए किया जा रहा था. यह अंडरग्राउंड सुरंग मेक्सिको के शहर तिजुआना से शुरू होकर अमेरिका के कैलिफोर्निया में ओटे मेसा पोर्ट ऑफ एंट्री के पास स्थित एक दुकान तक जाती थी.
590 मीटर की अंडरग्राउंड सुरंग से अमेरिका पहुंचती थी ड्रग्स
— NDTV India (@ndtvindia) June 3, 2026
अमेरिका के अधिकारियों ने एक बेहद आधुनिक सुरंग का पता लगाया है, जो मेक्सिको से सीधे अमेरिका तक जाती थी. इस सुरंग का इस्तेमाल करोड़ों डॉलर के ड्रग्स तस्करी के लिए किया जा रहा था. यह सुरंग इतनी एडवांस थी कि इसमें बिजली, रेल… pic.twitter.com/KQyAooasJL
अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी वीडियो में सुरंग तक जाने वाली मजबूत कंक्रीट की सीढ़ियां दिखाई देती हैं. सुरंग चट्टानों को काटकर बनाई गई लगती है और इसका फर्श भी कंक्रीट का बना हुआ है.
कैसे हुआ भंडाफोड़
होमलैंड सिक्योरिटी के FDI (फेडरल ड्रग्स इन्वेस्टिगेटर) एजेंट कई महीनों से बॉर्डर के पास अमेरिकी हिस्से में स्थित "बाय 4 लेस" नाम की दुकान के आसपास आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहे थे. जब अधिकारियों ने एक्शन लिया तो उन्हें 1,000 किलोग्राम कोकीन मिली. जांचकर्ताओं का मानना है कि यह कोकीन इसी सुरंग के जरिए लाई गई थी और बाद में ट्रकों में लाद दी गई थी.
इस मामले में चार लोगों पर केस दर्ज किए गए हैं. इनमें दो अमेरिका में रहते हैं और दो मेक्सिको के निवासी हैं. इन पर ड्रग्स की तस्करी से जुड़े आरोप लगे हैं.
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, 1993 से अब तक साउथ कैलिफोर्निया क्षेत्र में ऐसी 99 अंडरग्राउंड सुरंगें खोजी जा चुकी हैं. इनमें से 28 सुरंगों को बेहद आधुनिक और जटिल माना गया था. इस इलाके में आखिरी बार किसी चालू हालत में तस्करी सुरंग का पता 2022 में चला था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं