विज्ञापन

हाथों में हथकड़ी और भरे कोर्ट में ही बच्चे का दिया जन्म! 24 घंटे पहले ही ड्रग्स के साथ गिरफ्तार हुई थी मां

US Viral News: अमेरिका में इस मामले में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर 9 महीने की गर्भवती होने के बावजूद महिला को अस्पताल से छुट्टी कैसे दे दी गई. उसे फिर से दोबारा हिरासत में लेकर कोर्ट लाया गया, जहां खुले कोर्ट में उसने बच्चे को जन्म दिया.

हाथों में हथकड़ी और भरे कोर्ट में ही बच्चे का दिया जन्म! 24 घंटे पहले ही ड्रग्स के साथ गिरफ्तार हुई थी मां
अमेरिका में कोर्ट के अंदर ही गिरफ्तार मां ने बच्चे को दिया जन्म (प्रतिकात्मक फोटो)

अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने हर व्यक्ति को हैरान कर दिया. यहां शुक्रवार की रात ड्रग रखने के आरोप में पेशी का इंतजार कर रही एक गर्भवती महिला ने भीड़ भरे ब्रुकलिन कोर्टरूम के अंदर ही एक बेटे को जन्म दिया. 33 साल की सामंथा रैंडाजो नाम की यह महिला कथित तौर पर ब्रुकलिन क्रिमिनल कोर्ट के अंदर पुलिस अधिकारियों, सरकारी वकीलों, कोर्ट स्टाफ और आम लोगों के बीच लेबर पेन में चली गई और उसने फिर बेटे को जन्म दिया.

क्या है पूरा मामला

महिला ने कोर्ट में औपचारिक पेशी होने से पहले ही बच्चे को जन्म दे दिया. लीगल एड सोसाइटी और अन्य पब्लिक डिफेंडर संगठनों के संयुक्त बयान में कहा गया, “पिछली रात सामंथा रैंडाजो ने हथकड़ियों में ब्रुकलिन कोर्टरूम के अंदर बच्चे को जन्म दिया, जबकि वह 24 घंटे से ज्यादा समय से हिरासत में थी.”

दरअसल 9 महीने की गर्भवती रैंडाजो शुक्रवार देर रात कोर्टरूम में बैठी थी, तभी अचानक उसका वाटर ब्रेक हो गया और वह आगे की ओर झुक गई. उसके वकील विंटन शार्प ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया, “हमने यह देखा. उसे कुछ कहने की जरूरत नहीं थी. हमें तुरंत समझ आ गया कि अब यहीं यह होने वाला है.”

रैंडाजो को डिलीवरी के पिछली शाम गिरफ्तार किया गया था. पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि उन्होंने शीप्सहेड बे में एक पब्लिक हाउसिंग बिल्डिंग की छत पर दो लोगों को देखा था और वहां पास में ड्रग्स दिखाई दिए थे. तलाशी के दौरान पुलिस ने दावा किया कि रैंडाजो के पास ड्रग्स मिला था. इसके बाद उसे ड्रग रखने और अवैध रूप से घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया.

न्यूयॉर्क पुलिस डिपार्टमेंट ने कहा कि गिरफ्तारी के समय रैंडाजो ने ढीले कपड़े पहने हुए थे और उसने शुरुआत में पुलिस को नहीं बताया था कि वह गर्भवती है. बाद में पुलिस स्टेशन में उसने कथित तौर पर ड्रग छोड़ने के लक्षणों की शिकायत की और अधिकारियों को बताया कि वह गर्भवती है. इसके बाद पुलिस उसे शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे अस्पताल लेकर गई. डॉक्टरों की जांच के बाद उसे छुट्टी दे दी गई और पेशी के लिए कोर्ट लाया गया. कुछ ही घंटों बाद कोर्टरूम में इंतजार करते समय उसे लेबर पेन शुरू हुई और उसने वहीं एक स्वस्थ बेटे को जन्म दे दिया.

बयान में कहा गया, “रैंडाजो को कथित तौर पर 9 महीने की गर्भवती होने के बावजूद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और फिर दोबारा हिरासत में लेकर ब्रुकलिन कोर्ट लाया गया, जहां खुले कोर्ट में उसने बच्चे को जन्म दिया. यह हर न्यूयॉर्क निवासी को झकझोर देना चाहिए.” वकील शार्प ने कहा, “हालात को देखते हुए यह खुशी और दुख दोनों वाला मामला था.”

न्यूयॉर्क ऑफिस ऑफ कोर्ट एडमिनिस्ट्रेशन के प्रवक्ता अल बेकर ने द इंडिपेंडेंट को बताया, “हमें खुशी है कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं.” वकील और पब्लिक डिफेंडर अब यह जांच चाहते हैं कि आखिर 9 महीने की गर्भवती महिला कोर्टरूम के अंदर बच्चे को जन्म देने की स्थिति तक कैसे पहुंच गई.

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में वायरल हुआ 700 किलो का ‘डोनाल्ड ट्रंप' भैंसा, 'नेतन्याहू' भैंसा भी बना इंटरनेट स्टार- VIDEO

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com