- अमेरिका में पत्नी की हत्या के आरोप में 30 साल का एक भारतीय इंजीनियर गिरफ्तार, 9 महीने पहले का मामला
- अविनाश नार्ने ने अपनी पत्नी राजिता सबिनेनी का गला घोंटकर हत्या कर दी थी, अपनी GF को लाश की फोटो भी भेजी- पुलिस
- नार्ने पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया. अधिकारियों का कहना है कि उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है
अमेरिका में अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में 30 साल के एक भारतीय इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया है. लगभग नौ महीने पहले आरोपी की पत्नी अपने अपार्टमेंट में मृत पाई गई थी. वाशिंगटन के शहर बेलेव्यू की पुलिस का कहना है कि अविनाश नार्ने ने अपनी 27 साल की पत्नी राजिता सबिनेनी का गला घोंटकर हत्या कर दी थी. लेकिन जब उसने पिछले साल अक्टूबर में यह अपराध किया तो क्राइम सीन को बदलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की.
घटना 27 अक्टूबर, 2025 की है. उस दिन सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर नार्ने ने पुलिस को फोन करके बताया कि उनकी पत्नी बाथरूम में बंद हैं और बाहर नहीं आ रही हैं. जब पुलिस ने बाथरूम का दरवाजा तोड़ा, तो उन्हें सबिनेनी फर्श पर पड़ी मिलीं. अधिकारियों ने उन्हें घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया. उस समय पूछताछ के दौरान नार्ने ने शुरू में पुलिस को बताया कि वह 27 अक्टूबर को कुछ काम से अपार्टमेंट से बाहर गया था. जब वह लगभग 40 मिनट बाद घर लौटा, तो उसने सबिनेनी को बाथरूम में बंद पाया.
हालांकि, अधिकारियों को नार्ने के बाहर रहने के दौरान घर में किसी और के घुसने का कोई सबूत नहीं मिला. अगले दिन, किंग काउंटी मेडिकल एक्जामिनर ऑफिस ने सबिनेनी की मौत को हत्या करार दिया और कहा कि उनकी मौत गला घोंटे जाने के कारण दम घुटने से हुई थी. जांच में पता चला कि नार्ने का भारत में एक महिला के साथ कई सालों से 'सीक्रेट रिलेशनशिप' था. जब दोनों साथ थे, तभी नार्ने की शादी 5 जून 2025 को सबिनेनी से तय हो गई और हो गई. अधिकारियों ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड उसकी शादी में भी शामिल हुई थी.
उस दिन क्या हुआ था?
घटना वाले दिन, नार्ने ने अपनी गर्लफ्रेंड को कम से कम चार बार फोन किया था. इनमें से एक कॉल उस समय भी किया गया था जब उसने पुलिस को बताया था कि वह बंद बाथरूम में घुसने की कोशिश कर रहा था. अधिकारियों ने बताया कि उसने अपनी पत्नी की लाश की तस्वीर भी अपनी गर्लफ्रेंड को भेजी थी. अधिकारियों को सबिनेनी के नार्ने को भेजे गए टेक्स्ट मैसेज भी मिले, जिनमें उसने कई बार शिकायत की थी कि नार्ने ने उसके लिए जो ड्रिंक बनाई थी, उसका स्वाद कड़वा था. अपनी मौत के दिन, उसने अपने पति को मैसेज किया था कि उसने जो स्मूदी बनाई थी, उसका स्वाद दवा और कफ सिरप जैसा था.
5 जुलाई को नार्ने पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया. अधिकारियों का कहना है कि उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है. उन्होंने बताया कि वह अभी 50 लाख डॉलर की जमानत राशि के साथ हिरासत में है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं