विज्ञापन

वर्ल्ड बैंक चीफ ने पाकिस्तान पहुंच याद किया बंटवारे का दर्द, बोले-ये बात सबसे ज्यादा चुभती है

अजय पाल बंगा ने अपने गांव के लोगों से मिले प्यार का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह वापस लौट रहे थे तो वहां मौजूद लोग हाथ दिखाकर उनका अभिवादन कर रहे थे. वे कह रहे थे कि हमारी तरफ देखो. उन्होंने कहा कि ये सब दिल की बात है.

वर्ल्ड बैंक चीफ ने पाकिस्तान पहुंच याद किया बंटवारे का दर्द, बोले-ये बात सबसे ज्यादा चुभती है
विश्व बैंक चीफ का पाकिस्तान दौरा.
  • विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय पाल सिंह बंगा ने पाकिस्तान के अपने मां के गांव खुशब का दौरा किया
  • बंगा ने बंटवारे को सभी के लिए कठिन बताया और बताया कि इससे परिवार और सिस्टम टूट गए थे
  • उन्होंने अपने नाना द्वारा बनाए गए गुरुद्वारे में मत्था टेका और वहां के लोगों से मिले प्यार का जिक्र किया
इस्लामाबाद:

विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय पाल सिंह बंगा 1 फरवरी को चार दिन के दौरे पर पाकिस्तान पहुंचे थे. इस दौरान वह पाकिस्तान में अपनी मां के गांव खुशब भी पहुंचे. उन्होंने अपनी पाकिस्तानी विरासत के बारे में भी बात की. अजय पाल ने कहा कि वहां के लोगों के प्यार और स्नेह से वह बहुत प्रभावित हुए. उन्होंने अपने नाना के बनाए हुए एक गुरुद्वारे में मत्था भी टेका. सिंध सीएम हाउस ने उनका एक वीडियो एक्स पर पोस्ट किया है.

इस वीडियो में बंगा कहते नजर आ रहे हैं कि बंटवारा हर किसी के लिए बहुत मुश्किल था. चाहे कोई पाकिस्तान से भारत गया हो या फिर भारत से पाकिस्तान आया हो. जिन लोगों ने भी माइग्रेट किया उनके सिस्टम, फैमली, आधे परिवार टूट गए. कुछ इधर रह गए और कुछ उधर चले गए. ये दिल को बहुत ही धक्का लगने वाली बात थी.  उन्होंने कहा कि हमारे घरों में इस पर बहुत ज्यादा बात नहीं होती थी.

नाना के गांव पहुंचे अजय पाल बंगा

अजय पाल बंगा ने बताया कि उनकी मां के दुनिया छोड़ने से दो तीन साल पहले बंटवारे के बारे में बोलना शुरू किया. उन्होंने बताया कि खुशब गांव था, जहां हम लोग रहते थे. हमारे पास जमीन थी. उन्होंने बताया कि उनके पिताजी क्या करते थे. पहली बार उन्होंने अपनी मां से इस बारे में सुना.विश्व बैंक के अध्यक्ष ने बताया कि सिटी बैंक में काम करने के दौरान 1996 में वह पहले भी पाकिस्तान आ चुके हैं . लेकिन वह कराची आकर वापस चले जाते थे. दो या ढाई साल पहले जब उन्होंने विश्व बैंक जॉइन किया तो डॉक्टर तौकीर शाह, जो वहां एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर थे और कासिम साहब, इन दोनों ने उनसे पाकिस्तान आने की जिद की. उनके कहने पर ही वह फिर से पाकिस्तान आए हैं.

नाना के बनाए पुराने गुरुद्वारे में मत्था भी टेका

अजय पाल बंगा ने अपने गांव के लोगों से मिले प्यार का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह वापस लौट रहे थे तो वहां मौजूद लोग हाथ दिखाकर उनका अभिवादन कर रहे थे. वे कह रहे थे कि हमारी तरफ देखो. ये सब दिल की बात है. उन्होंने कहा कि वह अपने नाना के बनाए एक पुराने गुरुद्वारे में मत्था टेकने भी पहुंचे.

पीएम शहबाज शरीफ से भी हुई मुलाकात

बता दें कि बंगा 1 फरवरी से चार दिवसीय पाकिस्तान यात्रा पर थे. इस दौरान उन्होंने कई आधिकारिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण भी किया. विश्व बैंक के अध्यक्ष की सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मुलाकात हुई थी. इस्लामाबाद में हुई बैठक के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया था क पीएम शहबाज ने पाकिस्तान और विश्व बैंक के बीच दीर्घकालिक साझेदारी पर प्रकाश डाला और देश की विकास प्राथमिकताओं को समर्थन देने के लिए विश्व बैंक की प्रतिबद्धता की सराहना की.

शहबाज ने कहा कि पाकिस्तान देश के आर्थिक विकास और सुधारों में विश्व बैंक समूह के महत्वपूर्ण सहयोग को महत्व देता है. बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, कृषि व्यवसाय, डिजिटल विकास, ऊर्जा, मानव पूंजी, वित्तीय सुधार, रोजगार सृजन और निजी क्षेत्र के निवेश में विश्व बैंक समूह के समर्थन को हम महत्व देते हैं.
 

लेखक के बारे में
img
श्वेता गुप्ता
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
World Bank Chief Ajay Banga, World Bank Chief Pakistan Visit, World Bank Chief On Partition, Pakistan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com