विज्ञापन

थाईलैंड के पीएम ने बजाया सैक्सोफोन, मलेशिया के पीएम ने गाया- सुरों वाली डिप्लोमेसी वायरल

थाईलैंड के पीएम अनुतिन चर्नविराकुल दो दिनों के लिए पड़ोसी देश मलेशिया की यात्रा पर गए थे. यहां उन्होंने मेलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ खास परफॉर्मेंस दी.

थाईलैंड के पीएम ने बजाया सैक्सोफोन, मलेशिया के पीएम ने गाया- सुरों वाली डिप्लोमेसी वायरल
थाईलैंड के पीएम ने बजाया सैक्सोफोन, मलेशिया के पीएम ने गाया (फोटो- AFP)

जब दो देशों के प्रधानमंत्री बैठक खत्म होने के बाद स्टेज पर सिंगर और म्यूजिशियन बन जाएं, तो कूटनीति भी सुरों में गूंजने लगती है. मलेशिया और थाईलैंड के प्रधानमंत्रियों ने ऐसा ही अनोखा नजारा पेश किया. एक ने सैक्सोफोन बजाया, तो दूसरे ने फेमस अंग्रेजी गाने गाकर सभी को चौंका दिया. यह सिर्फ मनोरंजन नहीं था, बल्कि दो पड़ोसी देशों की दोस्ती और भरोसे का ऐसा संदेश था, जो शायद किसी औपचारिक भाषण से भी ज्यादा असरदार साबित हुआ. 

सुरों वाली डिप्लोमेसी

मलेशिया के पुत्राजया में एक सरकारी लंच के दौरान थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने सबको हैरान कर दिया. जहां अनुतिन ने सैक्सोफोन बजाया, वहीं अनवर ने फ्रैंक सिनात्रा का 'माई वे' और एल्विस प्रेस्ली का 'कांट हेल्प फॉलिंग इन लव' जैसे मशहूर गाने गाए. यह खास पर्फॉर्मेंस थाईलैंड के पीएम अनुतिन की दो दिन की मलेशिया यात्रा के दौरान हुई. इससे पहले दोनों नेताओं ने व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत की थी. इस सुरों वाली परफॉर्मेंस ने दोनों नेताओं की दोस्ती भी दिखा दी.

बता दें कि मलेशिया और थाईलैंड जमीन के रास्ते सीधे जुड़े हुए हैं. वे मलय प्रायद्वीप पर 595 किलोमीटर लंबी सीमा शेयर करते हैं.

दोनों देशों के बीच क्या सहमति बनी?

मलेशिया और थाईलैंड कई सीमा कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने, विशेष सीमा आर्थिक क्षेत्रों के विकास को आगे बढ़ाने और इमिग्रेशन व कस्टम प्रक्रियाओं को आसान बनाने पर सहमत हुए हैं, ताकि द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत किया जा सके और 2027 तक 30 बिलियन अमेरिकी डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य को हासिल किया जा सके.

द सन की रिपोर्ट के अनुसार प्रधानमंत्री दातुक सेरी अनवर इब्राहिम ने कहा कि आज थाईलैंड के प्रधानमंत्री के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक सार्थक और फलदायी रही, जिसमें दोनों नेताओं ने लंबित मुद्दों को सुलझाने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के प्रयासों पर चर्चा की.

उन्होंने थाईलैंड के प्रधानमंत्री के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मलेशिया और थाईलैंड महत्वपूर्ण पड़ोसी हैं. इतिहास, संस्कृति, अर्थव्यवस्था, व्यापार और निवेश के लिहाज से, हम समझते हैं कि सभी क्षेत्रों में इस सहयोग को बढ़ाने के लिए और काम करने की जरूरत है."

अनवर ने कहा कि कल बुकित कायु हितम और सदाओ की यात्रा से पहले दोनों पक्ष कई समझौतों पर पहुंचे हैं. उन्होंने इस कार्यक्रम को अनोखा बताया क्योंकि यह राजधानी शहर से आगे बढ़कर सीमावर्ती इलाकों तक फैला हुआ है. उन्होंने कहा कि यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के प्रति थाई प्रधानमंत्री की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

यह भी पढ़ें: 'अब तुम उड़ा लोगी'... ट्रेनी से कहकर उड़ते प्लेन से कूद गया ट्रेनर पायलट, मौत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Diplomacy, Malaysia, Thailand
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com