लीबिया के बंदरगाह शहर बेनगाजी में खड़े एक रूसी युद्धपोत पर रविवार को तड़के सुबह यूक्रेन का संदिग्ध समुद्री ड्रोन हमला हुआ. इस हमले के कारण एक जोरदार धमाका हुआ और यह जंगी जहाज डूब गया. लीबिया की पूर्वी सरकार के अधिकारियों के अनुसार इस हमले में रूसी नौसेना का 'मर्करी' (Merkury) नाम का युद्धपोत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. यह जहाज ईंधन भरवाने और जरूरी सामान लेने के लिए वहां रुका था.
इसके कुछ घंटों बाद, रूस से जुड़ा एक मालवाहक जहाज 'एस्कलोन' बेनगाजी के तट के पास एक और समुद्री ड्रोन की चपेट में आ गया. द गार्डियन की रिपोर्ट के अनुसार इस जहाज में कथित तौर पर सैन्य सामग्री लदी थी. सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि ड्रोन सीधे जहाज के एक हिस्से की ओर बढ़ता है, जिससे एक जबरदस्त धमाका होता है.
Footage of a Ukrainian USV slamming into a Russian cargo vessel and exploding off the coast of Benghazi, Libya, this evening. https://t.co/DICnEdMRro
— OSINTtechnical (@Osinttechnical) November 22, 2026
शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया कि जहाज पर यूक्रेन ने समुद्री ड्रोन से हमले किए थे. न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि इनमें से कम से कम चार ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया गया, जबकि दो ड्रोन युद्धपोत से टकरा गए, जिससे जोरदार धमाका हुआ. सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला कि हमले के बाद मर्करी जंगी जहाज डूब गया. यह हमला भूमध्य सागर में हुआ है, जो दक्षिणी यूक्रेन से 1,000 मील से भी अधिक दूर है. यह लगभग पांच साल से चल रहे इस युद्ध के भौगोलिक दायरे में एक बड़ा विस्तार है.

रूसी नौसेना के युद्धपोत 'मर्करी' पर ड्रोन हमले से पहले (नीचे) और बाद (ऊपर) की तस्वीर (फोटो- AFP)
समुद्री ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा यूक्रेन
वैसे तो यूक्रेन ने बिना किसी नौसेना के युद्ध की शुरुआत की थी, लेकिन उसने ऐसी 'सी ड्रोन' (समुद्री ड्रोन) क्षमता विकसित कर ली है, जिसने काला सागर में रूसी युद्धपोतों के लिए खतरा पैदा कर दिया है. रूसी बेड़े को पीछे हटकर नोवोरोस्सियस्क के पूर्वी बंदरगाह पर जाना पड़ा है, क्योंकि क्रीमिया (जिस पर रूस का कब्जा है) में स्थित सेवस्तोपोल अब सुरक्षित नहीं रह गया था.
एक्सपर्ट वेबसाइट 'नेवल न्यूज' ने पहले ही यह पहचान कर ली थी कि जिस जंगी जहाज पर हमला हुआ, वह 'मर्करी' था. यह रूस का एक 'कॉर्वेट' है- यानी युद्धपोतों की सबसे छोटी श्रेणी, जो फ्रिगेट से भी छोटे होते हैं. साथ ही बताया कि हमले में इसके पूरी तरह नष्ट हो जाने की लगभग पूरी संभावना है.
यह भी पढ़ें | भारत के साथ सहयोग बढ़ाने को उत्सुक नीदरलैंड, विदेश मंत्री बोले- कई नए अवसर मौजूद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं