- सूरत-बिलिमोरा खंड पर ओवरहेड इक्विपमेंट सिस्टम चालू कर दिया गया है, जिससे बिजली सप्लाई शुरू हो चुकी है.
- मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का रूट 508 किलोमीटर है, जिसमें अत्याधुनिक ट्रैक्शन सिस्टम लगाया जा रहा है.
- सूरत-बिलिमोरा सेक्शन पर 94,000 नॉइज बैरियर लगाकर आसपास के लोगों की आवाज से निजात दी गई है.
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है. यह भारतीय रेलवे का अहम प्रोजेक्ट है, जिस पर नया अपडेट आया है. रेलवे की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक सूरत-बिलिमोरा खंड पर ओवरहेड इक्विपमेंट सिस्टम को अब चालू कर दिया गया है. नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने शनिवार को यह जानकारी दी है. जिसमें बताया कि 20 नवंबर 2026 को 50 किलोमीटर लंबे इस सेक्शन की अप और डाउन दोनों लाइनों में बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई. यह भारत की पहली बुलेट ट्रेन सेवा शुरू करने की दिशा में एक अहम कदम है. इस ट्रेन परियोजना के शुरू होने के बाद मुंबई से अहमदाबाद की दूरी महज 2 घंटे में पूरी हो जाएगी.
सूरत-बिलिमोरा सेक्शन हुआ एनर्जाइज
सूरत-बिलिमोरा सेक्शन एनर्जाइज कर दिया गया है. आसान भाषा में बताया जाए तो अब तक बुलेट ट्रेन का ट्रैक सिर्फ लोहे और कंक्रीट का ढांचा था, लेकिन OHE एनर्जाइज होने का मतलब है कि अब उस ट्रैक के ऊपर लगे तारों में हाई-वोल्टेज बिजली दौड़ने लगी है. यही बिजली आगे चलकर बुलेट ट्रेन को चलाएगी, जिससे अब बुलेट ट्रेन के ट्रायल की उम्मीद और तेज होती जा रही है. अब इस सेक्शन पर धीरे-धीरे छोटे-छोटे हिस्सों में बिजली सप्लाई बढ़ाई जाएगी और तकनीकी टीमों की निगरानी में टेस्टिंग होगी. रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक सूरत से बिलिमोरा के बीच करीब 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक बनाया गया है, इस अलाइनमेंट में चार नदियों पर बने पुल और नेशनल हाईवे-53 पर बना एक स्टील ब्रिज भी शामिल है. आसपास रहने वाले लोगों को ट्रेन की आवाज से कम परेशानी हो, इसके लिए इस पूरे वायाडक्ट पर करीब 94,000 नॉइज बैरियर लगाए गए हैं.
A significant milestone in the Mumbai–Ahmedabad Bullet Train Project! The Overhead Equipment (OHE) system on the Surat–Bilimora section has been successfully energised, marking a key step towards the commencement of India's first Bullet Train operations. #Powering_Bharat_BulletTrain
— Ministry of Railways (@RailMinIndia) November 21, 2026
मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर रेलवे का फोकस
मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर भारतीय रेलवे का भी फोकस है. 508 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में अत्याधुनिक 2x25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया जा रहा है, यह दुनिया भर की हाई-स्पीड रेल प्रणालियों में इस्तेमाल होने वाली सबसे आधुनिक तकनीक में से एक है. पूरे कॉरिडोर में कुल 14 ट्रैक्शन सब-स्टेशन बनाए जा रहे हैं, ये सब-स्टेशन नेशनल ग्रिड से बिजली लेकर ओवरहेड वायर तक पहुंचाएंगे. जिसमें गुजरात के नवसारी जिले में बनाया गया पहला ट्रैक्शन सब-स्टेशन पूरी तरह से तैयार हो चुका है. कंट्रोल पैनल, चेंजओवर स्विच, ट्रांसफॉर्मर और सर्किट ब्रेकर बिल्डिंग में इंस्टॉलेशन का काम पूरा हो गया है. यह सेक्शन चालू हो गया है.
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन में 12 स्टेशन होंगे
- मुंबई
- ठाणे
- विरार
- बोइसर
- वापी
- बिलिमोरा
- सूरत
- भरूच
- वडोदरा
- आणंद
- अहमदाबाद
- साबरमती
बुलेट ट्रेन पर रेल मंत्री का बड़ा बयान
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन को दो चरणों में शुरू करने की तैयारी है. पहले चरण में सूरत से वापी के बीच करीब 100 किलोमीटर का सेक्शन होगा, जिसमें सूरत, बिलिमोरा और वापी, तीन स्टेशन होंगे. पहले योजना सिर्फ 50 किमी सूरत-बिलिमोरा की थी, बाद में इसे बढ़ाकर वापी तक कर दिया गया है. दूसरे चरण में वापी से सूरत, फिर वापी से अहमदाबाद, उसके बाद ठाणे से अहमदाबाद और अंत में मुंबई से अहमदाबाद के बीच शुरू किया जाएगा. गुजरात का हिस्सा दिसंबर 2027 तक और पूरा कॉरिडोर दिसंबर 2029 तक चालू करने का टारगेट रखा गया है.
जब पूरा कॉरिडोर चालू होगा तो मुंबई से अहमदाबाद का सफर सिर्फ 1 घंटा 58 मिनट में पूरा होगा. अभी सड़क मार्ग से यही सफर 7 से 8 घंटे में तय होता है. फास्ट सर्विस में ट्रेन सिर्फ 4 स्टेशनों पर रुकेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं