Russia Ukraine Crisis:भारत ने पूर्वी यूक्रेन में रूस और यूक्रेनी सैनिकों के बीच संघर्ष विराम की अपील भारत ने है, ताकि युद्ध वाले क्षेत्रों में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने में आसानी हो. भारत ने कहा कि आम लोगों को निकालने के लिए सुरक्षित गलियारे बनाने के बारे में रूस और यूक्रेन के बीच फैसले को लागू होते देखना अभी बाकी है. अब तक करीब 20,000 भारतीय सुरक्षित रहने के लिए यूक्रेन की सीमा छोड़ चुके हैं. ऑपरेशन गंगा के बीच सैकड़ों भारतीय छात्र सुमी, खारकीव (Kharkiv) और पिशोचिन (Pisochyn) जैसे यूक्रेनी शहरों में फंसे हुए हैं और सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं. यूक्रेन के पिशोचिन शहर में फंसे भारतीय छात्रों (Indian medical Students) ने भी सरकार से गुहार लगाई है. उनका कहना है कि हम दो दिन से भूखे प्यासे हैं. भारतीय छात्रों ने एक वीडियो मैसेज में कहा, 'हम पिछले दो दिन से यहां बिना खाने-पानी के फंसे हुए हैं. करीब एक हजार स्टूडेंट यहां अटके हैं. कांट्रैक्टर बस के लिए 500 से 700 डॉलर मांग रहा है. हमें दूतावास की ओर से कोई संदेश नहीं मिला है. 'खारकीव से किसी भी सूरत में निकलने की सरकार की एडवाइजरी के बाद ये छात्र भारी बर्फबारी के बीच यहां फंसे हुए हैं.
उधर, रूस के राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन के रुख में कुछ नरमी दिखी है. उन्होंने कहा है कि अगर उनकी तीन शर्तें मान ली जाएं तो वो यूक्रेन से आगे बातचीत को तैयार हैं. वहीं रूस की संसद ड्यूमा के स्पीकर वोलोडिन ने दावा किया है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडोमीर जेलेंस्की यूक्रेन से भाग चुके हैं और उन्होंने पड़ोसी मुल्क पोलैंड में शरण ली है. हालांकि अभी इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है. रूसी सेना ने शुक्रवार को यूक्रेन के शहर चेर्नीहीव के परमाणु संयंत्र (Nuclear Power Plant) पर गोलाबारी की. इससे न्यूक्लियर पावर प्लांट में आग लग गई. यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस हमले के बाद रूस औऱ ज्यादा सख्त प्रतिबंध लगाने की वकालत की है.
रूसी सेना ने यूक्रेन के दक्षिणी शहर खेरसन (Kherson) के एक टीवी प्रसारण टॉवर पर कब्जा कर लिया है. यूक्रेन को चिंता है कि टीवी प्रसारण टॉवर का इस्तेमाल शहर में गलत सूचनाएं फैलाने के लिए न किया जाए. वहीं रूस में शुक्रवार को फेसबुक और कई मीडिया वेबसाइट आंशिक रूप से ठप हो गई थी. जिसके चलते लोगों को काफी दिक्कत हुई. यूक्रेन पर अटैक के बाद दुनिया की आलोचना और प्रतिबंध झेल रहे रूस में फेसबुक के अलावा मेडुज़ा, ड्यूश वेले, आरएफई-आरएल और बीबीसी की रूसी-भाषा सेवा की साइट भी काम नहीं कर रही थी. साइट पर निगरानी रखने वाली एनजीओ ग्लोबलचेक ने भी इस बात की पुष्टि की है. वहीं यूक्रेन के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र पर कब्जे के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक और आपात बैठक आज रात होगी, राजनयिकों ने ये जानकारी दी
एक भारतीय छात्र घायल
केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने समाचार एजेंसी ANI को बताया है कि यूक्रेन की राजधानी कीव में एक भारतीय छात्र को गोली लगी है. जिसमें वो घायल हो गया है. इस छात्र का इलाज अस्पताल में चल रहा है. मंत्री के अनुसार, छात्र कीव से भागने की कोशिश कर रहा था तभी गोलीबारी में घायल हो गया
नागरिकों के निकासी गलियारों पर बनीं सहमति
यूक्रेन और रूस ने दूसरे दौर की वार्ता में नागरिकों के लिए निकासी गलियारों पर सहमति जताई है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को कहा है कि यूक्रेन में मास्को की प्रगति "योजना के अनुसार" हो रही है और आक्रमण में मारे गए रूसी सैनिकों के लिए बड़े मुआवजे का आदेश दिया गया है.
परमाणु ऊर्जा संयंत्र में लगी आग
यूक्रेन के ज़ापोरिज्जिया (Zaporizhzhia) परमाणु ऊर्जा संयंत्र में आग लग गई है. रूसी सैनिकों के हमले के बाद शुक्रवार तड़के ये आग लगी है. पास के शहर एनरगोदर (Energodar ) के मेयर ने ये जानकारी दी है. ये यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु ऊर्जा संयंत्र है.