विज्ञापन

6 साल की बच्ची ने 4.27 सेकेंड में सॉल्व किया रूबिक्स क्यूब, 3 दिन में 2 बार वर्ल्ड रिकॉर्ड- 1300 फॉर्मूले याद, VIDEO

चीन की 6 साल की इस स्पीडक्यूबर का नाम लियान युनझी है. लियान ने वर्ल्ड क्यूब एसोसिएशन में तीन दिनों के अंदर दो बार 3x3x3 रूबिक्स क्यूब का महिलाओं का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा है.

6 साल की बच्ची ने 4.27 सेकेंड में सॉल्व किया रूबिक्स क्यूब, 3 दिन में 2 बार वर्ल्ड रिकॉर्ड- 1300 फॉर्मूले याद, VIDEO
6 साल की बच्ची ने 4.27 सेकेंड में सॉल्व किया रूबिक्स क्यूब
  • चीन की 6 साल की लियान युनझी ने महिलाओं की कैटेगरी में 3x3x3 रूबिक क्यूब सॉल्व करने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया
  • तीन दिन के भीतर लियान ने दो बार वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा, जिसमें उनका औसत समय चार सेकंड के आसपास रहा
  • लियान रोजाना दो से तीन घंटे रूबिक क्यूब की प्रैक्टिस करती हैं और 1300 से अधिक एल्गोरिदम सीख चुकी हैं

जिस उम्र में बच्चे खिलौनों से खेलते हैं, उस उम्र में एक बच्ची ऐसी पहेली चंद सेकंड में हल कर रही है, जिसे बड़े-बड़े लोग भी मिनटों तक घुमाते रहते हैं. चीन की सिर्फ 6 साल की एक बच्ची ने रूबिक क्यूब को हल करने में ऐसा कमाल किया है कि उसके नाम महिलाओं की कैटेगरी में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. इस बच्ची ने 3 दिन में दो बार वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है. उसने 3x3x3 रूबिक क्यूब को सिर्फ 4 सेकंड से थोड़ा ज्यादा समय में हल करके दुनिया को हैरान कर दिया.

तीन दिन में दो बार तोड़ा रिकॉर्ड

चीन की सरकारी मीडिया के मुताबिक इस प्यारी सी स्पीडक्यूबर का नाम लियान युनझी है. युनझी ने तीन दिन के अंदर महिलाओं के 3x3x3 रूबिक क्यूब के औसत समय (एवरेज टाइम) का वर्ल्ड रिकॉर्ड दो बार तोड़ा. ये रिकॉर्ड वुहान और ग्वांगझू में कराए गए दो कंपटीशन में बनाए गए. दोनों इवेंट को वर्ल्ड क्यूब एसोसिएशन ने मान्यता दी थी.

अगर आप इस पहेली वाले गेम से अनजान हैं तो बता दें कि इसमें क्यूब के हर फेस पर एक रंग लाना होता है. लियान ने रूबिक क्यूब को पांच बार साल्व किया. इन पांच कोशिशों का उनका औसत समय पहले 4.52 सेकंड और फिर 4.27 सेकंड रहा. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार चीन के सरकारी चैनल सीसीटीवी ने बताया कि चेंगदू की रहने वाली लियान 4.5 सेकंड से कम का औसत समय हासिल करने वाली पहली महिला स्पीडक्यूबर हैं.

सीसीटीवी की ओर से जारी एक वीडियो में छोटी बच्ची सिर पर लाल चेक वाला हेयर बो लगाए दिखाई दे रही है. वह तेजी से रूबिक क्यूब को घुमाती और उसके अलग-अलग हिस्सों को सही जगह पर लाती नजर आती है. पहेली हल करने के बाद वह क्यूब को टेबल पर रखती है, ताली बजाती है और खुशी में हवा में मुट्ठी लहराती है.

बचपन में ही मां ने ज्वाइन करा दिया क्लास

लियान को प्यार से 'झिझी' कहा जाता है. उनकी मां लिन यांगशी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि लियान को बचपन में एक क्लास में ज्वाइन कराए जाने के बाद पहली बार रूबिक क्यूब के बारे में पता चला. डांस और म्यूजिक की क्लास के साथ लियान यह भी सीखने लगी. लिन ने बताया कि उन्हें धीरे-धीरे समझ आया कि रूबिक क्यूब सॉल्व करने से बच्चे में कई तरह की क्षमताएं आती हैं. इसके बाद उन्होंने लियान का ध्यान इसी पर ज्यादा लगाने का फैसला किया. 

लिन के मुताबिक, उनकी बेटी अब रूबिक क्यूब हल करने के 1,300 से ज्यादा एल्गोरिदम सीख चुकी है. वह रोजाना 2 से 3 घंटे इसकी प्रैक्टिस करती है. रेड स्टार न्यूज की तस्वीरों में लियान की ट्रॉफियां उसके घर की एक शेल्फ पर रखी हुई दिखाई दीं.

यह भी पढ़ें: America's Got Talent में रोबोट्स का धमाल, डांस के बीच किए किक-पंच और बैकफ्लिप; जज से मिला गोल्डन बजर- VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rubik Cube, Rubik Cube World Record, Viral News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com