- सीएम विजय ने तमिलनाडु में 'पेरुंथलाइवर कामराजार मुफ्त नाश्ता योजना' लॉन्च की है.
- इस योजना के तहत स्कूलों में बच्चों को सुबह स्पेशल ब्रेकफास्ट दिया जाएगा.
- यह योजना राज्य के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता के. कामराज के नाम पर शुरू हुई है.
तमिलनाडु में सीएम विजय ने 'पेरुंथलाइवर कामराजार मुफ्त नाश्ता योजना' को लॉन्च कर दिया है. यह योजना राज्य के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता के. कामराज के नाम पर शुरू हुई है. तमिलनाडु में अब तक राज्य के स्कूलों में कक्षा 1 से 5वीं तक के बच्चों को सुबह नाश्ता दिया जाएगा. लेकिन अब 6 से 8 वीं तक के मिडिल स्कूल के छात्र भी इसके दायरे में आ गए हैं. सीएम विजय ने खुद चेन्नई के एक स्कूल में छात्रों को खाना परोसा और उनसे बातचीत करते हुए उनके साथ नाश्ता किया. बताया जा रहा है कि इससे 15 लाख 30 हजार छात्रों को फायदा होने वाला है. स्कूलों में मिलने वाले ब्रेकफास्ट के लिए स्पेशल मेन्यू भी तैयार किया गया है. जिसमें हर दिन नए व्यंजन छात्रों को दिए जाएंगे.
नाश्ते में क्या-क्या मिलेगा
- सोमवार और गुरुवार: रवा उपमा, सेवई उपमा या गेहूं रवा उपमा के साथ सांभर.
- मंगलवार: रवा वेजिटेबल खिचड़ी या बाजरा, मोटे अनाज से बनी खिचड़ी.
- बुधवार: बच्चों का पसंदीदा रवा पोंगल या वेज पोंगल.
- शुक्रवार और शनिवार: सप्ताह के आखिरी दिन मीठा पोंगल, रवा केसरी या सेवई केसरी जैसे मीठे पकवान.
ये वीडियो भी देखिए
सीएम विजय ने जमीन पर बैठकर किया नाश्ता
योजना की लॉन्चिंग के दौरान सीएम विजय ने खुद रसोइये की भूमिका में आकर बच्चों की थाली में गरमा-गरम नाश्ता दिया. इसके बाद प्रोटोकॉल से इतर उन्होंने क्लासरूम में बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर नाश्ता किया और उनसे पढ़ाई-लिखाई को लेकर मजेदार बातचीत भी की हैं. सीएम विजय का यह अंदाज बच्चों को भी बेहद पसंद आया. योजना के मुताबिक सप्ताह में कम से कम 2 दिन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मिलेट्स यानि मोटे अनाज का उपयोग जाएगा. यानि मोटे आनाज से बना नाश्ता जरूर दिया जाएगा.
कांग्रेस नेता के नाम पर योजना
तमिलनाडु में सीएम विजय की तरफ से शुरू की 'पेरुंथलाइवर कामराजार मुफ्त नाश्ता योजना' राज्य के पूर्व सीएम और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे के. कामराज (कुमारस्वामी कामराज) के नाम पर शुरू की गई है. उन्हें राज्य में प्यार से 'पेरुंथलाइवर' कहा जाता है. जिसका अर्थ होता है एक महान नेता. कामराज ने ही 1960 के दशक में तमिलनाडु में सबसे पहले स्कूलों में माध्याह्न भोजन की शुरुआत की थी. सीएम विजय ने भी स्कूली शिक्षा और बाल पोषण के क्षेत्र में कामराज के इसी विजन को आगे बढ़ाने की बात कही है.
हाईजीन का रखे विशेष ध्यान:सीएम विजय
बताया जा रहा है कि योजना की लॉन्चिंग के साथ ही सीएम विजय ने अधिकारियों को हाईजीन का खास ध्यान रखने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. स्थानीय निकायों और स्कूल प्रबंधन समितियों की देखरेख में रोजाना सुबह ताजा भोजन पकाया जाएगा. इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जाए कि जो मात्रा तय की गई है कि उसी में छात्रों को नाश्ता मिलना चाहिए.
ये भी पढ़ेंः अब तमिलनाडु के सीएम बनेंगे लाखों बच्चों के 'मामा', हर नवजात को देंगे अंगूठी; बस एक शर्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं