- अमेरिका के टैलेंट शो Americas Got Talent में चीन के डांसर वू युफेई के साथ रोबोट्स ने परफॉर्म किया
- Unitree कंपनी के G1 ह्यूमनॉइड रोबोट्स ने डांस, किक, पंच और बैकफ्लिप जैसे शानदार मार्शल आर्ट मूव्स दिखाए
- इस परफॉर्मेंस को जज सोफिया वर्गारा ने गोल्डन बजर दिया, जिससे यह ग्रुप सीधे अगले राउंड में पहुंच गया
सोचिए, दुनिया में टैलेंट के सबसे बड़े स्टेज पर इंसानों की तरह डांस करते हुए रोबोट नजर आएं और उनके साथ मार्शल आर्ट्स के मूव्स भी दिखें. अमेरिका के मशहूर टैलेंट शो America's Got Talent (अमेरिकाज गॉट टैलेंट) में ऐसा ही हैरान करने वाला परफॉर्मेंस देखने को मिला. चीन के डांसर वू युफेई के साथ इंसानों जैसे दिखने वाले रोबोट्स ने स्टेज पर डांस, किक, पंच और फ्लिप किए. इस परफॉर्मेंस में Unitree कंपनी के बने G1 ह्यूमनॉइड रोबोट्स शामिल थे. परफॉर्मेंस इतना शानदार था कि इसे गोल्डन बजर तक मिल गया.
इन रोबोट्स ने दूसरे कलाकारों के साथ बिल्कुल तालमेल में कई तरह के पोज, किक, फ्लिप और पंच किए. उन्होंने दिखाया कि वे अपना बैलेंस बनाए रखते हुए डांस और अलग-अलग तरह की मूवमेंट कर सकते हैं. इस परफॉर्मेंस में शानदार बैकफ्लिप भी शामिल थे, जिससे इसमें और ज्यादा जोश नजर आया.
रोबोट्स ने मिलाए हर कदम
डांस और मार्शल आर्ट्स के मूव्स के मेल ने इस एक्ट को बाकी प्रदर्शनों से एकदम अलग बना दिया. रोबोट्स ने इस पूरे रूटीन में अलग-अलग स्टेप्स और एक्शन को काफी आसानी से किया. इस प्रदर्शन का कंपीशन पर भी बड़ा असर पड़ा. शो की जज और अमेरिकी सिटकॉम शो मॉर्डन फैमली से पहचान बनाने वाली एक्ट्रेश सोफिया वर्गारा ने इस एक्ट के लिए अपने गोल्डन बजर का इस्तेमाल किया. इसका मतलब है कि यह ग्रूप सीधे अगले मुख्य दौर (लाइव शो या क्वार्टर फाइनल) में पहुंच गया है.
सोशल मीडिया पर लोगों का रिएक्शन
रोबोट वाले इस परफॉर्मेंस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और लोग इस पर जमकर रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "शायद यह अब तक रोबोट का सबसे शानदार और सबसे लचीला (फ्लेग्जिबल) मूवमेंट है."
एक अन्य यूजर ने कहा, "फाइनल परफॉर्मेंस देखने के लिए एक्साइटेड हूं."
तीसरे यूजर ने लिखा, "इस बार इनमें से कोई भी गिरा या खराब नहीं हुआ! लगता है कि उन्होंने अपनी प्रोग्रामिंग को और बेहतर किया है." चौथे यूजर ने इसे शानदार परफॉर्मेंस बताया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं