विज्ञापन

अमेरिका में भारतीय महिला निकिता गोदिशाला का कत्ल कर भागा, 8 महीने बाद आगरा से पकड़ा गया

निकिता के माता-पिता के अनुसार, शर्मा की नौकरी अगस्त-सितंबर 2025 के आसपास चली गई थी और उसके बाद उसने गोदिशाला और उसके परिवार के सदस्यों से पैसे उधार लिए थे.

अमेरिका में भारतीय महिला निकिता गोदिशाला का कत्ल कर भागा, 8 महीने बाद आगरा से पकड़ा गया
निकिता की हत्या के मामले में अर्जुन शर्मा को अमेरिका भी प्रत्यर्पित किया जा सकता है.
  • तेलंगाना की निकिता गोदिशाला की अमेरिका में पूर्व रूममेट अर्जुन शर्मा ने चाकू से वार कर हत्या की थी
  • अर्जुन शर्मा अमेरिका से फरार होकर भारत के आगरा में छिपा था, जहां उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया
  • हत्या के बाद शर्मा के खिलाफ अमेरिका में फर्स्ट और सेकंड-डिग्री मर्डर के आरोप लगे थे

तेलंगाना की रहने वाली निकिता गोदिशाला चार साल पहले अमेरिका गई तो एक रूममेट चुन लिया. मगर यही उसकी जान पर भारी पड़ा. रूममेट ने अपने फ्लैट में निकिता की हत्या की और अमेरिका से ही फरार हो गया. इसके बाद वो छुपता रहा, मगर 8 महीने बाद आखिरकार उसे आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने पुष्टि की है कि अमेरिका में नए साल की पूर्व संध्या पर अपनी पूर्व रूममेट की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में वांछित एक भारतीय व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है. 

अमेरिका के एलिकॉट सिटी की रहने वाली गोडिशाला के 2 जनवरी को लापता होने की सूचना मिली थी. हॉवर्ड काउंटी पुलिस ने बताया कि वह कोलंबिया, मैरीलैंड में अपने पूर्व रूममेट अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट में मृत पाई गईं और उनके शरीर पर चाकू के घाव थे. हॉवर्ड काउंटी पुलिस विभाग ने घोषणा की कि अर्जुन शर्मा उसी दिन विमान से भारत के लिए रवाना हो गया. उसे अमेरिका प्रत्यर्पित करने की कार्यवाही हो रही है.

Latest and Breaking News on NDTV

पुलिस ने शर्मा को गोदिशाला का पूर्व बॉयफ्रेंड बताया, लेकिन उनके पिता ने मीडिया को बताया कि दोनों रूममेट थे और उन्हें लगता है कि उनकी हत्या के पीछे आर्थिक मकसद था. अमेरिकी पुलिस ने शर्मा की गिरफ्तारी के लिए वारंट हासिल किया था. उस पर फर्स्ट और सेकंड-डिग्री मर्डर के आरोप थे; 

आगरा का पता कैसे चला

निकिता गोदिशाला (27) की हत्या के संदिग्ध अर्जुन शर्मा (26) का पता हैदराबाद पुलिस की एक टीम ने आगरा के एक फ्लैट में लगाया. यह पता तब चला जब पीड़िता के पिता आनंद गोदिशाला की शिकायत पर दर्ज धोखाधड़ी के मामले की जांच की जा रही थी.

भारत में मामला कैसे बना

भारत में अधिकारियों ने 4 जनवरी को गोदिशाला के परिवार को आधिकारिक तौर पर बताया कि निकिता को कई बार चाकू मारा गया था और माना जा रहा है कि उनकी मौत 31 दिसंबर, 2025 को हुई थी. हैदराबाद पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अप्रैल में तेलंगाना में शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था. यह मामला महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ था, जिसमें कहा गया था कि शर्मा ने महिला से पैसे लिए और धोखाधड़ी की, लेकिन पैसे वापस नहीं किए.

अधिकारी ने समाचार एजेंसी PTI को बताया, "जांच के दौरान कुछ सुराग मिलने पर पुलिस की एक टीम आगरा भेजी गई. टीम ने आरोपी को एक फ्लैट से पकड़ा और उसे (धोखाधड़ी के मामले में) नोटिस जारी किया. चूंकि अमेरिका में उसके खिलाफ पहले से ही मामला दर्ज था और एक NBW (गैर-जमानती वारंट) लंबित था, इसलिए केंद्रीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई."

अधिकारी ने आगे बताया कि इसके बाद केंद्रीय एजेंसियों ने शर्मा को नई दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया, जिसने हत्या के मामले में 25 अगस्त को उसे रिमांड पर भेज दिया. गोदिशाला पिछले चार साल से अमेरिका में रह रही थीं और वहां डेटा और स्ट्रैटेजी एनालिस्ट के तौर पर काम कर रही थीं. हैदराबाद में रहने वाले उनके परिवार ने दिल्ली में शर्मा की गिरफ्तारी का स्वागत किया और इसे एक अहम कामयाबी बताया.

निकिता के माता-पिता के अनुसार, शर्मा की नौकरी अगस्त-सितंबर 2025 के आसपास चली गई थी और उसके बाद उसने गोदिशाला और उसके परिवार के सदस्यों से पैसे उधार लिए थे. बयान में कहा गया है कि निकिता की मौत से पहले ही उसका अर्जुन से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था. यही नहीं अर्जुन के अमेरिका में दूसरों के साथ भी पैसों के लेन-देन थे.

यह भी पढ़ें-

हिमालय के ग्लेशियरों में 10 हेक्टेयर से बड़ी ढाई हजार झीलें, इन्हें क्यों कहा जाता है 'टाइम बम'?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nikitha Godishala, Nikitha Godishala Killer, Nikitha Godishala Murdered In US, Nikitha Godishala Murder, Nikitha Godishala Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com