जापान में जारी एशियन गेम्स में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों के पहुंचने और व्यवस्था की बदहाली की तस्वीरों का आना जारी हैं. शुक्रवार को जापान पहुंचने पर 35 सदस्यों वाली भारतीय शूटिंग टीम को लॉजिस्टिक्स से जुड़ी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. हालांकि हर देश की टीम को लॉजिस्टिक्स से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन भारतीय टीम का अनुभव शायद सबसे खराब रहा. नागोया पहुंचने के बाद कई भारतीय खिलाड़ियों को पहुंचने पर रहने की व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा और कमरों के लिसे घंटों इंतजार भी करना पड़ा. ऐसे में अब भारतीय खेल मंत्रालय हरकत में आया है और उसने भारतीय एथलीटों के लिए आइची-नागोया में खेलों के बेहतर आयोजन के लिए तीन-स्तरीय व्यवस्था की है.
एनडीटीवी को सूत्रों ने बताया है कि एशियन गेम्स 2026 के दौरान भारतीय खिलाड़ियों को आवास और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए भारत सरकार और भारतीय दल पूरी तरह सक्रिय हो गया है. खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने खुद स्थिति का जायजा लिया है, जबकि नागोया में भारतीय दल ने तीन-स्तरीय व्यवस्था तैयार की है.
इसके तहत 2000 से अधिक प्रवासी भारतीयों को बैकअप सपोर्ट के रूप में तैयार रखा गया है, एयरपोर्ट पर विशेष टीम तैनात की गई है और वेलकम सेंटर पर साई व डिप्टी शेफ-डी-मिशन के अधिकारी खिलाड़ियों की सहायता के लिए मौजूद हैं. खास बात यह है कि भारतीय दल के करीब 50 प्रतिशत सदस्य अभी नागोया पहुंचना बाकी हैं, ऐसे में भारत ने पहले से ही व्यापक तैयारियां कर ली हैं.
इससे पहले दिन में एशियाई खेलों में भारत के अभियान प्रमुख सहदेव यादव ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें पहुंचकर ही पता चला कि आयोजकों ने 30 से 35 भारतीय खिलाड़ियों को आवास व्यवस्था की सूची से निकाल दिया है जिससे भारत को उनके लिये कमरों का इंतजाम करना पड़ा.
यादव ने ध्वजारोहण समारोह से इतर कहा,"आयोजन समिति ने हमें बताया कि भारत से अपेक्षा से अधिक खिलाड़ी आ गए हैं लेकिन ऐसा नहीं है. हमने उतने ही खिलाड़ी भेजे हैं जितने तय हुए थे. लेकिन उन्होंने कुछ नाम हटा दिया जिनके लिये हमने होटल बुक किये. 30-35 खिलाड़ियों को लेकर परेशानी हुई है." उन्होंने कहा,"हमारी टीम ने फुर्ती दिखाते हुए कमरे बुक किये."
यादव ने कहा कि टीमों के आगमन पर व्यवस्था को लेकर कुप्रबंधन देखने को मिला है लेकिन कहा कि इस स्तर पर आयोजन में ऐसी दिक्कतें आती हैं. उन्होंने कहा,"कुप्रबंधन तो है लेकिन यह बड़ा आयोजन है और ऐसा होता है. हमें इससे आगे देखना है. हमें अपने खिलाड़ियों की समस्याओं का हल करना है और उन्हें रहने के लिये अच्छी जगह देनी है ताकि वे मानसिक और शारीरिक तौर पर अच्छी स्थिति में रहें और पदक जीत सकें."
यादव ने कहा कि सभी भारतीय खिलाड़ियों को अब कमरे मिल चुके हैं और कोई परेशानी नहीं है. उन्होंने कहा,"कल रात हमारे दो अभियान उप प्रमुख अलकनंदा अशोक और अंजलि भागवत खिलाड़ियों को लेने हवाई अड्डा गए थे. हमने होटल के 18 कमरे बुक किये हैं और आज 10 और करेंगे जिसमें 30 खिलाड़ी आ सकें."
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: मेरे साथ ही क्यों?' सालों तक परेशान करता रहा यह सवाल, अब जवाब देने उतरेंगी निशा दहिया
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: 17000 मेहमान और सामने खतरनाक तूफान! एथलीटों और अधिकारियों ने की बदइंतजामी की शिकायत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं