विज्ञापन

होर्मुज में जहाजों पर हमले के बाद की तस्वीरें आईं सामने, सैटेलाइट इमेज में दिखीं ईरान की फास्ट अटैक बोट्स

ईरानी सुरक्षा बलों ने बुधवार को होर्मुज से गुजर रहे तीन जहाजों पर हमला किया था. इनमें से एक जहाज भारत की तरफ आ रहा था. हमले के बाद दो जहाजों को कब्जे में ले लिया.

होर्मुज में जहाजों पर हमले के बाद की तस्वीरें आईं सामने, सैटेलाइट इमेज में दिखीं ईरान की फास्ट अटैक बोट्स

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से सीजफायर आगे बढ़ाने के ऐलान के कुछ ही घंटों बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में तीन जहाजों पर गोलीबारी कर दी. दो जहाजों को जब्त कर लिया. अब सैटलाइट तस्वीरों से सामने आया है कि ये हमला किस कदर भयानक था. तस्वीरों में ईरान की स्पीड बोट्स साफ दिखाई दे रही हैं. 

तेहरान टाइम्स ने जो सैटलाइट तस्वीरें जारी की हैं, उनमें ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की दर्जनों स्पीड बोट्स समंदर में नजर आ रही हैं. तस्वीरों में करीब 33 बोट नजर आ रही हैं. तस्वीरों से साफ है कि ये बेहद तेजी से पेट्रोलिंग करती दिख रही हैं. ये तस्वीरें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास करगान तट के पास की बताई जी रही हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

दावा किया जा रहा है ये बोट दो बड़े जहाजों को जब्त करने के बाद लौट रही थीं. ये तस्वीरें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के उन दावों पर भी सवाल उठाती है, जिनमें वह कहते रहे हैं कि उन्होंने ईरानी बंदरगाहों की पूरी तरह नाकाबंदी कर दी है और ईरान से आने-जाने वाले सभी जहाजों को रोक दिया है. 

ईरान के सुरक्षा बलों ने बुधवार को होर्मुज से गुजर रहे जिन तीन जहाजों पर हमला किया था, उनमें से एक जहाज भारत की तरफ आ रहा था. हमले के बाद ईरानी सेना ने दो जहाजों को कब्जे में ले लिया. इनमें भारत आ रहा जहाज भी शामिल बताया जा रहा है. 

देखें- भारत आ रहे जहाज समेत दो को ईरान ने बनाया बंधक, होर्मुज में IRGC ने गोलीबारी भी की

ईरान के सरकारी मीडिया ने तीनों जहाजों की पहचान लाइबेरिया के झंडे वाले एपामिनोंडास, पनामा के झंडे वाले MSC फ्रांसेस्का और यूफोरिया के रूप में की है. इस घटना में कम-से-कम एक जहाज को भारी नुकसान की खबर है. हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. 

जहाज ट्रैकिंग सर्विस VesselFinder के AIS डेटा के मुताबिक, एपामिनोंडास जहाज ने भारत को अपना गंतव्य बताया था. सबसे पहले इसी जहाज पर गोलीबारी हुई थी. हमले से जहाज के कमांड सेंटर को काफी नुकसान पहुंचा.

देखें- हमारे नेतृत्व के बीच फूट की बातें सिर्फ एक 'झूठ': ईरान राष्ट्रपति कार्यालय का ट्रंप को दोटूक जवाब

UK मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर ने बताया था कि ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की गन बोट ने होर्मुज स्ट्रेट में ओमान से 15 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व की ओर इस कंटेनर जहाज पर गोलीबारी की थी. 

IRGC के हमले के शिकार अन्य जहाजों में एमएससी फ्रांसेस्का श्रीलंका के हम्बनटोटा बंदरगाह की ओर जा रहा था जबकि यूफोरिया जहाज का गंतव्य जेद्दा था. ईरान का कहना है कि ये जहाज उसके समुद्री नियमों का उल्लंघन कर रहे था और उसकी चेतावनियों को इन्होंने नजरअंदाज किया था.

देखें- सीजफायर को लेकर ट्रंप ने कहा शुक्रवार तक हो सकती है बात, ईरान बोला - अभी नहीं
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com