विज्ञापन

VIDEO: एक पावर बैंक ने पूरे प्लेन में मचाया हड़कंप, कैमरे में कैद आग का खौफनाक मंजर

चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस की फ्लाइट MU2421 में हुआ यह वाकया, प्लेन एयरपोर्ट पर लैंड कर चुका था और टर्मिनल की ओर बढ़ रहा था.

VIDEO: एक पावर बैंक ने पूरे प्लेन में मचाया हड़कंप, कैमरे में कैद आग का खौफनाक मंजर
Viral Video: चीन की एक फ्लाइट में पावर बैंक में लगी आग (फोटो- सोशल मीडिया)

हवाई जहाज के अंदर अचानक आग की लपटें उठने लगें, तो सोचिए वहां बैठे यात्रियों की क्या हालत होगी. चीन में एक फ्लाइट में ऐसा ही डरावना नजारा देखने को मिला, जब उसके अंदर मौजूद एक पावर बैंक में अचानक आग लग गई. यह घटना 24 जुलाई 2026 को चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस की फ्लाइट MU2421 में हुई. एयरबस A320 विमान लानझोउ से गुइयांग लॉन्गदोंगबाओ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच चुका था और टर्मिनल की ओर बढ़ रहा था. इसी दौरान एक यात्री के हैंड बैग में रखा पावर बैंक अचानक जलने लगा.

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान के अंदर धुआं और आग की लपटें साफ दिखाई दे रही हैं. ओवरहेड लगेज कंपार्टमेंट खुला हुआ है और उसी में आग लगी है. वीडियो में एक फ्लाइट अटेंडेंट बिना घबराए कंपार्टमेंट तक पहुंचती है, जबकि बाकी क्रू मेंबर भी आग बुझाने में जुट जाते हैं.

साउथ चाइना मार्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार एक यात्री ने बताया कि विमान के आगे बैठे लोगों ने जैसे ही धुआं और आग देखी, वे घबराकर चिल्लाने लगे और वहां से हटने की कोशिश करने लगे. यात्री ने कहा, "पहले मुझे लगा कि विमान के बाहर आग लगी है, लेकिन ऊपर देखा तो सामान रखने वाली जगह से आग की लपटें निकल रही थीं." एक दूसरे यात्री के मुताबिक, पूरे हादसे के दौरान केबिन क्रू शांत रहा. उन्होंने लगातार यात्रियों से घबराने की बजाय अपनी जगह पर रहने की अपील की और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया. बाद में एयरपोर्ट के फायरफाइटर्स भी विमान तक पहुंचे.

इस हादसे में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई. हालांकि विमान के अंदर धुएं से मामूली नुकसान जरूर हुआ.

लिथियम बैटरी में खतरा ज्यादा

दरअसल, लिथियम बैटरी वाले पावर बैंक में आग लगने का खतरा लंबे समय से चिंता का विषय रहा है. इसी वजह से चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस यात्रियों को पावर बैंक सिर्फ केबिन बैग में ले जाने की अनुमति देती है, लेकिन उसे ओवरहेड कंपार्टमेंट में रखने की इजाजत नहीं है. उड़ान के दौरान पावर बैंक से मोबाइल या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस चार्ज करना भी मना है.

चीन ने जून 2025 में भी पावर बैंक को लेकर नियम और सख्त कर दिए थे. बिना 3C सर्टिफिकेशन वाले या संदिग्ध लेबल वाले पावर बैंक पर रोक लगा दी गई थी. इससे पहले मार्च 2025 में भी एक फ्लाइट में ओवरहेड कंपार्टमेंट में रखे पावर बैंक में आग लगने के बाद विमान को बीच रास्ते आपात लैंडिंग करानी पड़ी थी. उस घटना में भी सभी 168 यात्री और क्रू सुरक्षित बच गए थे.

यह भी पढ़ें: जापान के इस शहर में बनने जा रही पहली मस्जिद, मचा खूब बवाल, यह डर है या नफरत?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Plane Accident, Plane Fire Viral Video, Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com