विज्ञापन
This Article is From Jun 28, 2019

पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से की मुलाकात, ईरान और रक्षा संबंधों पर हुई बात

जापान के ओसाका में पीएम मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की. इस मौके पर दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी हुई.

Also Read in
पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप
  • पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई मुलाकात
  • दोनों नेताओं के बीच ईरान और रक्षा संबंधों पर हुई बात
  • ट्रंप बोले- मैं और पीएम मोदी वाकई अच्छे दोस्त बन गए
नई दिल्ली:

जापान के ओसाका में पीएम मोदी (Narendra Modi) ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) से मुलाकात की. इस मौके पर दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई. मुख्य चर्चा ईरान और रक्षा संबंधों पर हुई. वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, 'मैं और पीएम मोदी वाकई अच्छे दोस्त बन गए हैं और हमारे देश कभी इतने करीब नहीं रहे.' ट्रंप ने पीएम को जी20 समिट से इतर मुलाकात के लिए धन्यवाद दिया. ट्रंप ने कहा, 'मैं इस बात को पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि हम कई तरीकों से एक साथ काम करेंगे जिसमें मिलिट्री भी शामिल होगी. हम आज ट्रेड पर चर्चा करेंगे.' ट्रंप ने पीएम मोदी को चुनाव में जीत के लिए बधाई भी दी.

यह वार्ता इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि दोनों देशों के बीच टैरिफ बढ़ाने को लेकर विवाद जारी है. बता दें कि वाशिंगटन द्वारा एक जून को भारत को लंबे समय से दी जा रही अपनी व्यापार रियायतें वापस लेने के जवाब में नई दिल्ली ने इस महीने की शुरुआत में 28 उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाया था.

...जब जापान में PM मोदी के कार्यक्रम में लगे 'वंदे मातरम' और 'जय श्रीराम' के नारे, देखें VIDEO

हालांकि, कल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सोशल मीडिया पर एक पोस्ट से यह संकेत मिला था कि अब उनके बचाव की मुद्रा में आने की उम्मीद है. ट्रंप ने ट्वीट किया था कि "मैं इस तथ्य के बारे में प्रधानमंत्री मोदी के साथ बात करने के लिए उत्सुक हूं कि भारत, अमेरिका पर बहुत अधिक टैरिफ लाद रहा है. अभी हाल ही में टैरिफ में और भी वृद्धि हुई है. यह अस्वीकार्य है और टैरिफ को वापस लेना चाहिए."

इससे पहले गुरुवार की सुबह शिखर सम्मेलन के लिए ओसाका पहुंचने पर, पीएम मोदी का उनके जापानी समकक्ष शिंजो अबे ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया था. बुलेट ट्रेन परियोजना और भगोड़े आर्थिक अपराधियों सहित कई विषयों पर चर्चा के लिए दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय शिखर बैठक की थी.

जापान के कोबे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा था कि भारत का लक्ष्य अगले पांच साल में 5,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का है और इस क्रम में भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय रणनीतिक संबंध और मजबूत होंगे. जापान में भारतीय समुदाय ने पीएम नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत किया था और "भारत माता की जय" और "जय श्री राम" के नारे लगाए थे.

जापान में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए बोले PM मोदी- हमारी लोकतांत्रिक संस्थाएं और प्रणाली दुनिया में अग्रणी

पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा था, ‘आज भारत में ऐसा कोई भी हिस्सा नहीं है जहां जापान की परियोजनाओं या निवेश की छाप नहीं हो. इसी तरह भारत की प्रतिभा और श्रमबल ने जापान को मजबूत बनाने में योगदान दिया है.' उन्होंने कहा, "अगले पांच साल में हमारा लक्ष्य भारत को 5,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है. सामाजिक क्षेत्र हमारी शीर्ष प्राथमिकता है. हम बुनियादी ढांचा विकास विशेषकर डिजिटल आधारभूत संरचना पर भी ज्यादा ध्यान देंगे."    

पीएम मोदी ने जोर दिया था कि दशकों से जापान भारत के विकास में भागीदार रहा है. जापान "नए भारत" के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा." उन्होंने कहा कि दोनों ने कार बनाने के लिए आपस में सहयोग की शुरुआत की थी और अब दोनों मिलकर बुलेट ट्रेन बनाने जा रहे हैं. मोदी ने कहा, "हम जल्द ही चंद्रयान-दो लांच करने वाले हैं. साल 2022 तक हमारी योजना मानवसहित अंतरिक्ष यात्रा अभियान के तहत गगनयान छोड़ने की है." (इनपुट: एजेंसी)

VIDEO : भारतीय समुदाय से रूबरू हुए पीएम मोदी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Narendra Modi, US President Donald Trump, Bilateral Meet
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com