Viral News: आजकल लोग चॉकलेट मैगी खा रहे, गुलाबजामुन भरे समोसे खा रहे. ऐसे अजीब कॉम्बिनेशन वाले फूड के सामने एक इटली के शेफ ने झुकने से इनकार कर दिया है, भले इसके लिए उसे नौकरी से ही क्यों नहीं निकाल दिया गया. ऑस्ट्रेलिया के ब्रिसबेन के एक रेस्टोरेंट से इस इटली के शेफ को इसलिए निकाल दिया गया क्योंकि उसने पिज्जा पर पाइनएप्पल यानी अनानास डालने से मना कर दिया था. उसके अनुसार पिज्जा पर पाइनएप्पल के टॉपिंग्स डालना उसकी संस्कृति का अपमान था.
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार इस शेफ का नाम डेविड टैम्बुरेला है और उसे मई में 'ला कोस्टा' रेस्टोरेंट से निकाल दिया गया था. अब यह रेस्टोरेंट बंद हो चुका है. यह कदम मैनेजमेंट के साथ मीटिंग के दो हफ्ते बाद उठाया गया, जिसमें शेफ के बर्ताव को लेकर कई शिकायतें थीं. इनमें से एक मामला यह था कि टैम्बुरेला ने एक फंक्शन में मेहमानों के लिए 'हैम और पाइनएप्पल पिज्जा' देने से मना कर दिया था. उस वक्त शेफ ने कहा था कि मैनेजमेंट का कोई भी ऐसा आदेश मानने की जरूरत नहीं है, जो उसकी संस्कृति के खिलाफ हो.
अब सामने आया मामला
यह जानकारी तब सामने आई जब शेफ ने ऑस्ट्रेलिया के 'फेयर वर्क कमीशन' में शिकायत दर्ज कराई कि उसे गलत तरीके से नौकरी से निकाल दिया गया है. इस रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को जारी अपने फैसले में, कमीशन ने बताया कि टैम्बुरेला ने पिज्जा पर पाइनएप्पल डालने से इसलिए मना कर दिया था क्योंकि "इटैलियन होने के नाते, उनका मानना है कि पिज्जा पर पाइनएप्पल डालना उनकी संस्कृति का अपमान है".
यह भी पढ़ें | 10 इंच का ऑर्डर किया पिज्जा, मिला सिर्फ 7 इंच का, Customer को मिला इतना मुआवजा कि लोग रह गए हैरान
पाइनएप्पल का गढ़ है यह राज्य
जिस ब्रिसबेन में यह रेस्टोरेंट है, वह क्वींसलैंड राज्य का शहर है. बता दें कि क्वींसलैंड ऑस्ट्रेलिया का अनानास का गढ़ माना जाता है. देश में बिकने वाले सारे अनानास वहीं उगते हैं. यहां तो सनशाइन कोस्ट पर 16 मीटर ऊंचा फाइबरग्लास का अनानास भी बना हुआ है, जिसके साथ लोग फोटो खिंचवाने रुकते हैं. इसे यहां के लोग द बिग पाइनएप्पल कहते हैं और जो अब वहां का मशहूर लैंडमार्क बन गया है.
यह भी पढ़ें | डिलीवरी के वक्त मां की जान बचा रही 75 रुपये की प्लास्टिक, हर साल मरने वालीं 70 हजार मांओं के लिए संजीवनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं