विज्ञापन
This Article is From Nov 19, 2015

फ्रांसीसी अधिकारी ने बताया, पुलिस रेड में ही मारा गया पेरिस हमलों का 'मास्टरमाइंड'

फ्रांसीसी अधिकारी ने बताया, पुलिस रेड में ही मारा गया पेरिस हमलों का 'मास्टरमाइंड'
पेरिस हमलों के संदिग्ध मास्टरमाइंड अब्देलहमीद अबाउद (फाइल फोटो)
पेरिस: फ्रांस के गृहमंत्रालय और पेरिस के अभियोजक के दफ्तर ने कहा है कि बुधवार को हुई छापेमारी के दौरान मारे गए लोगों में पेरिस हमले का संदिग्ध मास्टरमाइंड अब्देलहामिद अबाउद भी शामिल है।

इससे पहले पेरिस के उपनगरीय इलाके में बुधवार को हुई छापेमारी के दौरान मारे गए दो आतंकियों में से एक महिला थी, जिसने खुद को उड़ा लिया है। एएफपी की खबर के मुताबिक, दूसरे मृतक के त्वचा के नमूने की जांच के बाद एजेंसी ने इस बात की पुष्टि की है कि मारे गए लोगों में 27 वर्षीय अबाउद भी शामिल है। (पेरिस हमलों के संदिग्ध मास्टरमाइंड अबाउद के बारे में जानें सब कुछ)

पुलिस ने टैप किए गए फोन कॉल, निगरानी से सूचना प्राप्त होने और गुप्त सूचना प्राप्त होने के बाद अभियान शुरू किया था। उन्हें वहां अबाउद के छिपे होने की सूचना मिली थी। इस इलाके में सुबह साढ़े चार बजे से हुई फायरिंग के बाद अब यहां सेना की तैनाती कर दी गई है। मुठभेड़ के दौरान इस इलाके में 7 धमाकों की आवाज सुनी गई है।

फ्रांस में इमरजेंसी बढ़ाने का प्रस्ताव
उधर प्रधानमंत्री मैन्युअल वाल्स ने चेतावनी दी है कि पिछले हफ्ते फ्रांस को निशाना बनाने वाले आतंकवादियों के सहयोगी देश में 'रासायनिक या जैविक हथियारों' का इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने संसद से आपातकाल की स्थिति को विस्तारित करने की अपील की थी। (फ्रांसीसी पीएम ने जताई रासायनिक या जैविक हमले की आशंका)

पिछले शुक्रवार के हमले के बाद घोषित आपात स्थिति को तीन महीने के लिए विस्तारित करने के लिए वाल्स ने संसद के निचले सदन में एक विधेयक पेश किया था, जिसे निचले सदन ने मंजूरी दे दी है। अब शुक्रवार को यह विधेयक उच्च सदन में पेश किया जाएगा।

आपको बता दें कि पेरिस में बीते शुक्रवार हुए देश के अब तक के सबसे बड़े हमले में 129 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी की जांच के तहत पुलिस ने उत्तरी पेरिस में आतंक विरोधी छापेमारी की थी, जिस दौरान वहां अचानक जबरदस्त गोलीबारी होने लगी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पेरिस हमला, फ्रांस हमला, पेरिस आतंकवादी हमला, आईएसआईएस, इस्लामिक स्टेट, फ्रांस, अब्देलहमीद अबाउद, Paris Attack, France Attack, ISIS, Islamic State