विज्ञापन

इजरायली चुरा रहे फिलिस्तीनी लोगों के भेड़? बकरीद से पहले क्यों लग रहे ऐसे आरोप

आम तौर पर इस सीजन में भेड़ें बेचकर जो आमदनी होती थी, उसी से पूरे साल का खर्च चलता था. लेकिन इजरायली के लोग इनके घर से चोरी कर रहे हैं. इस इलाके में फलस्तीनी चरवाहों के साथ ऐसी ज्यादती कोई नई बात नहीं है.

इजरायली चुरा रहे फिलिस्तीनी लोगों के भेड़? बकरीद से पहले क्यों लग रहे ऐसे आरोप
सांकेतिक तस्वीर
Pixabay

ईद-उल-अजहा (बकरीद) की तैयारियां चल रही हैं. लेकिन फलस्तीनी महिला चरवाहा समीहा रशीद के घर कोई गम का माहौल है. ईद से ऐन पहले, तड़के सुबह कुछ यहूदी सेटलर्स उनके घर में घुसे और उनकी पूरी आजीविका यानी उनकी भेड़ें हांक ले गए. अब रशीद के सामने कोई विकल्प नहीं है.

समीहा ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बताया कि सेटलर्स ने उनके बाड़े से करीब 45 भेड़ें चोरी कर लीं. इस वारदात को अंजाम देने के लिए बाकायदा साजिश रची गई थी. चोरों ने सबसे पहले परिवार के रखवाले कुत्तों को गायब कर दिया, ताकि जब वे तड़के सुबह धावा बोलें, तो कोई शोर न मचे और कोई जाग न पाए. सीसीटीवी फुटेज में भी साफ दिख रहा है कि नकाबपोश लोग रात के अंधेरे में भेड़ों को हांक कर ले जा रहे हैं.

समीहा ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया, "यही हमारी रोज़ी-रोटी का इकलौता जरिया था. मैं और मेरे शौहर इन्हीं भेड़ों के भरोसे बसर करते हैं. मेरे शौहर को कैंसर है, अब मेरे पास न तो उनके इलाज के लिए पैसे बचे हैं और न ही खुद के खर्च के लिए." 

अब कुछ नहीं बचा

आम तौर पर इस सीजन में भेड़ें बेचकर जो आमदनी होती थी, उसी से पूरे साल का खर्च चलता था, लेकिन अब समीहा के पास कुछ नहीं बचा. इस इलाके में फलस्तीनी चरवाहों के साथ ऐसी ज्यादती कोई नई बात नहीं है.

समीहा ने बताया कि सेटलर्स आए दिन चरवाहों को निशाना बनाते हैं. वे घरों और मासूम बच्चों पर पेपर स्प्रे (मिर्च का गैस) छिड़कते हैं ताकि लोग दहशत में रहें और अपनी जमीनों को छोड़ दें. अक्टूबर 2023 में गाज़ा जंग शुरू होने के बाद से वेस्ट बैंक में फलस्तीनियों के खिलाफ सेटलर्स की इस हिंसा में बेतहाशा इजाफा हुआ है.

जब इस भेड़ चोरी के बारे में इजरायली सेना से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इलाके में सैनिक भेजे थे, लेकिन वहां कोई सेटलर्स नहीं दिखे, इसलिए मामला इजरायली पुलिस को सौंप दिया गया है. वहीं दूसरी तरफ, यहूदी बस्तियों का प्रतिनिधित्व करने वाली म्यूनिसिपल काउंसिल (येशा काउंसिल) ने इस मामले पर कोई भी जवाब देने से इनकार कर दिया.

इस साल अब तक 4,000 मवेशियों की लूट

फलस्तीनी कृषि मंत्रालय के प्रवक्ता महमूद फताफता के आंकड़े हैरान करते हैं. उनके मुताबिक, साल 2026 की शुरुआत से लेकर अब तक सेटलर्स फलस्तीनी चरवाहों की करीब 4,000 भेड़-बकरियां और मवेशी लूट चुके हैं. इन हमलों की वजह से गरीब फलस्तीनी किसानों को अब तक 50 लाख डॉलर (करीब 41 करोड़ रुपये) से ज्यादा का माली नुकसान हो चुका है.

समीहा कहती हैं, "हर साल ईद के मौके पर हम कुछ भेड़ें अल्लाह की राह में कुर्बान करते थे और बाकी को बाजार में बेच देते थे. लेकिन इस बार हमारे पास एक भी भेड़ नहीं बची. न तो कुर्बानी देने के लिए और न ही अपना पेट पालने के लिए बेचने के लिए."

यह भी पढ़ें: बेल्जियम में स्कूल बस की ट्रेन से टक्कर, कई लोगों की मौत की खबर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com