माइक्रोसॉफ्ट की 'आउटलुक' और 'टीम्स' जैसी सर्विसेस शुक्रवार को कई घंटों तक बंद रही. इस कारण अमेरिका से लेकर भारत तक बड़ी संख्या में यूजर्स, कंपनियां और कुछ सरकारी कामकाज पर असर पड़ा. अब माइक्रोसॉफ्ट ने इस आउटेज का कारण बता दिया है.
कंपनी का कहना है कि ऐसा 'नेटवर्क अपग्रेड' के कारण हुआ था. कंपनी ने इस आउटेज के पीछे AI या साइबर अटैक की आशंका को खारिज कर दिया है.
शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक, टीम्स, कोपायलट और माइक्रोसॉफ्ट 365 जैसी सर्विसेस ठप हो गई थीं. अभी भी इन्हें धीरे-धीरे बहाल करने का काम चल रहा है.
माइक्रोसॉफ्ट ने एक ऑनलाइन पोस्ट में साफ किया कि यह एक तकनीकी समस्या थी, जिसका साइबर या AI एजेंटों से कोई लेना-देना नहीं है. कंपनी की सेवाएं धीरे-धीरे बहाल हो रही हैं.
माइक्रोसॉफ्ट ने क्या कहा?
इस आउटेज पर माइक्रोसॉफ्ट ने एक बयान जारी किया है. X पर पोस्ट किए इस बयान में कंपनी ने कहा, 'इस घटना की वजह से जो परेशानी हुई, उसके लिए हमें गहरा खेद है. हम जानते हैं कि वे हमारी सर्विसेस पर भरोसा करते हैं और हम इस जिम्मेदारी को बहुत गंभीरता से लेते हैं. हमारी सभी सर्विसेस में अब काफी हद तक सुधार और स्थिरता आ रही है.'

माइक्रोसॉफ्ट ने साफ किया कि इस आउटेज की वजह साइबर अटैक या AI एजेंट्स नहीं हैं. माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, 'यह एक तकनीकी समस्या थी, जिसका साइबर अटैक या AI एजेंट्स से कोई लेना-देना नहीं है. यह समस्या नेटवर्क अपग्रेड करने के दौरान आई थी. हमने मूल समस्या को ठीक कर दिया है और बाकी सेवाओं को बहाल करने का काम जारी है.'
इस बयान में आगे कहा गया है कि मांग के बड़े स्तर को देखते हुए धीरे-धीरे सेवाएं बहाल की जा रही हैं. इसमें भले ही थोड़ा ज्यादा समय लगा लेकिन इससे सेवाओं को पूरी तरह से स्थिर तरीके से बहाल करने में मदद मिली.
यह भी पढ़ें | Outlook यूजर्स को 16 घंटे बाद राहत, पर Microsoft ने 48 घंटे तक बढ़ाया टाइमआउट, आपको हो सकती हैं ये दिक्कतें
पूरी दुनिया में ठप हो गई थी सर्विसेस
माइक्रोसॉफ्ट की सर्विसेस पूरी दुनिया में ठप हो गई थीं. आउटलुक ईमेल सर्विस भी ठप हो गई थी. इस दौरान न तो ईमेल आ रहे थे और न ही जा रहे थे.
सर्विसेस डाउन होने की घटनाओं पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'डाउनडिटेक्टर' पर गुरुवार को 1.30 लाख से ज्यादा यूजर्स ने आउटलुक का इस्तेमाल करने में परेशानी की शिकायत की थी.
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया है कि ईमेल की देरी को संभालने के लिए 48 घंटे की ईमेल टाइमआउट व्यवस्था अभी लागू है, ताकि सभी पेंडिंग ईमेल सुरक्षित तरीके से पहुंच सकें.
माइक्रोसॉफ्ट की सर्विसेस डाउन रहने का भारत पर भी बड़ा असर पड़ा था. इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा एयर ने बताया कि आउटलुक डाउन रहने के कारण ग्राहक सहायता सेवाओं पर असर पड़ा. इससे उन्हें यात्रियों के सवाल लेने और उनका जवाब देने में परेशानी हुई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं