विज्ञापन

इजरायल का खौफ या पाकिस्तान खलीफा बनने की फिराक में, सऊदी और तुर्की के साथ 'मुस्लिम NATO' का आज ऐलान

पिछले साल सऊदी अरब और परमाणु हथियारों से लैस पाकिस्तान के बीच एक बड़ा रक्षा समझौता हुआ था. इसके तहत किसी भी देश के खिलाफ किसी भी आक्रामकता को दोनों के खिलाफ आक्रामकता माना जाएगा. इसे ही मुस्लिम नाटो नाम दिया गया.

इजरायल का खौफ या पाकिस्तान खलीफा बनने की फिराक में, सऊदी और तुर्की के साथ 'मुस्लिम NATO' का आज ऐलान
पाकिस्तान और सऊदी अरब का ‘मुस्लिम NATO' नए मेंबर तुर्की का स्वागत करने को तैयार
  • पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की आज जेद्दा में एक संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर करने वाले हैं- रिपोर्ट
  • समझौता क्षेत्रीय सुरक्षा साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से अमेरिका- ईरान जंग के बाद तेजी से किया जा रहा है
  • मुस्लिम नाटो की स्थापना पिछले साल पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच हुई थी, तुर्की के शामिल होने से फैल रहा दायरा

पिछले साल पाकिस्तान और सऊदी अरब ने मिलकर तथाकथित मुस्लिम नाटो की नींव रखी थी और अब उसमें एक और एंट्री हो रही है. पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की शुक्रवार, 7 अगस्त को जेद्दा में एक संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे. न्यूज एजेंसी एएफपी ने सऊदी सेना और सरकार से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह खबर छापी है. अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के बाद क्षेत्रीय देश अपनी सुरक्षा साझेदारी को मजबूत करना चाहते हैं. इस युद्ध की वजह से खाड़ी देशों पर भी असर पड़ा है और होर्मुज और लाल सागर से होने वाला समुद्री व्यापार प्रभावित हुआ है.

एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार एक सूत्र ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि इस समझौते पर काफी समय से चर्चा चल रही थी, लेकिन हाल की क्षेत्रीय घटनाओं ने इसकी प्रक्रिया को तेज कर दिया है. सऊदी सरकार से जुड़े एक दूसरे सूत्र ने भी गुमनाम रहने की शर्त पर पुष्टि की कि इस समझौते पर शुक्रवार को हस्ताक्षर किए जाएंगे.

सऊदी पहुंच चुके हैं मुनीर और शरीफ

सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान लाल सागर के तट पर बसे शहर जेद्दा में तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात करेंगे. शहबाज शरीफ और पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर गुरुवार को सऊदी अरब पहुंच गए. उनका दौरा शनिवार तक चलेगा. वहीं, तुर्की की राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, रेचेप तैयप एर्दोआन शुक्रवार को पहुंचेंगे.

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह दौरा 6 अगस्त से 8 अगस्त तक होगा. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने गुरुवार को कहा, "हालांकि यह दौरा खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच हो रहा है, लेकिन इसका महत्व सिर्फ मौजूदा संकट और छोटे समय के मुद्दों तक सीमित नहीं रहेगा."

आखिर क्या है मुस्लिम नाटो?

मुस्लिम नाटो को समझने के लिए आपको पहले नाटो समझना होगा. नाटो (NATO) का पूरा नाम 'उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन' है. यह यूरोप और उत्तरी अमेरिका के 32 लोकतांत्रिक देशों का एक सैन्य और राजनीतिक गठबंधन है, जिसकी स्थापना 1949 में की गई थी. इसका मुख्य उद्देश्य अपने सदस्य देशों की सुरक्षा और स्वतंत्रता की रक्षा करना है. इस सैन्य संगठन का अनुच्छेद 5 कहता है कि एक सदस्य देश के खिलाफ किसी भी तरह की आक्रामकता को सभी पर हमला माना जाएगा. सऊदी और पाकिस्तान के बीच बीते साल सितंबर में हुए समझौते की मूल बात भी यही थी. इस गठबंधन के सामने आने के बाद से ही इसे 'मुस्लिम नाटो' का नाम दिया जाने लगा. फिर बात आई की यह दोनों देश इसके दायरे को बढ़ाएंगे.

पिछले कई महीनों से तुर्की को जोड़कर, इन तीनों देशों के बीच संभावित रणनीतिक गठबंधन को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं. पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म कराने के लिए मध्यस्थता की कोशिश की है, जबकि तुर्की ने गाजा युद्ध समाप्त करने के लिए चल रही बातचीत में कूटनीतिक भूमिका निभाई है. याद रहे कि सऊदी अरब और पाकिस्तान के संयुक्त रक्षा समझौते ने इसलिए खास ध्यान खींचा था, क्योंकि पाकिस्तान मुस्लिम दुनिया का इकलौता परमाणु हथियारों से लैस देश है.

यह भी पढ़ें: 'मुस्लिम NATO' में चीन भी होगा शामिल? पाकिस्तान ने तुर्की से दिया बड़ा सिग्नल- ड्रैगन की नई चाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan Saudi Arabia Defence Deal, Muslim Nato, Pakistan News Today
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com