हमारे पड़ोस में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं. पेट्रोल की कीमत में 6.39 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई स्पीड डीजल (एचएसडी) की कीमत में 7.83 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. नई कीमतें 23 जुलाई, गुरुवार से ही लागू हो गई हैं. आप समझ ही गए होंगे कि हम पड़ोसी देश पाकिस्तान की बात कर रहे हैं.
पेट्रोलियम डिवीजन की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक अब पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 327.12 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं हाई स्पीड डीजल की कीमत बढ़कर 375.04 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है.
अब रोज बदलेगी फ्यूल की कीमत
17 जुलाई को पाकिस्तान सरकार ने ऐलान किया था कि अब फ्यूल की कीमतें हर हफ्ते नहीं, बल्कि हर दिन तय की जाएंगी. पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक और सूचना मंत्री अत्ता तरार ने बताया कि सरकार ने डेली प्राइसिंग सिस्टम लागू कर दिया है. अब ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी यानी ओगरा अपनी वेबसाइट पर हर दिन नई कीमत जारी करेगी.
सरकार के मुताबिक ओगरा इंटरनेशनल मार्केट के ट्रेंड के आधार पर फ्यूल की कीमत तय करेगी. हर दिन घोषित होने वाली कीमत पिछले सात दिनों के इंटरनेशनल मार्केट के एवरेज पर आधारित होगी. सरकार ने यह भी कहा कि इंटरनेशनल मार्केट में बदलाव के हिसाब से कीमतें अपने आप तय होंगी और इसके लिए पेट्रोलियम मंत्री, सूचना मंत्री या किसी अन्य व्यक्ति की मंजूरी की जरूरत नहीं होगी.
कीमत बढ़ते ही ट्रांसपोर्ट का किराया भी बढ़ा
17 जुलाई को फ्यूल की कीमत बढ़ने के बाद रावलपिंडी और इस्लामाबाद में पब्लिक ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स ने तुरंत किराया बढ़ा दिया. पब्लिक ट्रांसपोर्ट का किराया 15% से 17% तक बढ़ाया गया. वहीं गुड्स ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स ने माल ढुलाई का किराया 20% तक बढ़ा दिया. ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों ने कहा है कि अब जब भी फ्यूल की कीमत बदलेगी, उसी हिसाब से किराया भी बदला जाएगा.
ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों और स्टूडेंट्स के लिए पिक एंड ड्रॉप सर्विस चलाने वालों ने भी कहा है कि अब उनके चार्ज भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों के हिसाब से बदलेंगे. रावलपिंडी और इस्लामाबाद में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का न्यूनतम स्टॉप टू स्टॉप किराया बढ़ाकर 60 पाकिस्तानी रुपये कर दिया गया है.
माल ढुलाई महंगी, हड़ताल की चेतावनी भी
लॉन्ग रूट ट्रांसपोर्टर्स ने भी अपने किराए बढ़ा दिए हैं. कराची से पेशावर के बीच कंटेनर, ट्रेलर और व्हीलर ट्रांसपोर्ट का फ्रेट चार्ज बढ़कर 8 लाख पाकिस्तानी रुपये तक पहुंचने की खबर है. ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स के मुताबिक रावलपिंडी जिले में इंटर सिटी किराया 15% बढ़ाया गया है. इंट्रा डिस्ट्रिक्ट रूट का किराया 17% बढ़ा है.
रावलपिंडी और इस्लामाबाद के बीच चलने वाली सेवाओं का किराया 20% तक बढ़ा दिया गया है. वहीं लॉन्ग डिस्टेंस ट्रांसपोर्ट का किराया 17% बढ़ाया गया है. फ्यूल की कीमतों में बार-बार बदलाव की नई नीति के विरोध में पिछले हफ्ते पेट्रोल पंप ऑपरेटर्स ने देशभर में हड़ताल की चेतावनी भी दी थी.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में सस्ता घर! DDA दे रहा बंपर छूट, मेट्रो स्टेशन होगा बहुत पास! कीमतें 33 लाख से शुरू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं