- बीजेपी में राहुल गांधी के पसंदीदा नेता कौन है? उन्होंने इस सवाल का जवाब दिया
- राहुल गांधी ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह से उनकी अच्छी बनती है
- सोशल मीडिया वीडियो में पर सवाल-जवाब के अंत में राहुल गांधी ने 'हेलो अंकल अमरिंदर' भी कहा.
बीजेपी में राहुल गांधी के पसंदीदा नेता कौन है? सोशल मीडिया पर सवाल-जवाब के एक सिलसिले में राहुल गांधी से जब ये पूछा गया तो उन्होंने कहा, कैप्टन अमरिंदर सिंह.उनसे मेरी अच्छी बनती है. राहुल ने कहा कि वो कूल हैं और वो मिलिट्री इतिहास के एक्सपर्ट हैं. इसलिए वे मुझे बेहद पसंद हैं. अपने वीडियो के अंत में राहुल गांधी 'हेलो अंकल अमरिंदर' भी कहते हैं.
कांग्रेस और कैप्टन अमरिंदर का रिश्ता
पंजाब के दो बार (2002-2007 और 2017-2021) मुख्यमंत्री रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह कद्दावर कांग्रेस नेता रहे हैं. पांच साल पहले 2021 के सितंबर महीने में उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने को कहा गया था. उनकी जगह राहुल गांधी ने चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया था. इसके बाद कैप्टन ने पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बनाई और 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव बीजेपी के साथ गठबंधन में लड़ा. विधानसभा चुनाव में बाद कैप्टन पटियाला की अपनी सीट तक नहीं बचा पाए. बाद में उन्होंने अपनी पार्टी का बीजेपी में विलय कर लिया.
"Hello, Uncle Amarinder!"
— Congress (@INCIndia) August 6, 2026
LoP Shri @RahulGandhi gives a warm shoutout to his favourite politician from the BJP. pic.twitter.com/kwgQPDZ5SV
राहुल गांधी ने अमरिंदर को कहा 'हैलो'
संयोग की बात है अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक तरह चन्नी ने कांग्रेस की मुसीबत बढ़ाई हुई है. वहीं बीजेपी से कैप्टन के रिश्ते भी अच्छे नहीं चल रहे. पंजाब बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति पर कैप्टन ने सवाल उठाए थे. ऐसे में राहुल गांधी का खुल कर कैप्टन अमरिंदर को याद करना और 'हेलो' बोलना दिलचस्प है.
क्या अमरिंदर की कांग्रेस में वापसी चाहते हैं राहुल गांधी?
वैसे कैप्टन अमरिंदर अब राजनीति में बहुत सक्रिय नहीं हैं. लेकिन देखना होगा कि क्या वह राहुल गांधी के 'हेलो' का जवाब देते हैं? अगर कैप्टन ने घर वापसी की तो यह पंजाब में कांग्रेस के लिए बड़ी राहत की बात होगी. क्यों कि भगवंत मान सरकार से मुकाबला करने के बजाय प्रदेश कांग्रेस के नेता आपस में ही उलझे हुए हैं.
क्या अमरिंदर के बहाने चन्नी को संदेश?
अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या राहुल गांधी अमरिंदर के बहाने चन्नी को संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं या यह संदेश असल में कैप्टन के लिए ही है. बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह राजीव गांधी के दोस्त थे और सोनिया गांधी से भी उनके बेहद मधुर संबंध थे.सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस छोड़ने के बावजूद कैप्टन और गांधी परिवार के बीच निजी रिश्ते कुछ हद तक बरकरार रहे. कुछ महीने पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावा किया था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस पार्टी के संपर्क में हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं