विज्ञापन

पाकिस्तान: ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री खारा साहिब का जीर्णोद्धार, जानिए सिखों के लिए इसका महत्व

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री एवं पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सरदार रमेश सिंह अरोड़ा ने जीर्णोद्धार के बाद अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज के साथ शनिवार को गुरुद्वारे का औपचारिक उद्घाटन किया.

पाकिस्तान: ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री खारा साहिब का जीर्णोद्धार, जानिए सिखों के लिए इसका महत्व
लाहौर से लगभग 100 किलोमीटर दूर गुजरांवाला जिले के नौशेरा विरकान के पास मट्टू भाईके गांव में ये गुरुद्वारा मौजूद है. (फोटो-PTI)
  • यह मरम्मत कार्य बाबा गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती के अवसर पर पूरा किया गया है
  • गुरुद्वारा गुरु हरगोबिंद साहिब जी की 1620 की यात्रा की याद में स्थापित किया गया था
  • विभाजन के बाद सिख समुदाय के जाने से यह गुरुद्वारा दशकों तक बंद और वीरान रहा था

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री खारा साहिब का जीर्णोद्धार (मरम्मत) कर दिया गया है. वर्ष 1947 में उपमहाद्वीप के विभाजन के बाद दशकों तक बंद रहने के बाद, अब इसे सिख श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया गया है. यह जीर्णोद्धार कार्य बाबा गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती के अवसर पर पूरा किया गया. यह इस क्षेत्र की सदियों पुरानी सिख धार्मिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

लाहौर से लगभग 100 किलोमीटर दूर गुजरांवाला जिले के नौशेरा विरकान के पास मट्टू भाईके गांव में स्थित यह गुरुद्वारा, सिखों के छठे गुरु श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी से जुड़ा है. सिख ऐतिहासिक परंपरा के अनुसार, गुरु हरगोबिंद जी 1620 में कश्मीर से लौटते समय इस क्षेत्र में आए थे. कहा जाता है कि यहां रुकने के दौरान उन्होंने तंबाकू के सेवन के खिलाफ उपदेश दिया और लोगों से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का पालन करने का आग्रह किया.

बाद में, उनकी इस यात्रा की याद में यहां एक गुरुद्वारा स्थापित किया गया, जिसे ‘गुरुद्वारा खारा साहिब' या ‘गुरुद्वारा छेवीं पातशाही' के नाम से जाना जाने लगा. गुरुद्वारे की वर्तमान इमारत लगभग 1933-34 की है, जिसे स्थानीय सिख समुदाय ने बनवाया था. इसकी वास्तुकला में गुंबद, फूलों की सजावटी चित्रकारी और बारीक नक्काशी वाली छतें शामिल हैं.

भारत के विभाजन के बाद सिख आबादी के भारत चले जाने के कारण यह गुरुद्वारा वीरान हो गया था. इसके चलते यह ऐतिहासिक धार्मिक स्थल दशकों तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहा. ऐतिहासिक गुरुद्वारे को फिर से संवारने और सिख समुदाय के लिए इसे दोबारा खोलने के उद्देश्य से पंजाब सरकार ने ‘इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड' (ईटीपीबी) के सहयोग से इसके जीर्णोद्धार का काम कराया.

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री एवं पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सरदार रमेश सिंह अरोड़ा ने जीर्णोद्धार के बाद अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज के साथ शनिवार को गुरुद्वारे का औपचारिक उद्घाटन किया.

यह भी पढ़ें | लड़ाकू विमानों के बाद अब पाकिस्तान ने सऊदी अरब में सैनिक तैनात किए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Pakistan Gurudwara
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com