विज्ञापन

पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' के विरोध के पीछे क्या है?

पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर विवाद चल रहा है. आइए जानते हैं इसके के विरोध के पीछे क्या है?

पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' के विरोध के पीछे क्या है?
पाकिस्तानी वेब सीरीज के विरोध के पीछे क्या है?
IMDb
नई दिल्ली:

23 साल का अक्षय आईटी कंपनी में इंजीनियर है. इन दिनों एक ऐसे सीरियल की बातें करता नहीं थकता जिसका नाम है दर-ए-निजात. इसके एपिसोड हर शुक्रवार और शनिवार को आते हैं और ये 30 मिनट के होते हैं. उसके किरदार अबू बकर और जरयाब हबीब के उसके पास ढेरों किस्से हैं. यही आलम 50 साल की हाउसवाइफ रेणु का भी है. फिर ऑफिस जाने वाली नेहा भी अक्सर मेट्रो में सफर के दौरान पाकिस्तान के इस सीरियल के एपिसोड रिपीट में देखती है. इस सीरियल का अबू बकर सोशल मीडिया स्टार बन चुका है. अब आपको बता दें कि ये सीरियल पाकिस्तानी है और इन दिनों जेन जी से हर उम्र के लोगों की पहली पसंद बना हुआ है. 

लेकिन ये क्या, जैसे ही नेटफ्लिक्स ने पहले पाकिस्तानी शो 'जो बचे हैं संग समेट लो' का ऐलान किया तो हंगामा ही मच गया. हर ओर इसे बैन करने की मांग उठने लगी. वैसे भी सरकार ने पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर रखे हैं. उनका तो अमल करना ही पड़ेगा लेकिन जिस तरह हंगामा बरपा है, वो जरूर गौर करने लायक है.

सिने फेडरेशन का क्या है कहना?

FWICE ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने और भारत में पाकिस्तानी नेटफ्लिक्स सीरीज की रिलीज को रोकने का आग्रह किया है. साथ ही, पाकिस्तानी कलाकारों और संस्थाओं के साथ किसी भी तरह के पेशेवर और व्यावसायिक सहयोग के खिलाफ अपने सख्त रुख को दोहराया है. FWICE का मानना है कि भारतीय मनोरंजन उद्योग को अपनी राष्ट्रीय जिम्मेदारियों के प्रति सचेत रहना चाहिए, और कमर्शियल हितों को करोड़ों भारतीयों की भावनाओं पर हावी नहीं होने दिया जाना चाहिए. 

पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स वेब सीरीज

अब जरा 'जो बचे हैं संग समेट लो' पर नजर डालते हैं. पाकिस्तान के माहिर कलाकर फवाद खान, अहम रजा मीर, इकरा अजीज, माहिरा खान, अहमद अली अकबर, हानिया आमिर, सनम सईद, माया अली, बिलाल अशरफ, खुशाल खान और आमिना शेख इसमें एक्टिंग कर रहे हैं. यानी पाकिस्तान के अधिकतर सितारे इसमें नजर आने वाले हैं. इसका निर्देशन मोमिना दुरैद ने किया है जिन्होंने हमसफर जैसा शो बनाया है. यही नहीं, ये सीरियल फरहत इश्तियाक के इसी नाम के नॉवेल पर बेस्ड है. इसे पाकिस्तान, इटली और यूनाइटेड किंगडम में शूट किया गया है. सबसे बड़ी बात यह है कि ये पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स सीरीज है.

80s के 'बकरा किस्तों पे' से 'जो बचे हैं संग समेट लो' तक

80s के वीडियो कैसेट के दौर में चलते हैं. 1989-90 में पाकिस्तान का एक कॉमेडी स्टेज शो खूब पॉपुलर हुआ था. इसका नाम था 'बकरा किस्तो पे.' पाकिस्तानी कॉमेडिन उमर शरीफ का ये स्टेज शो भारत में जमकर देखा गया. ये उस दौर की बात है जब भारत और पाकिस्तान के बीच शारजाह कप की दीवानगी सिर चढ़कर बोलती थी. इसके बाद पाकिस्तान गानों का हिंदी फिल्मों में इस्तेमाल और कई बार पाकिस्तानी कलाकारों का भारत मे काम करना भी जारी रहा.

साल 2014 में भारत में 'जिंदगी' टीवी लॉन्च किया गया. इसे जी ने लॉन्च किया था. इसमें दुनिया की दूसरी भाषाओं के अलावा पाकिस्तान का भी ढेर सारा कंटेंट था. इस पर आने वाले पाकिस्तानी सीरियल घर-घर में लोकप्रिय हो गए. इनमें जिंदगी गुलजार है और हमसफर जैसे सीरियल आए और छा गए. फवाद खान और माहिर खान को जबरदस्त पहचान मिली और फवाद खान ने तो इसके बाद कई भारतीय फिल्मों में काम भी किया. 

इन धारावाहिकों ने भारत में संवेदनशील और दिल को छू लेने वाले सीरियल्स की कमी को पूरा किया. यह वह दौर था भारतीय टीवी जगत सास-बहू की कहानियों में उलझकर रह गया था. हर सीरियल देखा हुआ लगता था और बहुत ही ज्यादा खींचा हुआ भी. उस दौर में पाकिस्तान के ये सीरियल कुछ नया लेकर आए. लेकिन पिछले साल पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान कंटेंट भारत में पूरी तरह बैन हो गया.

दर-ए-निजात की चर्चा 

बेशक पाकिस्तान कंटेंट बैन है, फिर भी कई साइट्स और यूट्यूब पर पाकिस्तानी कंटेट अब भी देखा जा सकता है. जिसकी मिसाल दर-ए-निजात है. जिसकी हर ओर चर्चा है और इसके कैरेक्टर हर किसी की जुबान पर है. इसकी सबसे बड़ी वजह कंटेंट में ताजगी और नए चेहरे हैं. जिन्होंने एकदम से कुछ संजीदा पसंद करने वालों को अपनी ओर खींचा है. इसका निर्देशन साकिब खान ने किया है.

अगर कमर्शियल हितों की बात ही करें तो इन दिनों ओटीटी पर दूसरे देशों के कंटेंट भी भारतीय कंटेंट के लिए खतरा बने हुए हैं. अब चीन की फिल्मों और वेब सीरीज को ही देखें. यह भरपूर मात्रा में ओटीटी पर मौजूद हैं और धड़ल्ले से देखी जा रही हैं. यही नहीं, अगर हिंदी कंटेंट की बात करें तो उसे चुनौती तो साउथ के कंटेंट से भी मिल है, जो इन दिनों बेजोड़ साबित हो रहा है. 

ये है सबसे बड़ा सवाल?

इस सारी चर्चा के बीच इम्तियाज अली लिखित नेटफ्लिक्स वेब सीरीज 'ओ साथी रे' का ट्रेलर रिलीज हुआ और तुरंत ही लोगों ने इस पर तुरंत कॉपी पेस्ट का आरोप लगा दिया. अब मामला यह है कि 'ओ साथी रे' की कहानी और रूह हूबहू वैसी ही है जैसी पाकिस्तान के फेमस ड्रामा 'मेरे पास तुम हो' की है. सोशल मीडिया पर उसके ट्रेलर पर ढेर सारे कमेंट आए. हालांकि मेकर्स ने इस तरह की किसी भी बात को अभी तक नहीं माना है. ना ही इसे ऑफिशल रीमेक बताया है. लेकिन सोशल मीडिया पर जरूर दूध का दूध और पानी का पानी किया जा रहा है.

भारत में पाकिस्तान की हरकतों को लेकर एक तरह की भावना है लेकिन ये भारतीय ही हैं जिन्होंने उनके सीरियलों को सराहा है. तो मेरे ख्याल से हमें अपना कंटेंट इतना जोरदार बनाना चाहिए कि उसके सामने क्या पाकिस्तानी और क्या कोरियाई ड्रामा और क्या चीनी सीरीज, कुछ टिक ही न पाए. जिंदगी चैनल के दौर में भारतीय सीरियल पाकिस्तानी और तुर्की कंटेंट का मुकाबला नहीं कर पाए थे. 

'जो बचे हैं संग समेट लो' का ट्रेलर जिस तरह का कंटेंट और और हाइप लेकर आया है, वह बॉलीवुड के लिए अच्छा संकेत नहीं है क्योंकि प्रेम कहानियों की किस्सागोई पाकिस्तानी इंडस्ट्री की कला रही है. जबकि पिछले कुछ समय में भारतीय मनोरंजन जगत से इश्क को लेकर कोई सॉलिड कंटेंट नहीं आया है. ऐसे में विरोध सिर्फ कंटेंट को लेकर तो नहीं है. कहीं न नहीं कुछ है जो बचा है और जिसे समेट लेने की जरूरत है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jo Bachay Hain Sang Samait Lo Trailer, Jo Bachay Hain Sang Samait Lo, Netflix, Pakistan, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com