Nvidia ने जेनसन हुआंग को फिर से कंपनी का सीईओ बना दिया है. महज 11 दिन पहले कंपनी के बोर्ड ने उनका इस्तीफा स्वीकार किया था और साफ कह दिया था कि उन्हें दोबारा सीईओ बनाने का कोई इरादा नहीं है. लेकिन 23 नवंबर को बोर्ड ने सर्वसम्मति से उनकी वापसी का फैसला कर लिया. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार उनके समर्थन में बयान दे रहे थे. अब कंपनी के इस फैसले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि जिस व्यक्ति का बोर्ड ने इस्तीफा स्वीकार किया था, अब उसी के बिना कंपनी का कामकाज चलाना उसे मुश्किल लगने लगा?
ट्रंप ने क्यों की हुआंग को वापस लाने की वकालत?
हुआंग की वापसी की कहानी में डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. अमेरिकी राष्ट्रपति ने सार्वजनिक रूप से कई बार कहा कि Nvidia को अपने पूर्व सीईओ को दूसरा मौका देना चाहिए.
16 नवंबर को पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा था कि उन्हें हुआंग की वापसी से कोई आपत्ति नहीं होगी. उन्होंने यह भी कहा कि हुआंग ने अपनी गलती से सबक सीखा है और बहुत से लोग उन्हें वापस देखना चाहते हैं.
इसके बाद ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा, "मुझे उम्मीद है कि Nvidia का बोर्ड जेनसन हुआंग को दोबारा कंपनी में रखेगा. यह कंपनी और अमेरिका, दोनों के लिए सबसे अच्छा होगा."
बता दें अमेरिका और चीन के बीच एआई तकनीक को लेकर मुकाबला लगातार तेज हो रहा है. अमेरिका चाहता है कि अत्याधुनिक चिप्स के मामले में उसकी बढ़त बनी रहे और चीन को ऐसी तकनीक तक आसानी से पहुंच न मिले, जिसका इस्तेमाल सैन्य या रणनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है. Nvidia इस पूरी प्रतिस्पर्धा के केंद्र में है.
ऐसे में कंपनी के संस्थापक और लंबे समय से उसकी तकनीकी रणनीति संभाल रहे हुआंग को बाहर रखना सिर्फ कंपनी के अंदरूनी नेतृत्व का सवाल नहीं रह जाता. इसका असर अमेरिकी तकनीकी रणनीति पर भी पड़ सकता है.
बोर्ड ने अपना फैसला क्यों बदला?
अब सबसे अहम सवाल यही है कि 17 नवंबर को जिस बोर्ड ने कहा था कि हुआंग को दोबारा सीईओ बनाने का उसका कोई इरादा नहीं है, उसने 23 नवंबर को अपना फैसला कैसे बदल दिया?
Nvidia की ओर से जारी आधिकारिक बयान इस सवाल का जवाब देता है. कंपनी के मुताबिक, बोर्ड ने हुआंग के साथ कई दौर की बातचीत और बैठकें कीं. इन बैठकों के बाद बोर्ड को उनके स्पष्ट जवाबों, ईमानदारी और कंपनी का नेतृत्व करने की क्षमता पर भरोसा हुआ.
लेकिन इस बयान की एक और बात बेहद अहम है. कंपनी ने कहा कि फैसला लेने की प्रक्रिया में उसे अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी जानकारी और सुझाव मिले. इस बातचीत के आधार पर बोर्ड इस नतीजे पर पहुंचा कि हुआंग की वापसी से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है.
बोर्ड के अध्यक्ष हार्वे सी. जोन्स ने कहा कि Nvidia का नेतृत्व करने के लिए जेनसन ही सही व्यक्ति हैं. उनकी वापसी कंपनी के शेयरधारकों, कर्मचारियों, साझेदारों और ग्राहकों के हित में है. उन्होंने अंतरिम सीईओ के तौर पर काम संभालने के लिए कोलेट क्रेस का भी आभार जताया. क्रेस अब दोबारा अपनी सीएफओ की जिम्मेदारी संभालेंगी, जबकि जोन्स बोर्ड के अध्यक्ष बने रहेंगे.
वापसी हुई, लेकिन जांच खत्म नहीं हुई
हुआंग की वापसी का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि एलिस हुआंग, मेगास्पीड या चीन को चिप्स पहुंचने से जुड़े सवालों पर पर्दा पड़ गया है. अमेरिकी संसद की तीन समितियों ने हुआंग से पूछताछ की तैयारी की है. 1 दिसंबर को हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी, चीन से जुड़े मामलों की समिति और हाउस इंटेलिजेंस कमेटी के सामने उनकी बंद कमरे में रिकॉर्डेड बातचीत होनी है. Nvidia के जनरल काउंसल टिम टेटर को 2 दिसंबर को पेश होना है.
यह भी पढ़ें: जेनसन हुआंग की Nvidia में वापसी के बाद ट्रंप का बयान- हमें नहीं लगता कोई खतरा है, कंपनी के शेयरों में उछाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं