विज्ञापन

नीदरलैंड्स ने कोकीन के फरार सरगना को पकड़ने पर 20 करोड़ रुपये का इनाम रखा

सिएरा लियोन में लेइडेकर्स 'उमर शरीफ' के नाम से भी जाना जाता है. पिछले साल, एक डच अदालत ने 35 वर्षीय इस व्यक्ति को उसकी अनुपस्थिति में 7 मीट्रिक टन से अधिक कोकीन की तस्करी करने के लिए 24 साल की जेल की सजा सुनाई थी.

नीदरलैंड्स ने कोकीन के फरार सरगना को पकड़ने पर 20 करोड़ रुपये का इनाम रखा
कोकीन का कारोबार पूरी दुनिया में तेजी से फैल रहा है.
  • नीदरलैंड्स ने कोकीन तस्करी के सरगना जोस लेइडेकर्स की गिरफ्तारी में मदद देने पर बड़ी इनामी राशि घोषित की है
  • जोस लेइडेकर्स को यूरोप का सबसे वांछित भगोड़ा माना जाता है और वह सिएरा लियोन में रह रहा है
  • सिएरा लियोन ने उसके प्रत्यर्पण से इनकार किया है, जिसके कारण यूरोपीय संघ ने सहायता में कटौती की है

नीदरलैंड्स ने कोकीन के फरार सरगना को पकड़ने पर 20 करोड़ रुपये का इनाम रखा है. अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि डच अभियोजक, कोकीन तस्करी के दोषी जोस लेइडेकर्स की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 2 मिलियन यूरो (2.2 मिलियन डॉलर) का इनाम दे रहे हैं. 

लेइडेकर्स यूरोप के सबसे वांछित भगोड़ों में से एक है. डच अभियोजन सेवा के अनुसार, लेइडेकर्स एक डच नागरिक है. वह पिछले कुछ वर्षों से सिएरा लियोन में रह रहा है. अभियोजकों ने उसके प्रत्यर्पण की मांग की थी, लेकिन सिएरा लियोन ने सहयोग करने से इनकार कर दिया. इसके चलते यूरोपीय संघ ने इस पश्चिमी अफ्रीकी देश को दी जाने वाली कुछ सहायता में कटौती कर दी है.

अभियोजकों ने एक बयान में कहा कि यह डच अधिकारियों द्वारा अब तक घोषित सबसे बड़ी इनामी राशि है. यह उस व्यक्ति को दिया जाएगा जो लेइडेकर्स की गिरफ्तारी के लिए कोई महत्वपूर्ण जानकारी देगा. उन्होंने बताया कि लेइडेकर्स, जिसे नीदरलैंड में 'बोले जोस' या 'चबी जोस' के नाम से जाना जाता है, अंतरराष्ट्रीय कोकीन तस्करी में एक मुख्य व्यक्ति है.

पुलिस के अनुसार, सिएरा लियोन में लेइडेकर्स 'उमर शरीफ' के नाम से भी जाना जाता है. पिछले साल, एक डच अदालत ने 35 वर्षीय इस व्यक्ति को उसकी अनुपस्थिति में 7 मीट्रिक टन से अधिक कोकीन की तस्करी करने के लिए 24 साल की जेल की सजा सुनाई थी. नीदरलैंड में उसके खिलाफ पुलिस की कई जांच भी चल रही हैं. पड़ोसी देश बेल्जियम की एक अदालत ने उसे 79 साल की जेल की सजा सुनाई है.

डच अधिकारियों का अनुमान है कि लेइडेकर्स ने कोकीन की तस्करी से करोड़ों यूरो कमाए हैं. उन्होंने बताया कि उस पर मनी लॉन्ड्रिंग और अत्यधिक हिंसा में शामिल होने का भी संदेह है.

यह भी पढ़ें | यूरोप छोड़ भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला लौट आई वतन, जयपुर में शुरू की नई जिंदगी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cocaine, Europe
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com