नेपाल ए के खिलाफ अपने पहले मैच में जीत दर्ज कर चुकी भारत ए टीम अब एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान ए के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए तैयार है. भारतीय टीम इस मैच में जीत की लय को बरकरार रखते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. दोनों टीमें रविवार, 22 नवंबर को दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी.
सेमीफाइनल पर टीम इंडिया की नजर
इंडिया A ने अपने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन किया और नेपाल को 306 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी. हालांकि, इस जीत में एक चिंता की बात यह रही कि टीम का टॉप ऑर्डर जल्दी ढह गया था. ओपनर अभिषेक शर्मा (9) और वैभव सूर्यवंशी (26) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके, जबकि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए आयुष बडोनी सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए. भारत रविवार को न सिर्फ पाकिस्तान को हरान के लिए मैदान पर उतरेगा बल्कि उसकी नजरें सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने पर भी होगी.
आयुष बोडनी Out?
नेपाल के खिलाफ जल्दी आउट होने वाले आयुष बडोनी की जगह रविवार को पाकिस्तान A के खिलाफ होने वाले मैच में किसी और खिलाड़ी को मौका दिया जा सकता है. तिलक वर्मा की कप्तानी में, इंडिया A बडोनी की जगह प्रभसिमरन सिंह को टीम में शामिल कर सकती है. प्रभसिमरन के पास नई गेंद का सामना करने का अच्छा अनुभव है, क्योंकि उन्होंने घरेलू क्रिकेट और IPL में नियमित रूप से ओपनिंग की है. उम्मीद है कि वैभव और अभिषेक पारी की शुरुआत करेंगे, जबकि प्रभसिमरन नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आएंगे. बाकी की प्लेइंग XI में पिछले मैच के मुकाबले कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है.
नेपाल के खिलाफ किया था दमदार प्रदर्शन
नेपाल के खिलाफ भारत ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 9 विकेट पर 332 रन बनाए, और फिर गेंदबाजी में नेपाल की पूरी टीम को 11.3 ओवरों में महज 26 रनों पर समेट दिया. विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र (117) और कप्तान तिलक वर्मा (107) ने शतक जड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. वहीं, तेज गेंदबाजों प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने 5 और 4 विकेट लेकर नेपाल की बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया.
पाकिस्तान से मैच नहीं आसां
हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकता है, जिसमें कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव है. अब्दुल समद की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम भी UAE के खिलाफ अपने पहले मैच के प्रदर्शन से आत्मविश्वास लेगी, जहां उन्होंने 245 रन बनाए और विपक्षी टीम को 184 रनों पर आउट कर दिया.
बल्लेबाजी में शामिल हुसैन (62) और माज़ सदाकत (53) ने अहम योगदान दिया, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर सुफियान मुकीम और तेज गेंदबाज अली रज़ा ने 3-3 विकेट लिए. UAE के खिलाफ 39 रन बनाने वाले कप्तान समद, हुसैन, सदाकत और तेज गेंदबाज मोहम्मद हसनैन के साथ पाकिस्तान के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल होंगे. पाकिस्तान 50 ओवर वाले टूर्नामेंट का मौजूदा चैंपियन है. 2023 के फाइनल में उन्होंने इंडिया A को 128 रनों से हराया था, जिससे रविवार के मुकाबले का महत्व और भी बढ़ जाता है.
इंडिया ए संभावित इलेवन: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्षित राणा, प्रिंस यादव.
यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत जैसा 149 सालों में कोई दूसरा विकेटकीपर नहीं, ये 5 रिकॉर्ड वेरी-वेरी स्पेशल हैं
यह भी पढ़ें: भारत ने 720/9 पर पारी की घोषित, 352 रन की विशाल बढ़त, बनाया न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं