भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ और वायुसेना प्रमुख बनने जा रहे एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की एक तस्वीर वायरल हो रही है. ये तस्वीर चार दशक पुरानी है. तस्वीर उस समय की है, जब दोनों नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) में थे.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही इस तस्वीर में दोनों युवा अफसर दिसंबर 1985 में NDA से एक साथ बाहर निकलते हुए दिख रहे हैं. उस समय वे मुश्किल से 19 या 20 साल के थे और अपने मिलिट्री करियर की शुरुआत कर रहे थे.
तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि लगभग 40 साल बाद, ये दोनों कोर्समेट भारत की आर्म्ड फोर्स में सबसे ऊंचे ओहदों तक पहुंचेंगे. आज एक के पास भारतीय सेना की कमान है तो दूसरा जल्द ही भारतीय वायुसेना की कमान संभालने जा रहा है.
31 अक्टूबर को कमान संभालेंगे एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित
जनरल धीरज सेठ ने 30 जून, 2026 को भारतीय सेना के 31वें चीफ के रूप में पदभार संभाला. दशकों पुरानी उस तस्वीर में उनके साथ एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित खड़े हैं.
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को वायुसेना की कॉम्बैट स्ट्रीम में नियुक्त किया गया था. एक पायलट के तौर पर उनके पास मिराज-2000, मिग, जगुआर हॉक और तेजस सहित कई लड़ाकू विमान उड़ाने का 3,500 घंटे से ज्यादा का एक्सपीरियंस है.
अब 31 अक्टूबर को एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह की जगह वायुसेना की कमान संभालेंगे.

यह भी पढ़ेंः आसमान में भारत की तीसरी आंख: हवा से भी हल्का वो हथियार, जो 21 किलोमीटर ऊंचाई से रखेगा दुश्मन पर नजर
तस्वीर से लेकर चार दशकों का सफर
एनडीए की वह पुरानी तस्वीर इसलिए भी खास हो जाती है, क्योंकि जिस संस्थान के गेट से दो युवा कैडेट कभी गुजरे थे, दशकों बाद आज दोनों के पास अलग-अलग सेना की कमान है.
हालांकि, आज दोनों जहां हैं, उसके पीछे उनकी चार दशकों की सेवा है. जनरल सेठ ने जहां आर्म्ड रेजिमेंट और ब्रिगेड से लेकर काउंटर इंसर्जेंसी फोर्स और ऊंचे स्तर के फॉर्मेशन की कमान संभाली. आर्मी चीफ बनने से पहले उन्होंने साउथ वेस्टर्न कमांड और सदर्न कमांड दोनों की कमान संभाली और बाद में वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के तौर पर सेवा की.
दूसरी तरफ, एयर मार्शल का करियर आसमान में आगे बढ़ा. एक फाइटर पायलट के तौर पर उन्होंने 'ऑपरेशन सफेद सागर' और 'ऑपरेशन रक्षक' जैसे ऑपरेशंस में हिस्सा लिया और बाद में सीनियर कमांड और स्टाफ पदों पर काम किया.
उन्होंने सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के चेयरमैन के लिए इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ के चीफ और बाद में एयर स्टाफ के वाइस चीफ के तौर पर सेवाएं दीं.
दिलचस्प बात है कि जनरल सेठ और एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित एक ही फॉक्सट्रोट स्क्वॉड्रन (Foxtrot Squadron) के हैं. सैन्य इतिहास में ये शायद पहली बार है जब एक ही NDA कोर्स और एक ही स्क्वाड्रन के दो कोर्समेट एक ही समय पर सेना और वायुसेना के प्रमुख बन रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं