विज्ञापन

US के मियामी एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, पैसेंजर-कार्गो प्लेन की टक्कर, FAA ने शुरू की जांच

मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कोपा एयरलाइंस के यात्री विमान और UPS के कार्गो विमान की जमीन पर टक्कर हो गई. हादसे में दो लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि 172 यात्रियों और क्रू को सुरक्षित निकाल लिया गया.

US के मियामी एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, पैसेंजर-कार्गो प्लेन की टक्कर, FAA ने शुरू की जांच
NDTV

अमेरिका के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब रनवे के पास टैक्सी कर रहे कोपा एयरलाइंस के यात्री विमान और उड़ान भरने की तैयारी कर रहे UPS के कार्गो विमान की जमीन पर ही टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्री विमान के पंख का सिरा (विंगटिप) क्षतिग्रस्त हो गया. राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और केवल दो लोगों को मामूली चोटें आईं.

166 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार 

यह घटना उस समय हुई जब पनामा सिटी से आया कोपा एयरलाइंस का विमान लैंडिंग के बाद सामान्य गति से टैक्सी कर रहा था. विमान में 166 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे. दूसरी ओर, UPS का कार्गो विमान कोलंबिया की राजधानी बोगोटा के लिए उड़ान भरने की तैयारी में था.

घटना के बाद अमेरिकी विमानन नियामक फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की बातचीत से संकेत मिले हैं कि ग्राउंड क्लीयरेंस प्रक्रिया में चूक हुई हो सकती है.

FAA के मुताबिक, एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने UPS के विमान को साफ तौर पर निर्देश दिया था कि वह गुजर रहे कोपा एयरलाइंस के विमान को रास्ता दे. इसके बावजूद दोनों विमानों का संपर्क हो गया.

पायलटों के बीच बातचीत आई सामने

घटना के तुरंत बाद कंट्रोल टावर और पायलटों के बीच हुई बातचीत भी सामने आई है. टक्कर के बाद कोपा एयरलाइंस के पायलट ने रेडियो पर कहा, "किसी ने हमें टक्कर मार दी है." इसी दौरान कंट्रोलर UPS के चालक दल से पूछ रहे थे कि क्या दोनों विमानों का संपर्क हुआ है.

इसके जवाब में UPS के पायलट ने कहा, "हां, हम कुछ ज्यादा आगे निकल गए और फिर उसके विंग ने हमें छू लिया."

कुछ देर बाद कोपा एयरलाइंस के पायलट ने कंट्रोल टावर को बताया, "ऐसा लग रहा है कि हमारे बाएं पंख का सिरा गायब है."

हादसे के बाद कोपा एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा कि उसे इस घटना से यात्रियों को हुई परेशानी पर अफसोस है. एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू की हिफाजत उसकी सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी है और वह जांच में पूरा सहयोग करेगी.

एयरलाइन के अनुसार, विमान को गेट तक टो किए जाने के बाद उसमें मौजूद सभी 172 लोगों को सुरक्षित उतार लिया गया. दूसरी तरफ UPS ने भी पुष्टि की कि उसके चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं. कंपनी ने कहा कि वह यह पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ काम करेगी कि आखिर यह वाकया कैसे हुआ.

यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिका का विमानन तंत्र पहले से दबाव में है. टक्कर की यह घटना उस FAA ग्राउंड स्टॉप के महज 24 घंटे बाद सामने आई है, जिसकी वजह से शुक्रवार को पूरे अमेरिका में उड़ानें प्रभावित हुई थीं. हजारों यात्रियों को उड़ान रद्द होने और लंबी देरी का सामना करना पड़ा था, जबकि कई लोग एयरपोर्ट टर्मिनलों में रात गुजारने को मजबूर हुए थे.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान को 16 राज्यों में बांटने के असीम मुनीर के प्लान पर लगा ब्रेक, शहबाज और जरदारी ने पलट दिया गेम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Plane, Miami Airport
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com