विज्ञापन
This Article is From Nov 30, 2015

बांग्‍लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया को भ्रष्टाचार मामले में मिली जमानत

Also Read in
बांग्‍लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया को भ्रष्टाचार मामले में मिली जमानत
खालिदा जिया को जमानत मिलने से उनकी पार्टी बीएनपी को राहत मिली है
ढाका: बांग्लादेश की एक अदालत ने सोमवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष खालिदा जिया को भ्रष्टाचार के एक मामले में जमानत दे दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, खालिदा ने विशेष न्यायाधीश की अदालत में आत्मसमर्पण किया था जिसके बाद न्यायाधीश अमीनुल इस्लाम ने उन्हें जमानत दे दी। उन पर एक विदेशी फर्म को ठेका देने का आरोप है, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा।

मामले की अगली सुनवाई 28 दिसंबर को
उच्च न्यायालय की एक खंड पीठ ने 18 जून को खालिदा के खिलाफ अदालती कार्रवाई जारी रखने का रास्ता साफ कर दिया था और उन्हें दो माह के भीतर निचली अदालत में आत्मसमर्पण का आदेश दिया था। सोमवार को खालिदा का काफिला अदालत परिसर में पहुंचा, तो हजारों बीएनपी कार्यकर्ता उनके स्वागत में जुट गए। पूर्व प्रधानमंत्री के वकील सनाउल्लाह मिया ने कहा कि मामले की अगली सुनवाई 28 दिसंबर को होनी है। खालिदा के खिलाफ यह मामला एक भ्रष्टाचार विरोधी निकाय ने दर्ज कराया था।

मामला कनाडा की कंपनी को ठेका देने से संबंधित
खालिदा जिया सहित कुल 11 लोगों पर पांच मई, 2008 को कनाडा की एक कंपनी को गैस की खोज संबंधी ठेका देकर सरकारी खजाने को कथित तौर पर 1.76 अरब डॉलर का चूना लगाने का अभियोग दर्ज किया गया था। खालिदा ने पूर्व कहा था कि उनके और उनके बेटों के खिलाफ दर्ज कराया गया यह मामला राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है।

 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बांग्‍लादेश, खालिदा जिया, जमानत, Bangladesh, Khaleda Zia, Bail, Graft Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com