बांग्लादेश की राजधानी ढाका की सड़कों पर चीनी नागरिक ग्रुप बनाकर कई महीनों से घूम रहे हैं. इनमें से हर व्यक्ति के पास दो-दो मोबाइल फोन हैं. एक फोन का इस्तेमाल वे अपने आस-पास के माहौल की लाइवस्ट्रीमिंग करने के लिए करते हैं, जबकि दूसरे फोन का इस्तेमाल जानकारी पढ़ने या दिखाने के लिए किया जाता है. शुरुआत में तो इस बात ने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया था, लेकिन अब वही उनके बढ़ते गुस्से का कारण बन गई है. स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार इन लोगों का आरोप है कि ये चीनी नागरिक घरों के अंदर की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे हैं, बांग्लादेश को भारत बताकर गलत जानकारी फैला रहे हैं, और यहां के लोगों तथा रहन-सहन के तरीके के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं.
बांग्लादेशी मीडिया, खासकर 'प्रोथोम आलो' की रिपोर्टों के मुताबिक, यह गतिविधि मुख्य रूप से उत्तरा के सेक्टर 12 और पास के टेकपारा इलाके में देखी गई है. स्थानीय लोगों का अनुमान है कि इसमें 150 से ज्यादा चीनी नागरिक शामिल हो सकते हैं. हालांकि इस संख्या की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. बांग्लादेशी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार पत्रकारों ने 27 अक्टूबर और 3 नवंबर को इस इलाके का दौरा किया और 17 चीनी नागरिकों से बात करने की कोशिश की. बताया जाता है कि उनमें से ज्यादातर ने कोई जवाब नहीं दिया.
'यह नई दिल्ली है': बांग्लादेश से लाइवस्ट्रीम किया, लेकिन बताया भारत
रिपोर्ट्स में लगाए गए सबसे चौंकाने वाले आरोपों में से एक यह है कि कुछ लाइवस्ट्रीमर अपने चीनी दर्शकों से कहते हैं कि वे भारत की राजधानी नई दिल्ली से लाइव स्ट्रीम कर रहे हैं, जबकि असल में वे बांग्लादेश की राजधानी ढाका में मौजूद होते हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, चीनी भाषा में की गई इन लाइवस्ट्रीम के कुछ हिस्सों का गूगल ट्रांसलेट के जरिए अनुवाद किया गया और फिर चीनी भाषा जानने वाले चार बांग्लादेशियों ने इनकी जांच की.
ट्रांसलेशन से पता चला कि इसमें बांग्लादेशियों, उनके घरों और उनके रोजमर्रा के जीवन के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं. NDTV ने इन ट्रांसलेशंस और लाइवस्ट्रीम के संदर्भ (context) की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है.
1 नवंबर को एक लाइवस्ट्रीम में मियानमियान नाम की एक चीनी महिला सेक्टर 12 में नहर के किनारे से टेकपारा इलाका दिखा रही थी. उसने बताया था कि वह चीन के सिचुआन प्रांत से है. बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट में छपे ट्रांसलेशन के मुताबिक, उसने दर्शकों से कहा: "यह नई दिल्ली है. इनके घर बहुत गंदे हैं. टिन की छत वाले इन घरों के अंदर एक पंखा तक नहीं है."
उसने यह भी दावा किया कि यह चाय नदी के गंदे पानी से बनाई गई है. रिपोर्ट्स में कुछ पॉजिटिव टिप्पणियों का भी जिक्र है. ली यांग नाम का एक चीनी नागरिक, उत्तरा की इमारतों में लगे एयर कंडीशनर (AC) दिखाता हुआ नजर आया. उसने बताया कि इनमें से कई चीनी ब्रांड के हैं और दर्शकों से कहा कि वे इन्हें पहचानें, जिसके लिए इनाम भी रखा गया था.
यह भी पढ़ें | शेख हसीना ने मांगा नया पासपोर्ट और पहचान पत्र, वतन वापसी से पहले नई दिल्ली में बांग्लादेश दूतावास को भेजा लेटर
चीनी लाइवस्ट्रीमर ने स्थानीय गाइड रखे हैं
बांग्लादेशी मीडिया ने रितु अख्तर नाम की एक स्थानीय महिला से भी बात की, जिसने बताया कि वह कई महीनों से चीनी नागरिकों के लिए गाइड के तौर पर काम कर रही थी. उसके अनुसार उसे रोजाना 700 से 800 टका मिलते थे. उसने यह भी दावा किया कि कई अन्य बांग्लादेशी महिलाएं भी इसी तरह का काम कर रही थीं.
रितु ने बताया कि ये चीनी नागरिक चीन के प्लेटफॉर्म्स, जैसे WeChat और टिकटॉक का चीनी वर्जन Douyin तथा अन्य प्लेटफॉर्म्स पर वीडियो और लाइवस्ट्रीम अपलोड करके पैसे कमाते थे. उसने दावा किया कि ये लोग खास तौर पर कम आय वाले समुदायों के इलाकों में जाने में दिलचस्पी रखते थे, और शायद इसीलिए उन्होंने टेकपारा को चुना.
फैंगयू नाम के एक चीनी नागरिक ने गूगल ट्रांसलेट के जरिए पत्रकारों को बताया कि वे प्रोडक्ट्स के प्रमोशन के लिए वीचैट पर लाइवस्ट्रीम करते थे. हालांकि, उसने यह नहीं बताया कि उन्होंने इसी इलाके को क्यों चुना, या वे इतने लंबे समय तक लाइवस्ट्रीमिंग क्यों करते रहे.
बांग्लादेशी लगा रहे निजता के उल्लंघन का आरोप
बांग्लादेश को गलत तरीके से पेश करने और अपमानजनक टिप्पणी करने के अलावा, स्थानीय निवासियों ने अपनी निजी जिंदगी में दखलंदाजी को लेकर भी चिंता जताई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, वीडियो बनाने का काम सिर्फ सार्वजनिक सड़कों, दुकानों या चाय की दुकानों तक ही सीमित नहीं है. निवासियों का आरोप है कि कुछ चीनी नागरिक बिना परमिशन लिए उनके घरों के अंदर घुस आते हैं और वीडियो रिकॉर्ड करने लगते हैं.
स्थानीय निवासी रोजीना खातून ने अखबार को बताया. "कभी-कभी वे हमारे घरों में घुस आते हैं और वीडियो बनाने लगते हैं. घर के अंदर हम हमेशा पूरी तरह से तैयार (कपड़ों में) नहीं होते. सोचिए, तब कैसा लगता होगा जब कोई अचानक आपके घर में घुस आए और रिकॉर्डिंग शुरू कर दे."
एक अन्य निवासी, पापिया बेगम ने आरोप लगाया कि कुछ लाइव-स्ट्रीमर तो वीडियो बनाते हुए बाथरूम तक में घुस आए थे. उन्होंने कहा, "अगर हम उनसे कुछ कहें भी, तो वे समझते नहीं हैं. वे बस मुस्कुराते हैं, सॉरी कहते हैं और चले जाते हैं. इस तरह की परेशानी दिन भर चलती रहती है."
निवासियों का यह भी दावा है कि टोके जाने या विरोध किए जाने के बावजूद, कुछ लाइव-स्ट्रीमर बार-बार उन्हीं इलाकों में वापस आ जाते हैं.
पुलिस को जानकारी है, लेकिन...
इन गतिविधियों ने निगरानी और देखरेख को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने माना है कि उन्होंने चीनी नागरिकों को उत्तरा के अलग-अलग हिस्सों में लाइव-स्ट्रीमिंग करते देखा है, लेकिन उनका कहना है कि उन्हें यह नहीं पता कि इन रिकॉर्डिंग के पीछे का मकसद क्या है.
भाषा की रुकावट और कुछ चीनी नागरिकों का अधिकारियों से बात करने से कतराना, इन गतिविधियों के असली मकसद का पता लगाने में मुश्किल पैदा कर रहा है. उत्तरा वेस्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद खालिद मंसूर ने अखबार को बताया: "मुझे असल में नहीं पता कि वे ये वीडियो क्यों बनाते हैं. मुझे यह भी नहीं पता कि ये वीडियो कहां दिखाए जाते हैं. हालांकि, मैंने सीनियर अधिकारियों को बता दिया है कि वे इस तरह के वीडियो बना रहे हैं. इस मामले पर काम चल रहा है."
इन आरोपों से कई बड़े सवाल उठते हैं - डिजिटल निजता, लोगों की मर्जी के बिना वीडियो बनाना, अनजान लोगों के वीडियो का इस्तेमाल, और सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलना. उत्तरा के लोगों के लिए पहले यह सिर्फ एक दिलचस्प बात थी कि विदेशी लोग उनके इलाके की लाइव-स्ट्रीमिंग कर रहे हैं. अब यही बात उनके लिए बहुत असहज हो गई है. फिर भी कई सवालों के जवाब नहीं मिले हैं- ये लाइव-स्ट्रीमिंग कौन करवा रहा है? इन्हें कौन देख रहा है? बांग्लादेश के कुछ इलाकों को भारत के रूप में क्यों दिखाया जा रहा है? और वीडियो अपलोड होने के बाद उसका क्या होता है?
यह भी पढ़ें | चेकिंग के दौरान पुलिसवाले ने इन्फ्लुएंसर से मांगा दिवाली गिफ्ट, वीडियो देख लोग बोले- ये तो लूट है
यह भी पढ़ें | जहरीले सांपों से हर साल 1.4 करोड़ कमाई, लड़की ने गांव में शुरू किया बिजनेस, बोली- महीने में सिर्फ 2 बार मिलता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं