- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस सेक्रेटरी केटी जकारिया से अपने पद पर बने रहने पर पुनर्विचार करने को कहा है
- केटी जकारिया ने प्रेस सचिव का कार्यभार केवल एक सप्ताह पहले संभाला था और उन पर अविश्वास के सवाल उठे थे
- जकारिया के बार परीक्षा पास करने और वकील होने के दावों को लेकर मीडिया और व्हाइट हाउस में गंभीर सवाल उठे हैं
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस सेक्रेटरी केटी जकारिया से कहा है कि वे अपने मुख्य प्रवक्ता के पद पर बने रहने के बारे में फिर से विचार करें. व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने यह बात कही, जिससे यह लगभग साफ हो गया कि इस पद पर जकारिया का छोटा सा कार्यकाल अब खत्म होने वाला है. ट्रंप ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार सुबह ज़कारिया से कहा, "सच कहूं तो, अगर मैं आपकी जगह होता, तो मैं इस बारे में फिर से सोचता."
ट्रंप ने कहा कि जॉर्जिया की यात्रा से व्हाइट हाउस लौटने पर वे इस बारे में बात करेंगे और फैसला उन्हीं पर छोड़ देंगे. लेकिन ट्रंप की बातों से ऐसा नहीं लगा कि वे अपनी मुश्किलों से घिरीं प्रेस सेक्रेटरी का बहुत ज्यादा समर्थन कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने जकारिया से कहा, "केटी, क्या तुम्हें इसकी जरूरत है? मुझे नहीं लगता कि तुम्हें इसकी जरूरत है."

जकारिया ने एक हफ्ते पहले ही यह जिम्मेदारी संभाली थी, उनके प्रति यह अविश्वास का एक बड़ा संकेत था. मंगलवार को ब्रीफ़िंग रूम में उनकी लड़खड़ाती शुरुआत और उनकी पृष्ठभूमि को लेकर लगातार उठते सवालों की वजह से, मीडिया और ट्रंप के अन्य सहयोगियों की नज़र उन पर टिक गई थी. जॉर्जिया में एक राजनीतिक रैली के लिए व्हाइट हाउस से निकलते समय ट्रंप ने कहा कि मीडिया ने जकारिया के साथ बुरा बर्ताव किया है. उन्होंने जकारिया की तारीफ़ करते हुए उन्हें अपना एक वफादार समर्थक बताया. लेकिन उन्होंने यह साफ़ कर दिया कि उन्हें नहीं लगता कि जकारिया सरकार की मुख्य प्रवक्ता के तौर पर उनकी तरफ से बात करने के लिए उपयुक्त हैं. हालांकि, आज देर रात राष्ट्रपति के सलाहकारों ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने केटी जकारिया को प्रेस सचिव के पद से हटा दिया है.
केटी जकारिया कैसे फंसी
व्हाइट हाउस की नई प्रेस सेक्रेटरी, ट्रंप प्रशासन के सार्वजनिक चेहरे के रूप में अपनी नई भूमिका संभालते ही, अपने बैकग्राउंड और रिज्यूमे को लेकर उठ रहे लगातार सवालों का सामना करने लगीं थीं. केटी ज़कारिया लंबे समय से खुद को एक वकील बताती रही हैं और उन्होंने फॉक्स न्यूज और न्यूजमैक्स जैसे कंजर्वेटिव मीडिया आउटलेट्स में एक कमेंटेटर के तौर पर अपनी पहचान बनाने का काम किया है. लेकिन अब तक, न तो उन्होंने और न ही व्हाइट हाउस ने इस बात का कोई सबूत दिया है कि उन्होंने किसी राज्य में, या चीन में—जहां उन्होंने कई साल पहले एक बड़ी लॉ फर्म में काम किया था—बार परीक्षा पास की है.

इन सवालों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस फैसले को लेकर उलझन और बढ़ा दी, जिसके तहत उन्होंने जकारिया को नियुक्त किया. जकारिया ने ट्रंप की सोशल मीडिया कंपनी में केवल कुछ महीने ही काम किया था, जब उनकी नियुक्ति की घोषणा की गई. मंगलवार को जब वह पहली बार पोडियम पर आईं, तो उनकी काफी आलोचना हुई. इसके बाद, 'पॉपुलर इंफॉर्मेशन' नामक एक स्वतंत्र मीडिया आउटलेट की एक रिपोर्ट सामने आई, जिसमें कहा गया कि ऐसा नहीं लगता कि उनके पास किसी भी राज्य का लाइसेंस है. इसके बाद पत्रकारों ने राष्ट्रपति से पूछा कि जकारिया ने आखिर किस राज्य में बार परीक्षा पास की है.

तब ट्रंप ने जकारिया को जवाब देने का मौका देने के लिए थोड़ा पीछे हटकर जगह दी.जकारिया ने कहा, "जब मैं चीन गई..." उन्होंने कहा, जबकि बैकग्राउंड में 'मरीन वन' (राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर) के चलने की आवाज आ रही थी. यह स्पष्ट नहीं है कि वह आगे क्या कहना चाहती थीं या क्या उन्होंने अपना वाक्य पूरा कर लिया था. व्हाइट हाउस ने उनकी शैक्षिक योग्यता के सपोर्ट में खूब बयान जारी किए लेकिन सवाल थमने का नाम नहीं ले रहे थे. इसके बाद मंगलवार को व्हाइट हाउस में पोडियम पर खड़ी होकर वे घबराई हुई लग रही थीं और उन्होंने केवल तीन सवालों के जवाब दिए. शायद, इसके बाद ही उन्होंने इस्तीफे का मन बनाया.
यह भी पढ़ें-
क्या आप नेतन्याहू पर भरोसा करते हैं, जवाब के साथ ट्रंप ने खोले ईरान युद्ध के कई राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं