अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीधे दखल दिया, एनवीडिया के बोर्ड से बात की और अब विवादों में घिरे जेंसन हुआंग को फिर से दुनिया में AI चिप बनाने वाली कंपनी का CEO बना दिया गया है. टेक अरबपति ने केवल 11 दिन के अंदर फिर से अपनी कुर्सी पा ली है. ट्रंप खुलकर इसका क्रेडिट भी ले रहे हैं. अब सामने आया है कि इससे डोनाल्ड ट्रंप को खूब फायदा हुआ है. जेनसन हुआंग के फिर से CEO बनने की अचानक खबर से सोमवार को एनवीडिया के शेयर की कीमत में काफी तेजी आई. इससे डोनाल्ड ट्रंप के पास मौजूद एनवीडिया के शेयरों की कीमत 1.5 करोड़ डॉलर तक बढ़ गई.
ट्रंप को कितना फायदा
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति के ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एथिक्स को दी गई जानकारी के मुताबिक, 30 सितंबर तक उनके पास एनवीडिया के 3,70,000 तक शेयर हो सकते थे. सबसे ताजा जानकारी 5 नवंबर को दी गई थी. ट्रंप के शेयरों की जानकारी सिर्फ सितंबर के आखिर तक की है. यह हुआंग के इस्तीफे से पहले की है. इसमें अक्टूबर या नवंबर में हुई खरीद-बिक्री की जानकारी नहीं है.
पिछले कुछ हफ्तों में गिरे ये शेयर, जेनसन हुआंग की वापसी की खबर के बाद सोमवार को 30% से ज्यादा चढ़ गए.
ट्रंप ले रहे क्रेडिट
ट्रंप ने कहा कि हुआंग को वापस लाने के फैसले में वे सीधे शामिल थे. सोमवार को CNBC से उन्होंने कहा कि मैंने उनसे बात की, ऐसे समझ लीजिए और मैंने उन्हें मना लिया... मैंने डील कराई. वहीं एनवीडिया के बोर्ड ने कहा कि उसे अमेरिकी सरकार के ऊंचे लेबल से राय मिली थी. कंपनी ने कहा, "उस राय के आधार पर बोर्ड को भरोसा है कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है."
CNBC से बात करते हुए ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्होंने कंपनी के बोर्ड को भरोसा दिलाया था कि हुआंग पर मुकदमा नहीं चलेगा. इसपर ट्रंप ने कहा, "मैंने 'मुकदमा' शब्द का इस्तेमाल नहीं किया, लेकिन मैंने कहा कि हमें लगता है - और मैंने एक बयान भी जारी किया, आपने शायद देखा होगा - हमें लगता है वो ठीक हैं. वो बिल्कुल ठीक हैं. मैंने उन्हें काफी भरोसा दिलाया." जब हुआंग की वापसी के समर्थन के बारे में पूछा गया, तो ट्रंप ने कहा कि अगर मुझे लगता कि उन्होंने कुछ गलत किया है, तो मैं उनके बोर्ड को उन्हें रखने की सलाह नहीं देता.
बता दें कि हुआंग ने शादी के बाहर संबंधों के खुलासे के बाद इस्तीफा दिया था, जिनमें एक कथित चीनी जासूस के साथ संबंध भी शामिल था.
यह भी पढ़ें | गले लगाया, जोरदार तालियां... हीरो स्टाइल एंट्री; Nvidia में जेनसन हुआंग की वापसी पर कर्मचारियों का जश्न वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं