असम के सिलचर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. तलाकशुदा मां के दोस्त पर 9 साल की बच्ची के साथ रेप का आरोप लगा है. बच्ची आरोपी को 'बाबा' कहकर बुलाती थी. आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शिकायत पर कार्रवाई न करने वाले दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है. पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि बच्ची के परिवार ने जब सबसे पहले उनके पास शिकायत की थी, तो उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राहुल रॉय उर्फ राजू को सिलचर के बाहरी इलाके रंगपुर के पास से गिरफ्तार किया गया है. वह एक गाड़ी में बैठकर भागने की कोशिश कर रहा था.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पीड़िता की मां का अपने पति से तलाक हो चुका था और वह राजू नाम के शख्स के साथ रिश्ते में थी. दूसरी तरफ, राजू का भी तलाक हो चुका था. अब दोनों शादी करने की योजना बना रहे थे. महिला के 9 साल की बच्ची की देखभाल भी राजू ही करता था और बच्ची उसे 'बाबा' कहकर बुलाती थी. बंगाली भाषा में पिता को 'बाबा' कहकर पुकारा जाता है.
शिकायत के बाद भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई?
परिवार का दावा है कि उन्होंने उसी दिन रंगिरखारी पुलिस चौकी में इस मामले की शिकायत की थी, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई. मां ने यह भी आरोप लगाया कि बार-बार गुजारिश करने के बावजूद, पुलिस ने बच्ची की मेडिकल जांच नहीं करवाई.
इसके बाद परिवार ने कछार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) पीपी सैकिया से संपर्क किया और नई शिकायत दर्ज कराई. इस मामले पर कार्रवाई करते हुए POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया और पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी. बाद में, रॉय को रंगपुर के पास खोज निकाला गया और इलाके से भागने से पहले ही उसे पकड़ लिया गया.
मां के मुताबिक, बच्ची ने पहले इस दुर्व्यवहार के बारे में इसलिए नहीं बताया क्योंकि रॉय ने उसे धमकी दी थी. परिवार ने मीडिया के साथ एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साझा की, जिसमें उनके मुताबिक आरोपी और बच्ची के बीच की बातचीत है.
पुलिस ने बताया कि बच्ची की मेडिकल जांच कराई जाएगी और इस मामले के संबंध में आरोपी राहुल रॉय से पूछताछ की जा रही है.
कछार के पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास ने कहा कि सब-इंस्पेक्टर अनंत सिन्हा और कांस्टेबल हरिपादा रॉय को सस्पेंड कर दिया गया है. उन पर आरोप है कि जब परिवार पहली बार पुलिस चौकी पहुंचा था, तो उन्होंने शिकायत दर्ज नहीं की थी. इन दोनों पुलिसकर्मियों के आचरण की आंतरिक जांच के आदेश दिए गए हैं. पुलिस ने कहा कि कानून के मुताबिक, आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें | असम में तेंदुए का आतंक, पकड़ने गई टीम के सामने भड़का हमला, 4 ग्रामीण घायल, गुस्साई भीड़ ने मार डाला तेंदुआ
यह भी पढ़ें | तस्करों के पीछे नदी में कूदे 2 BSF जवान, एक लौट आया, दूसरा बह गया... सर्च में जुटी SDRF की टीम
यह भी पढ़ें | रूस भेजे जाने के बाद लापता हुआ असम का युवक, परिवार को डर- कहीं यूक्रेन युद्ध में तो नहीं झोंक दिया गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं