विज्ञापन
This Article is From Mar 14, 2011

फुकुशिमा प्लांट के तीसरे रिएक्टर में धमाका

टोक्यो: जापान के फुकुशिमा न्यूक्लियर पॉवर प्लांट के रिएक्टर नंबर-3 में सोमवार सुबह एक धमाका हुआ, जिसे हाइड्रोजन ब्लास्ट बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि यह धमाका प्लांट के कोर में नहीं हुआ है, और प्लांट को इससे नुकसान नहीं पहुंचा है। जापान के कैबिनेट सेक्रेटरी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि धमाके से रिएक्टर की बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा है। धमाके की वजह से तीन लोग लापता हैं और सात घायल हैं। रिएक्टर से 200 किलोमीटर के दायरे में अब भी लगभग 600 लोग मौजूद हैं, जिन्हें अपने घरों के भीतर बने रहने की सलाह दी गई है। रिएक्टर नंबर-3 में कूलिंग पहले ही बंद हो गई थी, जिसके बाद से रिएक्टर नंबर-1 में हुए धमाके की तर्ज पर धमाके की आशंका जताई जा रही थी, और इसी वजह से रिएक्टर नंबर-3 को ठंडा करने के लिए रविवार से इसमें समुद्र का पानी भरा जा रहा है, लेकिन फिलहाल उसका तापमान कम नहीं हुआ है। अब तक 19 लोगों में रेडिएशन से होने वाली बीमारियों के लक्षण मिले हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। उधर, फुकुशिमा के अलावा ओनागावा न्यूक्लियर प्लांट से भी रेडिएशन फैलने की खबर है, जिसके बाद एमरजेंसी का ऐलान कर दिया गया है। ओनागावा से रेडिएशन फैलने की पुष्टि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने भी की है। यह परमाणु केंद्र उस जगह है, जहां सुनामी की मार सबसे ज्यादा पड़ी है। खबर है कि तोकई न्यूक्लियर पावर प्लांट ने भी काम करना बंद कर दिया है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
फुकुशिमा, न्यूक्लियर, धमाका
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com