विज्ञापन

इजरायल ने सीजफायर के बीच लेबनान पर किया हवाई हमला, महिला पत्रकार समेत 5 की मौत

Israel Lebanon Ceasefire Violation: इजरायली सेना का कहना है कि उसके सैनिकों और वायुसेना ने दक्षिणी लेबनान में हमला किया, क्योंकि हिज्बुल्लाह ने पहले सीजफायर का उल्लंघन किया था.

इजरायल ने सीजफायर के बीच लेबनान पर किया हवाई हमला, महिला पत्रकार समेत 5 की मौत
दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमले में महिला पत्रकार अमल खलील की मौत (फोटो/मोहम्मद जातारी)
  • इजरायल और लेबनान के बीच सीजफायर के बावजूद दक्षिणी लेबनान में हमले जारी हैं, जिनमें पांच लोगों की मौत हुई है
  • इजरायल की सेना ने दक्षिणी लेबनान में दो गाड़ियों को निशाना बनाया, जिनमें से दो लोग मारे गए हैं
  • एक महिला पत्रकार अमल खलील सहित दो पत्रकारों को इजरायली हवाई हमले में गंभीर चोटें आईं, जिसमें अमल की मौत हुई
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

Israel Lebanon Ceasefire Violation: इजरायल और लेबनान के बीच सीजफायर के बावजूद हमले जारी हैं और लोग मर रहे हैं. दक्षिणी लेबनान में इजरायल के हमलों में एक पत्रकार सहित पांच लोगों की मौत हो गई है. इस हिंसा ने पहले से ही कमजोर सीजफायर पर और दबाव बढ़ गया है. अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार यह जानकारी लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी ने दी है. रिपोर्ट के अनुसार, पहला इजरायली हमला दक्षिणी लेबनान के अत-तिरी गांव में एक गाड़ी को निशाना बनाकर किया गया, जिसमें अंदर बैठे दो लोगों की मौत हो गई.

इजरायल की सेना ने कहा कि उसने दक्षिणी लेबनान में दो गाड़ियों को निशाना बनाया, जो हिज्बुल्लाह समूह द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक स्थान से निकले थे. लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी ने बताया कि दो पत्रकार पहले हमले को कवर करने उस गांव में पहुंचे थे. गांव में एक इमारत पर बाद में हुए हवाई हमले में दोनों पत्रकार घायल हो गए. दोनों मलबे के नीचे दबे हुए थे. इसमें से एक- महिला पत्रकार अमल खलील की मौत हो गई. यह महिला पत्रकार स्थानीय मीडिया संस्थान अल अखबार के लिए काम करती थी.

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि जब दोनों पत्रकारों और अन्य को बचाने की कोशिश की गई तब कथित तौर पर इजरायल ने हमला किया. 

लेबनान के सूचना मंत्री पॉल मोरकोस ने पत्रकारों पर हुए इस इजरायली हमले की निंदा की है. X पर पोस्ट में मोरकोस ने लिखा, “हम इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं, इजरायल को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराते हैं, और तुरंत उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और मीडिया के काम की स्वतंत्रता की गारंटी देने की आवश्यकता पर जोर देते हैं.”

इजरायल का क्या कहना है?

इससे पहले, इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने कहा था कि उसके सैनिकों और वायुसेना ने दक्षिणी लेबनान में हमला किया, क्योंकि हिज्बुल्लाह ने सीजफायर का उल्लंघन किया था. उसके दो सदस्य “फॉरवर्ड डिफेंस लाइन” को पार करके इजरायली सैनिकों के करीब आ गए थे. एक बयान में आईडीएफ ने कहा कि यह घटना दक्षिणी लेबनान के सालुकी क्षेत्र में हुई, जहां उसे संभावित खतरा नजर आया.

आईडीएफ ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “कल (मंगलवार) दक्षिणी लेबनान के सालुकी इलाके में आईडीएफ सैनिकों ने दो आतंकवादियों को देखा, जिन्होंने युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया, फॉरवर्ड डिफेंस लाइन को पार किया और सैनिकों के पास आ गए, जिससे तुरंत खतरा पैदा हुआ.”

सेना ने कहा कि स्थिति को काबू में करने के लिए उसने हवाई हमला किया और यह भी जोड़ा कि इलाके में अभियान जारी है, जिसमें हिज़्बुल्लाह से जुड़े ढांचे को निशाना बनाने की कोशिशें शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: ट्रंप ने आर्मी चीफ के बाद नौसेना मंत्री को भी हटाया, ईरान जंग के बीच अमेरिकी सेना और सरकार में उथल-पुथल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com