विज्ञापन

लेबनान में ईसा मसीह की मूर्ति तोड़ने और फोटो वायरल करने वाले इजरायल के 2 सैनिकों को क्या सजा मिली?

Israel Hezbollah War in Lebanon: वायरल तस्वीर में एक इजरायली सैनिक हथौड़े (स्लेजहैमर) से सूली पर चढ़े ईसा मसीह की मूर्ति के सिर पर वार करता हुआ दिखाई देता है. हमला करने वाले और तस्वीर लेने वाले, दोनों सैनिकों को सजा मिली है.

लेबनान में ईसा मसीह की मूर्ति तोड़ने और फोटो वायरल करने  वाले इजरायल के 2 सैनिकों को क्या सजा मिली?
लेबनान में इजरायली सैनिक ने तोड़ी ईसा मसीह की मूर्ति (फोटो- सोशल मीडिया)
  • लेबनान में ईसा मसीह की मूर्ति तोड़ने वाले 2 इजरायली सैनिकों को 30 दिन की सैन्य हिरासत मिली, ड्यूटी से भी हटाया
  • घटना दक्षिण लेबनान के ईसाई गांव डेब्ल में हुई थी, जो इजरायल सीमा के निकट स्थित है
  • सैनिकों का व्यवहार IDF के नियमों और मूल्यों के खिलाफ था और छह अन्य सैनिकों को भी पूछताछ को बुलाया गया- सेना

लेबनान में जमीनी सैन्य ऑपरेशन के दौरान ईसा मसीह की एक मूर्ति को तोड़ने वाले इजरायल के दो सैनिकों के खिलाफ एक्शन लिया गया है. इजराइल की सेना ने मंगलवार को कहा कि दो सैनिकों को 30 दिन की सैन्य हिरासत दी जाएगी और उन्हें लड़ाई की ड्यूटी से हटा दिया जाएगा. यह फैसला उस फोटो के वायरल होने के बाद आया, जिसमें एक इजराइली सैनिक हथौड़े से सूली पर चढ़े ईसा मसीह की मूर्ति के सिर पर वार करता दिख रहा था. यह मूर्ति दक्षिण लेबनान के ईसाई गांव डेब्ल में थी, जो इजराइल सीमा के पास है.

जांच के बाद सुनाया फैसला

जांच के नतीजे जारी करते हुए इजरायली सेना ने कहा कि “जिस सैनिक ने ईसाई प्रतीक को नुकसान पहुंचाया और जिसने उसकी फोटो ली, दोनों को लड़ाई की ड्यूटी से हटाया जाएगा और 30 दिन की सैन्य हिरासत दी जाएगी.” सेना ने यह भी कहा कि छह अन्य सैनिक, जो मौके पर मौजूद थे और जिन्होंने न तो इसे रोका और न ही रिपोर्ट किया, उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है.

सेना ने कहा, “जांच में पाया गया कि सैनिकों का व्यवहार पूरी तरह से IDF (इजराइल डिफेंस फोर्स) के नियमों और मूल्यों के खिलाफ था.” उसने यह भी कहा कि “लेबनान में उसकी कार्रवाई सिर्फ हिज्बुल्लाह और अन्य आतंकवादी संगठनों के खिलाफ है, आम नागरिकों के खिलाफ नहीं.” सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इजराइली सेना ने कहा कि डेब्ल में टूटी हुई मूर्ति को सैनिकों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बदल दिया है, और नई क्रॉस वाली मूर्ति की फोटो भी शेयर की.

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि वे यह जानकर “हैरान और दुखी” हैं कि एक सैनिक ने दक्षिण लेबनान में कैथोलिक धार्मिक प्रतीक को नुकसान पहुंचाया, और उन्होंने दोषी के खिलाफ “कड़ी कार्रवाई” का वादा किया था.

बता दें कि मार्च की शुरुआत में लेबनान भी मिडिल ईस्ट की युद्ध में शामिल हो गया था, जब ईरान समर्थित समूह हिज़्बुल्लाह ने ईरानी सुप्रीम लीडर की मौत के बाद ईरान के समर्थन में इजरायल की तरफ रॉकेट दागे. इसके जवाब में इजरायल ने लेबनान में बड़े पैमाने पर हमले किए और दक्षिण लेबनान में सेना भेजी. 

इस लड़ाई में 2,400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 10 लाख से ज्यादा लोग बेघर हो गए हैं. पिछले हफ्ते सीज़फायर लागू होने के बाद भी मलबे से शव मिलने के कारण मौत का आंकड़ा बढ़ रहा है. इस युद्ध में इजरायल के 15 सैनिक मारे गए हैं.

यह भी पढ़ें: मुस्लिम देश लेबनान में इजरायली सैनिक ने तोड़ी ईसा मसीह की मूर्ति, सेना की जांच में साबित गुनाह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Israel Hezbollah War, Israel Hezbollah War Update, Israel Lebanon War
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com