कानपुर के हैलेट अस्पताल में मरीज के इलाज में लापरवाही का मामला सामने आया है. यहां सड़क दुर्घटना के बाद इलाज कराने इमरजेंसी वार्ड पहुंचे एक शख्स के टूटे हाथ पर प्लास्टर करने की जगह कागज का गत्ता बांध दिया. बताया जा रहा है कि हाथ टूटे होने के बावजूद डॉक्टर ने ना तो एक्सरे कराया और ना ही प्लास्टर चढ़ाया. दर्द से कराहते मरीज के हाथ पर बस एक कागज का गत्ता बांधकर पट्टी बांध दी और उसको चला कर दिया.
जानकारी के अनुसार, काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर (शॉप नंबर-15) निवासी धरम बाबू गुप्ता मंडी से गन्ना लेने जा रहे थे. रास्ते में अचानक ई-रिक्शा पलटने से उनके हाथ में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें हैलट अस्पताल के इमरजेंसी में पहुंचाया.
पीड़ित का आरोप है कि टूटे हाथ पर प्लास्टर करने की जगह डॉक्टरों ने कागज का गत्ता बांध दिया. तेज दर्द और आर्थिक तंगी के चलते भटक रहे इस मरीज की लाचारी को देखते हुए स्थानीय लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाया और बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया.
ये पूरा मामला जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मेडिकल कॉलेज प्रशासन सक्रिय हुआ, हैलेट अस्पताल के हड्डी विभाग के इंचार्ज डॉक्टर संजय कुमार ने बताया कि ये मामला उनके संज्ञान में आया है और उन्होंने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
इसे भी पढ़ें: रेलवे ने यूपी में 9 मेमू ट्रेन चलाने का किया है प्लान, लखनऊ से कानपुर, अयोध्या और बाराबंकी तक सफर होगा आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं