- ईरानी सरकारी चैनल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे बैरन ट्रंप की हत्या को उकसाने वाला वीडियो चलाया
- वीडियो में बैरन ट्रंप की हत्या के लिए दस मिलियन डॉलर का इनाम घोषित करते हुए उनके ठिकानों को भी दिखाया गया था
- अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने इस वीडियो की जानकारी स्वीकार की और सुरक्षा के लिए जांच जारी रखने की बात कही है
अमेरिकी हमले ने ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामनेई की जान ले ली थी. अब ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामनेई अपने पिता के खून का बदला लेना चाहते हैं. 6 महीने बाद भी जंग जारी है. इस बीच ईरान के सरकारी चैनल पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने अमेरिका की खुफिया एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं- इस वीडियो में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सबसे छोटे बेटे बैरन ट्रंप की हत्या के लिए उकसाया गया था, उसके बदले 10 मिलियन डॉलर के इनाम की बात की गई थी.
CNN की रिपोर्ट के अनुसार पहले भी फर्स्ट लेडी यानी डोनाल्ड ट्रंप की पत्नि मेलानिया ट्रंप को धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि यह पहली बार है जब उनके छोटे बेटे बैरन को सार्वजनिक रूप से निशाना बनाया गया है. पहले बताते हैं कि ईरानी सरकारी चैनल पर कौन सा वीडिया चलाया गया.
VIDEO में क्या था?
इस रिपोर्ट के अनुसार लगभग तीन मिनट के इस वीडियो की शुरुआत अंग्रेजी भाषा के एक ग्राफिक से होती है, जिस पर लिखा है: "बैरन ट्रंप की हत्या कहां करें?!". इसमें कुछ खास ग्राफिक्स दिखाए गए हैं जो उन जगहों को दर्शाते हैं जहां बैरन ट्रंप अक्सर सार्वजनिक रूप से समय बिताते हैं, जिसमें न्यूयॉर्क का ट्रंप टॉवर भी शामिल है. वीडियो के आखिर में, नैरेटर ने कहा कि लोग "हमारा 10 मिलियन डॉलर का इनाम पाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं."
हरकत में है अमेरिका की खुफिया एजेंसी
रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता नेट हेरिंग ने एक बयान में कहा कि US सीक्रेट सर्विस को इस वीडियो के बारे में जानकारी है और हम ऐसी किसी भी चीज की जांच करते हैं जिसे हमारी सुरक्षा में रहने वाले लोगों के लिए खतरा माना जा सकता है. उन्होंने कहा कि ऑपरेशनल सिक्योरिटी को ध्यान में रखते हुए, हम सुरक्षा से जुड़ी खुफिया जानकारी के मामलों पर चर्चा नहीं करते हैं.
CNN के अनुसार सरकारी सूत्र ने बताया कि सीक्रेट सर्विस, दूसरी एजेंसियों, पुलिस और अन्य देशों से मिलने वाली सुरक्षा संबंधी जानकारी के आधार पर ऑपरेशनल सिक्योरिटी में लगातार बदलाव करती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं