आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के सुसाइड केस में अब एक CCTV फुटेज सामने आया है. इस मामले में यह पहला CCTV फुटेज है. ये वीडियो फुटेज एग्जाम हॉल के अंदर का है. इसमें साहिल काली टी-शर्ट पहने हुए दिख रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि कुछ देर बाद एक टीचर उसके पास आते हैं, बात करते हैं और फिर वह वापस बैठ जाता है.
साहिल वाकोडे ने 18 सितंबर को सुसाइड कर ली थी. सुसाइड से कुछ घंटे पहले वह एग्जाम के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन के जरिए ChatGPT का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था.
इस घटना के बाद उसी दिन साहिल ने पवई स्थित हॉस्टल में अपने कमरे में फांसी लगा ली थी. अब इस मामले में 54 सेकंड का CCTV फुटेज सामने आया है. इस केस में यह सबसे बड़ा सबूत है.
क्या है CCTV फुटेज में?
ये CCTV फुटेज 54 सेकंड का है. इसमें साहिल वाकोडे पहली बेंच पर बैठा नजर आ रहा है. तभी एक टीचर उनके पास आकर रुकते हैं. इसके बाद टीचर साहिल से कुछ सवाल पूछते हैं.
इसके बाद साहिल बेंच से उठता है. फिर टीचर और साहिल के बीच कुछ देर तक बातचीत चलती है. फिर साहिल वापस बेंच पर बैठ जाता है.
एग्जाम दोपहर 1 बजे तक होना था. जांच एजेंसियां इस फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिरी 20 मिनट में क्या हुआ था.
CCTV फुटेज क्लासरूम के अंदर तीन सुपरवाइजर दिख रहे हैं. साहिल अपने मोबाइल फोन में देखने की कोशिश करते दिखते हैं, तभी प्रोफ़सर उन्हें कथित तौर पर नकल करते हुए पकड़ लेते हैं. फुटेज में साफ दिख रहा है कि साहिल प्रोफेसर को अपना मोबाइल फोन सौंप रहा है.
यह भी पढ़ेंः मुझसे गलती हो गई... साहिल ने सुसाइड से पहले की थी महिला दोस्त से बात, IIT बॉम्बे केस में बड़ा खुलासा

Photo Credit: IANS
सुसाइड से पहले महिला दोस्त से की थी बात
इससे पहले सूत्रों ने बताया था कि सुसाइड से पहले साहिल ने अपनी एक महिला दोस्त से फोन पर बात की थी. इस दौरान उसने जातिगत प्रताड़ना की कोई बात नहीं की थी.
फोन कॉल में साहिल ने अपनी दोस्त से कहा था, 'मुझसे गलती हो गई. मेरा पेपर भी अच्छा नहीं गया.'
इस फोन कॉल के कुछ देर बाद ही साहिल ने सुसाइड कर ली. साहित की मौत की खबर सुनकर उसकी दोस्त सदमे में है. सूत्रों ने बताया कि उस दिन महिला को पैनिक अटैक भी आया था और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था.
अब तक क्या-क्या हुआ?
18 सितंबर को साहिल ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी.
मामले में आईआईटी बॉम्बे के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूल्ला पर साहिल को जाति के आधार पर प्रताड़ित करने का आरोप लगा है. प्रोफेसर डूल्ला को छुट्टी पर भी भेज दिया गया है.
इसके अलावा, मामले की जांच के लिए बुधवार को 10 सदस्यों की एक हाईलेवल कमेटी गठित की है. मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच पहले ही इस मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ेंः कौन हैं प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला? जो IIT बॉम्बे में छात्र की मौत के बाद हुए सस्पेंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं