विज्ञापन

खाड़ी में फिर युद्ध की आहट...ईरान ने कुवैत और बहरीन पर बरसाई मिसाइलें; अमेरिकी हमले के जवाब में किया अटैक

मध्य पूर्व में एक बार फिर जंग का खतरा गहरा रहा है. सीजफायर के बावजूद ईरान और अमेरिका एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं. ईरान कुवैत और बहरीन में अमेरिका ठिकानों पर हमला कर रहा है.

खाड़ी में फिर युद्ध की आहट...ईरान ने कुवैत और बहरीन पर बरसाई मिसाइलें; अमेरिकी हमले के जवाब में किया अटैक
अमेरिका ने ईरान के समंदर से सटे इलाकों पर हमला किया था.
AFP

अमेरिका सेना के ईरान पर हमले के बाद अब तेहरान ने भी अपने पड़ोसियों पर बम बरसाना शुरू कर दिया है. ईरान के इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने ऐलान किया है कि उसने कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को अपना निशाना बनाया है. ईरान का दावा है कि उसने यह कार्रवाई दक्षिणी ईरान के केश्म द्वीप और सिरिक काउंटी में हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में की है.

ईरान की आधिकारिक न्यूज एजेंसी 'सिपाह न्यूज' के अनुसार, IRGC ने साफ-साफ बताया है कि उनके निशाने पर कुवैत का 'अली अल सलेम एयर बेस' और बहरीन में मौजूद अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का हेडक्वार्टर था. ईरान के इस हमले के बाद क्षेत्रीय युद्ध के गहराने का खतरा एक बार फिर से गहरा गया है.

आधी रात को समुद्र में क्या हुआ? जानिये पूरी टाइमलाइन

आखिर अचानक तनाव की लपटें कैसे उठ गई, इसे समझना जरूरी है. इस तनाव की कहानी शनिवार की तड़के 1:30 बजे शुरू होती है. ईरान का आरोप है कि अमेरिकी सेना की देखरेख में चार तेल टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से अवैध रूप से निकलने की फिराक में थे. 

ईरान का कहना है कि जब टैंकरों ने बात नहीं मानी, तो उन्होंने एक तेल टैंकर को निशाना बना डाला. इसके बाद बाकी के तीन 'नियम तोड़ने वाले' जहाज पीछे मुड़ गए. इसके बाद अमेरिकी ड्रोन ने ईरान के केश्म द्वीप और सिरिक काउंटी में बने ईरानी कम्यूनिकेशन टावरों पर बमबारी कर दी.

फिर ईरान ने खोया आपा, दाग दीं बैलिस्टिक मिसाइलें

अमेरिका ने जैसे ही ईरान के टावरों को उड़ाया, ईरान की एयरोस्पेस डिवीजन तिलमिला गई. उन्होंने बिना देर किए तुरंत अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों का मुंह कुवैत के अली अल सलेम एयर बेस और बहरीन में अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट के ठिकानों की तरफ मोड़ दिया और बटन दबा दिए. हालांकि, दूसरी तरफ अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में बस इतना कहा है कि अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को ईरान के कुछ रडार साइटों पर हमले किए थे.

अब ईरान ने तो मिसाइलें छोड़ दीं, लेकिन क्या वो निशाने पर लगीं? इस पर कुवैती सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ का कहना है कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने शनिवार को आए इस मिसाइल और ड्रोन हमले को हवा में ही रोक दिया. कुवैत में सुबह जो धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही थीं, वो दरअसल उनके एयर डिफेंस द्वारा 'दुश्मन के टारगेट' को हवा में ही तबाह करने की वजह से थीं. कुवैत सरकार ने अपने नागरिकों से कहा है कि घबराएं नहीं और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें.

यह भी पढ़ें: अमेरिका का ईरानी रडार ठिकानों पर मिसाइल हमला, लेकिन ट्रंप बोले- ईरान के पास अब भी जंग लड़ने की कैपेसिटी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com