विज्ञापन

मिडिल-ईस्ट में फिर जंग! ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना, मिसाइल-ड्रोन से अटैक

ईरान के IRGC ने बहरीन में अमेरिकी पैट्रियट रडार पर मिसाइल-ड्रोन हमले का दावा किया है. ईरान ने इसे अमेरिकी उल्लंघन का जवाब बताया है. बहरीन ने कहा कि ईरानी हमले से इंडस्ट्रियल फेसिलिटी में आग लग गई.

मिडिल-ईस्ट में फिर जंग! ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना, मिसाइल-ड्रोन से अटैक
ईरान होर्मुज स्ट्रेट के ऊपर दो यूएस ड्रोन मार गिराने का दावा किया है.
File Photo: AFP

मिडिल-ईस्ट में एक बार फिर से जंग जैसे हालात बन रहे हैं. बहरीन का कहना है कि ईरान के एक हमले ने नागरिकों से जुड़ी एक इंडस्ट्रियल फेसिलिटी को निशाना बनाया है, जिससे वहां आग लग गई. बहरीन के डिफेंस फोर्स ने बताया कि शनिवार देर रात उनकी वायु रक्षा प्रणालियों ने ईरान की तरफ से किए गए कई हवाई हमलों को रोक दिया. वहीं, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मौजूद दो 'पैट्रियट' एयर डिफेंस रडार को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन ऑपरेशन चलाया.

Al Jazeera की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि IRGC की एयरोस्पेस फोर्स ने अल-रिफ़ा और अवाली ठिकानों पर अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें अमेरिकी 'पैट्रियट' एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़े रडार को टारगेट किया गया.

IRGC ने बताया कि यह ऑपरेशन अमेरिकी MQ-1 और MQ-9 ड्रोन द्वारा बार-बार ईरानी हवाई क्षेत्र के उल्लंघन और ईरान के हेंगाम द्वीप पर स्थित एक रडार इंस्टॉलेशन पर हुए हमले के जवाब में चलाया गया था.

इसमें आगे दावा किया गया कि इस इलाके में अमेरिकी सेना के एस्कॉर्ट और हवाई सुरक्षा मिशन अपने मकसद को हासिल करने में फेल रहे, जिसकी वजह से अमेरिकी सुरक्षा के दायरे में मौजूद उपकरणों और जहाजों को भारी नुकसान उठाना पड़ा.

'उल्लंघन हुआ तो मिलेगा जवाब...'

रिपोर्ट के मुताबिक, IRGC ने आगे की घुसपैठ के खिलाफ चेतावनी देते हुए ईरानी हवाई क्षेत्र को एक 'रेड लाइन' बताया और कहा कि अगर आगे भी ऐसा उल्लंघन होता है, तो इसका 'कड़ा और निर्णायक जवाब' दिया जाएगा.

इससे पहले, ईरान के IRIB ने कुछ फुटेज जारी किए, जिनमें कथित तौर पर होर्मुज स्ट्रेट के ऊपर अमेरिकी सेना के दो ड्रोन (MQ-9 और एक MQ-1) को मार गिराए जाने का दृश्य दिखाया गया है. एक अलग वीडियो में IRGC के एक मिसाइल और ड्रोन ऑपरेशन को दिखाया गया, जिसमें बहरीन के अल-रिफा और अवली बेस पर मौजूद अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस रडार को निशाना बनाया गया था.

इस फुटेज में एक मैसेज भी था, जिसमें अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) को चुनौती दी गई थी कि वे एक और 'फैक्ट-चेक' जारी करें, जिसमें या तो अमेरिकी सैन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचने से इनकार किया जाए, या फिर यह दावा किया जाए कि उन्हें IRGC द्वारा निशाना नहीं बनाया गया था.

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, IRGC ने इन ऑपरेशनों को ईरानी एयरस्पेस के कथित अमेरिकी उल्लंघनों और हेंगाम द्वीप पर स्थित एक रडार इंस्टॉलेशन पर हुए हमले के जवाब में की गई जवाबी कार्रवाई बताया है.

यह भी पढ़ें | ईरान ने दावा किया कि उसने अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान को नुकसान पहुंचाया, फिर हुआ फैक्ट-चेक

यह भी पढ़ें | 'न युद्ध, न शांति' वाली स्थिति को खत्म करके होर्मुज खोलने को तैयार ईरान, कैसे होगा-ये भी बताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Middle East, Iran, Bahrain, IRGC, America
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com