विज्ञापन

ईरान ने किया अमेरिकी लड़ाकू विमान F-16 को नुकसान पहुंचाने का दावा, US ने फैक्ट चेक कर बताया 'गलत'

ईरान ने दावा किया है कि उसके एयर डिफेंस ने फारस की खाड़ी में अमेरिकी F-16 को नुकसान पहुंचाया, जिससे इमरजेंसी लैंडिंग हुई. अमेरिका के CENTCOM ने इसे पूरी तरह झूठा बताया और कहा कि सभी जेट सुरक्षित हैं.

ईरान ने किया अमेरिकी लड़ाकू विमान F-16 को नुकसान पहुंचाने का दावा, US ने फैक्ट चेक कर बताया 'गलत'
अमेरिका ने ईरान के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है.
Photo: IRGC

ईरान की सेना ने शनिवार को दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने फारस की खाड़ी के ऊपर एक अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान को नुकसान पहुंचाया, जिसके कारण पायलट को इलाके के एक एयरबेस पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. न्यूज एजेंसी 'तस्नीम' के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार रात को हुई, जब होर्मुज स्ट्रेट के आसपास ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा था. शनिवार को जारी एक बयान में ईरानी सेना के पब्लिक रिलेशन ऑफिस ने दावा किया कि देश में ही विकसित किए गए एयर डिफेंस सिस्टम ने फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ रहे एक अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान का पता लगाया और उसकी पहचान की. बयान के मुताबिक, ईरान की एयर डिफेंस फोर्स ने विमान को ट्रैक किया और फिर उसकी ओर एक मिसाइल दागी.

बयान में दावा किया गया है कि मिसाइल लड़ाकू विमान के पास जाकर फटी, जिससे विमान को नुकसान पहुंचा. ईरानी सेना ने कहा कि इसके चलते पायलट को अपना मिशन बीच में ही रोकना पड़ा और इलाके के सबसे नजदीकी हवाई अड्डों में से एक पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. हालांकि, ईरान ने यह नहीं बताया कि विमान ने किस एयरपोर्ट पर लैंडिंग की.

ईरान के इस दावे पर अमेरिका ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसे पूरी तरह से खारिज कर दिया और इसे 'झूठा' बताया है.

अमेरिका ने क्या कहा?

यूएस सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया पोस्ट में ईरान के दावे को गलत बताया है. पोस्ट में कहा गया कि ईरान ने अमेरिका के किसी F-16 लड़ाकू विमान पर कोई हमला नहीं किया. मिडिल-ईस्ट में मौजूद अमेरिका के सभी सैन्य लड़ाकू विमान सुरक्षित हैं और अपनी जगह पर हैं.

इसके अलावा, IRGC ने एक अगल दावा करते हुए कहा कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने होर्मुज स्ट्रेट के ऊपर अमेरिका के MQ-9 रीपर ड्रोन को रोका और उस पर हमला किया. IRGC के मुताबिक, अब तक उनके द्वारा नष्ट किए गए अमेरिकी ड्रोनों की संख्या 58 हो गई है.

IRGC ने कहा कि उसके एयरोस्पेस फोर्स ने एक नए एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल करके इस ड्रोन का पता लगाया, उसे ट्रैक किया और उस पर निशाना साधा. बयान के मुताबिक, यह ड्रोन तब निशाना बनाया गया, जब ईरानी सेना इस रणनीतिक जलमार्ग के ऊपर हवाई गतिविधियों पर नजर रख रही थी.

ये ताजा दावे तब सामने आए हैं, जब IRGC कमांडर मेजर जनरल अहमद वाहिदी ने IRGC एयरोस्पेस फोर्स द्वारा संचालित अंडरग्राउंड मिसाइल शहरों में से एक का दौरा किया.

यह भी पढ़ें | मिडिल-ईस्ट में फिर जंग! ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना, मिसाइल-ड्रोन से अटैक

यह भी पढ़ें | 'न युद्ध, न शांति' वाली स्थिति को खत्म करके होर्मुज खोलने को तैयार ईरान, कैसे होगा-ये भी बताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Iran, America, Middle East, Hormuz Strait, Iran Vs America
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com