ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच तेहरान ने वॉशिंगटन को खुली चेतावनी दी है. ईरान ने साफ लहजे में कहा है कि अगर अमेरिका बर्बादी से बचना चाहता है, तो उसके पास ईरान की शर्तें मानने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है. ईरान का दावा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर उसके नियंत्रण को स्वीकार करना ही अमेरिका के लिए सबसे 'किफायती सौदा' है, वरना युद्ध की सूरत में अमेरिकी अर्थव्यवस्था पूरी तरह तबाह हो जाएगी.
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के सलाहकार मोहसेन रेजाई ने अमेरिकी सरकार को यह कड़ा संदेश दिया है. ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी से बात करते हुए रेजाई ने साफ किया कि होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का नियंत्रण पूरी तरह कानूनी है और इसके पीछे पुख्ता सुरक्षा कारण हैं. उन्होंने अमेरिका को आगाह किया कि इस जमीनी हकीकत को मानना ही फिलहाल उसके लिए सबसे कम खर्चीला और सुरक्षित विकल्प है.
'फ्री ट्रेड रोकना मकसद नहीं, सुरक्षा है वजह'
मोहसेन रेजाई ने ईरान के रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि इस क्षेत्र पर कंट्रोल करने का मतलब अंतरराष्ट्रीय व्यापार को रोकना कतई नहीं है. ईरान का मकसद वैश्विक व्यापार को बाधित करना नहीं, बल्कि फारस की खाड़ी में पैदा होने वाली असुरक्षा और बाहरी सैन्य अभियानों को रोकना है. उनके मुताबिक, ईरान पिछले 50 सालों से चली आ रही असुरक्षा को खत्म करने के लिए और अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ही इस जलमार्ग का प्रबंधन अपने हाथों में रख रहा है.
ईरान न्यूक्लियर डील को लेकर बराक ओबामा ने क्या की थी बड़ी गलती, ट्रंप बोले- फिर नहीं दोहराऊंगा
परमाणु संधि (NPT) छोड़ने की बड़ी धमकी
इस बातचीत के दौरान ईरान ने सिर्फ आर्थिक तबाही का डर ही नहीं दिखाया, बल्कि अमेरिका और अपने विरोधी देशों को एक बड़ी परमाणु धमकी भी दे डाली. मोहसेन रेजाई ने कहा कि अगर ईरान को किसी भी तरह से डराने, धमकाने या दबाने की कोशिश की गई, तो वह परमाणु हथियारों के अप्रसार की वैश्विक संधि यानी NPT (Nuclear Non-Proliferation Treaty) से तुरंत बाहर निकल सकता है.
रेजाई ने अमेरिका को आखिरी चेतावनी देते हुए कहा, "अगर आप स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर हमला करने और फारस की खाड़ी में जबरन घुसने का फैसला करते हैं, तो सबसे पहले आपको ईरान की तरफ से बेहद दर्दनाक जवाब का सामना करना पड़ेगा. और बात सिर्फ इतनी ही नहीं है, इसके बाद हम खुद को एनपीटी (NPT) से भी अलग कर लेंगे."
यह भी पढ़ें: Iran US Deal: होर्मुज खोलने के प्लान पर फिरा पानी? अमेरिका-ईरान के बीच कहां बिगड़ रही बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं