- अमेरिका के राष्ट्रपति ने ईरान पर हुए हमले को अब तक का सबसे बड़ा और कठिन ऑपरेशन बताया है
- ट्रंप ने ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई को हत्यारा करार देते हुए उनकी मौत पर हुए जश्न का उल्लेख किया
- अमेरिका ने ईरान के सौ से अधिक ठिकानों पर हमला किया और तीन अमेरिकी सैनिक इस दौरान मारे गए
अमेरिका के राष्ट्रपति आज अचानक एक्स पर अवतरित हुए. अपने भाषण में उन्होंने साफ-साफ कहा कि अमेरिका अपने दुश्मन को कभी नहीं छोड़ता. अमेरिका सुपरपावर है. अगर कोई अमेरिकी लोगों के लिए खतरा बनेगा तो अमेरिका उसे छोड़ेगा नहीं. ट्रंप ने ये भी दावा किया कि ईरान की लीडरशिप सरेंडर करना चाहती है. उन्होंने ईरान के लोगों से अपील की है कि अब मौका उनके हाथ में है. वो ईरान को अपने कब्जे में कर लें.
— Donald J. Trump (@realDonaldTrump) March 2, 2026
ऐसा लगता है कि ट्रंप ने ये भाषण ईरान की जनता को विद्रोह के लिए भड़काने और अन्य देशों को ईरान का समर्थन नहीं करने के लिए दिया है.वीडियो की शुरूआत में ही ट्रंप ने बताया कि ईरान पर हुआ हमला अब तक का सबसे मुश्किल और बड़ा ऑपरेशन है. दुनिया में किसी ने भी ऐसा ऑपरेशन आज तक नहीं देखा. हमने 100 से अधिक ईरान के ठिकानों पर हमला किया. ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई को मार गिराया. ट्रंप ने खामेनेई को हत्यारा भी बताया. साथ ही ईरान में उनकी मौत पर हुए जश्न का जिक्र भी किया.
तीन सैनिक मारे गए
ट्रंप ने कहा कि अभी हमले जारी हैं और जब तक सारे लक्ष्य हासिल नहीं हो जाते ईरान पर हमले जारी रहेंगे. अभी तक अमेरिका के तीन सैनिक मारे गए हैं. उनके प्रति ट्रंप ने संवेदना जाहिर की. हमारे सैनिक किसी भी अन्य देश के सैनिक से ज्यादा बहादुर हैं और वो हर बार इस बात का सुबूत देते हैं. ईरान का परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल कार्यक्रम अमेरिका के लिए खतरा था. हम इस खतरे के साथ नहीं रह सकते थे.
ईरानी जनता से अपील
अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान की लीडरशिप समाप्त हो चुकी है, और जो बचे हैं, वो सरेंडर करना चाहते हैं. ईरान की लीडरशिप दुनिया में आतंकवाद फैलाने में शामिल थी और अमेरिका ऐसे लोगों के हाथ में परमाणु हथियार नहीं जाने दे सकता था. अमेरिका सुपरपावर है और अपने लोगों की रक्षा के लिए हर कदम उठाएगा. आगे ट्रंप ने ईरान की जनता से अपील की कि आप मजबूत बनें और सड़कों पर उतरें. अमेरिका आपके साथ है. मैंने अपना वादा पूरा किया. अब आपको अपने देश को वापस लेना है. अब सबकुछ आपके हाथ में है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं