अमेरिका के साथ जंग के बीच ईरान में अब अंदरूनी कलह पैर पसारने लगी है. देश के दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान के भीतर टेंशन इस कदर बढ़ गई है कि वहां तख्तापलट की आशंकाएं जताई जाने लगी हैं. अमेरिका के साथ हुए युद्धविराम को लेकर देश के कट्टरपंथी धड़े इस कदर आगबबूला हैं कि उन्होंने राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और शीर्ष राजनयिकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. यहां तक कि एक धार्मिक सभा में राष्ट्रपति को सरेआम 'गला काटने' तक की धमकी दे दी गई है.
राष्ट्रपति को कहा 'गद्दार'
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले दिनों तेहरान में जब सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के जनाजे का जुलूस निकाला जा रहा था, तो वहां का माहौल गमगीन होने के बजाय हिंसक और राजनीतिक आक्रोश से भर गया.

ईरान में सत्ता में बैठे लोगों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं.
काले कपड़ों में पहुंचे हजारों प्रदर्शनकारियों और कट्टरपंथियों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के साथ देश के मौजूदा राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान को सीधे निशाना बनाया. भीड़ ने राष्ट्रपति के सामने ही 'समझौता करने वालों को मौत' के नारे लगाए.
कट्टरपंथियों को तख्तापलट का शक
इस पूरे विवाद की जड़ में एक थ्योरी काम कर रही है, जो ईरान के कट्टरपंथी गुटों में तेजी से फैल रही है. दरअसल, अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता चुना गया है. लेकिन मोजतबा पिछले काफी समय से पूरी तरह से सार्वजनिक जीवन से गायब हैं.
मोजतबा न तो देश को संबोधित कर रहे हैं और न ही कहीं दिखाई दे रहे हैं. कुछ लोगों का मानना है कि उन्हें अपनी जान का खतरा है, जबकि कुछ का कहना है कि वह शारीरिक रूप से अक्षम हैं.
मोजतबा खामेनेई की इस रहस्यमयी गैर-मौजूदगी के बीच कट्टरपंथियों का आरोप है कि ईरान के वर्तमान में दुनिया के सामने नजर आ रहे नेता जैसे राष्ट्रपति पेजेश्कियान, मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाघेर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची देश में एक गुपचुप तख्तापलट के काम पर लगे हैं.
कट्टरपंथी सांसद महमूद नबावियान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर खुलकर चेतावनी देते हुए लिखा, "ईरान के लोगों के लिए चेतावनी है. क्या देश में तख्तापलट होने वाला है? विदाई के इन पलों में हम अपने शहीद इमाम के खून का बदला लेने का परचम उठाएंगे और इस तख्तापलट के खिलाफ मजबूती से खड़े होंगे."

दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के जनाजे में राष्ट्रपति पजेशकियान, विदेश मंत्री अराघची और संसद स्पीकर गालिबाफ के खिलाफ नारे लगाए गए.
'हमारे हाथ में ब्लेड होगी और तुम्हारा गला होगा'
ईरान के भीतर यह आंतरिक संघर्ष इस कदर हिंसक हो चुका है कि राष्ट्रपति को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं.
शासन के करीबी और एक धार्मिक नेता मोहम्मद अली बख्शी ने एक समारोह के दौरान राष्ट्रपति पेजेश्कियान को सीधे शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “मिस्टर प्रेसिडेंट, अगर सर्वोच्च नेता की शर्तें पूरी नहीं हुईं, तो याद रखना कि हमारे हाथ में ब्लेड होगी और तुम्हारा गला होगा. हम तुम्हारी जिंदगी नरक बना देंगे."
नबावियान पर आरोप था कि उन्होंने अमेरिका के साथ हो रही गुप्त वार्ता के दस्तावेजों को मीडिया में लीक करके समझौते को तोड़ने की कोशिश की थी.
'जेभ-ए-पायदारी' से जुड़े ये कट्टरपंथी खुद को 1979 की इस्लामी क्रांति का असली पहरेदार मानते हैं और किसी भी कीमत पर अमेरिका से हाथ मिलाने के खिलाफ हैं. फिलहाल, ईरान में सत्ता की यह जंग बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच चुकी है.
यह भी पढ़ें: जॉर्डन में US सैनिकों की मौत के बाद गुस्से से लाल ट्रंप, दुनिया भर में नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं